ठेकुआ का नाम सुनते ही आपके दिमाग में छठ पूजा की छवि बनकर आ गई होगी. यूपी-बिहार और झारखंड के कई लोग इस पर्व की तैयारी भी कर रहे होंगे. हर कोई इस दौरान ठेकुआ की डिमांड करता है. लेकिन अगर आपको छठ पूजा का प्रसाद नहीं मिल पा रहा है या आप ऐसी जगह रहते हैं, जहां ये त्यौहार नहीं मनाया जाता है, तो परेशान न हों. आप घर पर बहुत ही सिंपल तरीके से ठेकुआ बना सकते हैं. आज हम आपको मार्केट जैसा नहीं, बल्कि पारंपरिक स्वाद वाला खस्ता और कुरकुरा ठेकुआ बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं. इस रेसिपी को Cook With Parul नाम के यूट्यूब चैनल पर शेयर की गई है. यहां जानते हैं क्रिस्पी ठेकुआ की रेसिपी क्या है?
वीडियो में देखें रेसिपी...
छठ पूजा का है महाप्रासाद
ठेकुआ को छठ पूजा का महाप्रसाद माना गया है. इसकी रेसिपी में शुद्ध चीजों का इस्तेमाल होता है. इसमें न मैदा, न बेकिंग सोडा और न ही बेकिंग पाउडर का इस्तेमाल होता है. इसमें गुड़, गेहूं, नारियल और घरेलू चीजों से तैयार किया जाता है. इसलिए ठेकुआ की रेसिपी को बहुत ही खास माना जाता है.
ठेकुआ कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
गेहूं का आटा - 2 कप
बारीक सूजी - 1 चौथाई कप
घी - 1 चौथाई कप
गुड़ - तीन चौथाई कप कद्दूकस किया हुआ
गुनगुना पानी - आधा कप
सूखा नारियल - 1 चौथाई कप कद्दूकस किया
सौंफ - 1 छोटा चम्मच
इलायची पाउडर - आधा छोटा चम्मच
तलने के लिए तेल या घी
विधि
- एक बड़े बाउल में गेहूं का आटा, सूजी, सूखा नारियल, सौंफ और इलायची पाउडर डालें. अब इसमें घी मिलाकर हाथों से अच्छी तरह मसलें.
- सही मोयन की पहचान यह है कि मुट्ठी में आटा दबाने पर उसका आकार बन जाए. यही ट्रिक ठेकुआ को लंबे समय तक खस्ता बनाए रखती है.
- अब एक बर्तन में कद्दूकस किया हुआ गुड़ और गुनगुना पानी डालकर अच्छी तरह घोल लें. गुड़ पूरी तरह पिघल जाए तो इसे छान लें.
- अगर आप चाहें, तो सिर्फ चीनी से भी ठेकुआ बना सकते हैं, लेकिन पारंपरिक स्वाद के लिए गुड़ का इस्तेमाल बेहतर माना जाता है.
- अब गुड़ का घोल थोड़ा-थोड़ा करके आटे में मिलाएं. साथ में 4 से 5 बड़े चम्मच चीनी डाल सकते हैं, जिससे ठेकुआ का रंग और टेक्सचर कुकीज जैसा खूबसूरत बनता है.
- आटा हमेशा सख्त गूंधें. नरम आटा ठेकुआ को जल्दी मुलायम कर देता है और तलते समय ज्यादा तेल भी सोखता है.
- इसके बाद आटे की मीडियम आकार की लोई लें और हल्का दबाकर पत्ती जैसी शेप दें.
- अब चाकू, टूथपिक या कांटे की मदद से ऊपर डिजाइन बना लें. इससे ठेकुआ देखने में सुंदर भी लगता है और पारंपरिक लुक भी मिलता है.
- अगर आपके पास छलनी है तो लोई को हल्का दबाकर उस पर भी खूबसूरत डिजाइन बनाई जा सकती है.
- कढ़ाई में तेल गर्म करें. ध्यान रखें कि तेल बहुत ज्यादा गर्म न हो.
- एक छोटा आटे का टुकड़ा डालकर चेक करें. अगर वह धीरे-धीरे ऊपर आता है, तो तेल का तापमान सही है.
- अब ठेकुआ डालकर धीमी आंच पर तलें. लो फ्लेम पर पकाने से ठेकुआ अंदर तक अच्छी तरह सिकता है और लंबे समय तक कुरकुरा रहता है.
- दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें और फिर जालीदार प्लेट या रैक पर निकाल लें.
ये भी पढ़ें- न चाशनी, न मावा! सिर्फ 5 मिनट में तैयार होगा नारियल का लड्डू, स्वाद ऐसा कि बार-बार मांगेंगे बच्चे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं