Silver purity check at home: त्योहारी सीजन या निवेश के लिए चांदी के सिक्के खरीदते समय अक्सर मिलावट का डर सताता है. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि घर बैठे बिना किसी लैब टेस्ट के सरिफ बर्फ, चुंबक और आवाज के जरिए असली चांदी के सिक्कों की पहचान कर सकते हैं? दरअसल, वर्तमान में चांदी पर हॉलमार्किंग पूरी तरह अनिवार्य नहीं है, इसलिए मिलावटखोर इसका फायदा उठाकर तांबा, कैडमियम, निकेल, एल्यूमीनियम और जस्ता जैसी सस्ती धातुओं की मिलावट कर देते हैं.
बाजार में चांदी के सिक्के और आभूषण खरीदते समय अक्सर शुद्धता को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रहती है. हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार, वैज्ञानिक रूप से चांदी की कुछ अनूठी भौतिक विशेषताएं होती हैं जैसे अत्यधिक ऊष्मा चालकता और गैर चुंबकीय होना. इन खासियतों के आधार पर आप घर बैठे बेहद आसानी से यह पता लगा सकते हैं कि आपके पास मौजूद चांदी का सिक्का असली है या नकली. जानिए इंडियन एसोसिएशन ऑफ हॉलमार्किंग के विशेषज्ञों की सलाह और चांदी की शुद्धता परखने के 5 आसान घरेलू तरीके.
बर्फ का टुकड़ा परीक्षण
- विधि: सिक्के के ऊपर बर्फ का एक छोटा टुकड़ा रखें.
- परिणाम: अगर सिक्का शुद्ध चांदी का है, तो बर्फ इतनी तेजी से पिघलेगी जैसे वह किसी गर्म तवे पर रखी हो. यदि बर्फ सामान्य गति से यानी जैसे साधारण तापमान पर पिघलती है, उसी तरह पिघल रही है, तो समझ लीजिए कि सिक्का मिलावटी या नकली है.
चुंबक परीक्षण
- तरीका: सिक्के के पास एक शक्तिशाली चुंबक जैसे नीयोडिमियम मैग्नेट लेकर आएं.
- रिजल्ट: अगर सिक्का चुंबक से चिपक जाता है, तो वह पूरी तरह नकली है और उसमें लोहा या निकल मिला है. अगर सिक्का चुंबक की ओर आकर्षित नहीं होता, तो उसके असली होने की संभावना काफी बढ़ जाती है.
ध्वनि परीक्षण
- विधि: चांदी के सिक्के को अपनी उंगली के ऊपर रखें और किसी दूसरी धातु की वस्तु से इसे हल्के से थपथपाएं.
- परिणाम: असली चांदी का सिक्का टकराने पर तीखी, ऊंची और गूंजने वाली आवाज पैदा करेगा, जो 12 सेकंड तक हवा में गूंजेगी. वहीं, नकली या मिलावटी सिक्का बजाने पर एक सपाट और भारी आवाज देगा.
हॉलमार्क की जांच
- विधि: आवर्धक लेंस की मदद से सिक्के की सतह या किनारों को बारीकी से देखें.
- रिजल्ट: अधिकांश प्रमाणित और शुद्ध चांदी के सिक्कों पर 999 यानी 99.9 प्रतिशत शुद्ध, 925 यानी स्टर्लिंग सिल्वर या 900 खुदा होता है. इसके साथ ही इस पर BIS हॉलमार्क का त्रिकोण निशान भी हो सकता है. अगर यह मार्किंग गायब या धुंधली है, तो सतर्क हो जाएं.
वजन और आकार का मिलान
तरीका: अगर आपके पास 10 या 20 ग्राम का सिक्का है, तो उसे किसी विश्वसनीय सुनार के डिजिटल वेट स्केल पर तौलें.
रिजल्ट: चांदी का घनत्व काफी अधिक होता है. अगर सिक्के का वजन उसके आकार के अनुपात में बहुत हल्का है या वजन पूरा करने के लिए उसे असामान्य रूप से मोटा बनाया गया है, तो वह मिलावटी हो सकता है.
यह भी पढ़ें- UP में घर बैठे होगी डिजिटल जनगणना, जानिए किस तारीख से शुरू हो रही है प्रक्रिया!
इंडियन एसोसिएशन ऑफ हॉलमार्किंग के पूर्व अध्यक्ष उदय गजानन शिंदे का कहना है कि चांदी की ज्वेलरी और सिक्कों पर हॉलमार्किंग अनिवार्य न होने के कारण मिलावटखोरी और गैरवाजिब मुनाफा कमाने वालों का बाजार गर्म रहता है. ऐसे में उन्होंने सलाह दी कि ग्राहकों को हमेशा ज्वेलर से हॉलमार्क वाले सिक्के ही खरीदने चाहिए. सोने की हॉलमार्किंग की तरह ही चांदी पर भी HUID नंबर से यह पता लगाया जा सकता है कि उसमें चांदी का प्रतिशत कितना है और सिक्का कहां और कब ढाला गया है.
यह भी पढ़ें- IPO में निवेश कैसे करें, पैसा लगाने से पहले जान लीजिए ये गोल्डन रूल्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं