- अमेरिकी चुनाव में आने लगे शुरुआती रुझान, जानिए कौन आगे और कौन पीछे
- ट्रंप के लिए अहम चुनाव, मतगणना के बीच बदल रही सियासी तस्वीर
- ट्रंप के कार्यकाल पर असर डालेंगे मिडटर्म चुनावों के नतीजे
अमेरिका में मध्यावधि चुनावों (US Midterm Elections 2026) की वोटिंग समाप्त होने के साथ ही शुरुआती रुझान सामने आने लगे हैं. इन चुनावों में प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों, सीनेट की 35 सीटों और 36 राज्यों के गवर्नर पदों पर मुकाबला हुआ है. चुनाव परिणाम न केवल यूएस कांग्रेस (अमेरिकी संसद) के दोनों सदनों पर नियंत्रण तय करेंगे, बल्कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के शेष हिस्से और उनके बिल संबंधी एजेंडे की दिशा भी निर्धारित करेंगे. इस बीच एग्जिट पोल और शुरुआती नतीजों ने अमेरिकी राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है. कई जगह भारी उलटफेर देखने को मिला है.अमेरिकी संसद के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में ट्रंप की विपक्षी पार्टी डेमोक्रेटिक पार्टी 218 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार किया और सीनेट पर भी कब्जा जमा लिया है.
कौन कहां से जीता; कौन हारा?
- मिशिगन में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल सैयद ने जीत दर्ज की. अब्दुल अमेरिकी सीनेट में पहुंचने वाले पहले मुस्लिम सांसद बन गए हैं.
- कंसास में डेमोक्रेटिक पार्टी ने 94 साल बाद सीनेट की सीट जीती है. डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एडम हैमिल्टन ने रिपब्लिकन उम्मीदवार और मौजूदा सीनेटर रोजर मार्शल को हरा दिया. यहां के मतदाताओं ने 1932 के बाद पहली बार अमेरिकी सीनेट के लिए किसी डेमोक्रेट उम्मीदवार को चुना है. पादरी एडम हैमिल्टन ने मौजूदा रिपब्लिकन सीनेटर रोजर मार्शल को हराया. 83 प्रतिशत मतों की गिनती तक हैमिल्टन को 53 प्रतिशत और मार्शल को 44 प्रतिशत वोट मिले.
- डेमोक्रेटिक पार्टी की डेब हालैंड ने इतिहास रचते हुए न्यू मैक्सिको के गवर्नर का चुनाव जीता. वह अमेरिका के किसी राज्य की गवर्नर बनने वाली पहली मूल अमेरिकी महिला बनीं.
- कैलिफोर्निया के 17वें संसदीय क्षेत्र से भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक सांसद रो खन्ना ने फिर जीत अपने नाम की है. यह रो खन्ना की लगातार छठी जीत है.
- वॉशिंगटन के 7वें संसदीय क्षेत्र से भारतीय मूल की डेमोक्रेटिक नेता प्रमिला जयपाल ने भी लगातार छठी जीत हासिल की है.
- मिनेसोटा से डेमोक्रेटिक पार्टी की इल्हान उमर ने पांचवीं बार अपना परचम लहराया.
- डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार क्रिस्टीना बोहानन ने आयोवा के पहले संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीता.
- भारतीय मूल की डेमोक्रेटिक उम्मीदवार पिया दांडिया ने अमेरिका के फ्लोरिडा से हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का चुनाव जीता.
- भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक नेता सुहास सुब्रमण्यम अमेरिका के वर्जीनिया राज्य के 10वें संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीता.
- भारतीय मूल के रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी को अमेरिका के ओहायो राज्य में गवर्नर चुनाव में हार गए.
- केंटकी के तीसरे कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेट पार्टी के उम्मीदवार मॉर्गन मैकगार्वी फिर से चुने गए हैं.
- वर्जीनिया से डेमोक्रेटिक पार्टी के मौजूदा उम्मीदवार मार्क वार्नर ने रिपब्लिकन पार्टी के बर्ट मिजुसावा को हराकर जीत दर्ज कर ली है.
- फ्लोरिडा में रिपब्लिकन एशले मूडी ने प्रोग्रेसिव उम्मीदवार एंजी निक्सन के खिलाफ विशेष चुनाव जीता.
- फ्लोरिडा के 19वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से रिपब्लिकन जिम श्वार्टज़ेल ने जीत अपने नाम की.
- फ्लोरिडा के 20वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेट डेबी वासरमैन शुल्त्स ने रिपब्लिकन ब्रेंट एंडरसन को हराया.
- फ्लोरिडा के 24वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में डेमोक्रेट ओलिवर गिलबर्ट ने अपना परचम लहराया.
- जॉर्जिया के सीनेटर जॉन ओसॉफ फिर से चुनाव लड़ने वाले इकलौते डेमोक्रेटिक सीनेटर थे, उन्हें फिर से चुन लिया गया है.
- जॉर्जिया के 5वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेट निकेमा विलियम्स ने फिर से चुनाव जीता.
- जॉर्जिया के 6वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में डेमोक्रेट लूसी मैकबाथ ने फिर से जीत हासिल की.
- जॉर्जिया के 13वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में डेमोक्रेट जैस्मिन क्लार्क ने जीत का स्वाद चखा.
- नॉर्थ कैरोलिना में पूर्व डेमोक्रेटिक गवर्नर रॉय कूपर ने रिपब्लिकन नेशनल कमिटी के पूर्व अध्यक्ष माइकल व्हैटली को हराते हुए सीनेट सीट जीत ली है.
- साउथ कैरोलिना में डेमोक्रेट उम्मीदवार एनी एंड्रयूज ने अमेरिकी सीनेट चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार डारलाइन ग्राहम को हराकर जीत दर्ज की.
- न्यू हैम्पशायर में डेमोक्रेटिक कांग्रेस सदस्य क्रिस पैपास ने जीत अपने नाम की.
- आयोवा में मतदाताओं ने डेमोक्रेट उम्मीदवार रॉब सैंड को अपना अगला गवर्नर चुना.
- न्यू मेक्सिको में टेरेसा लेगर फर्नांडीज की वापसी. डेमोक्रेट उम्मीदवार टेरेसा लेगर फर्नांडीज ने न्यू मेक्सिको के तीसरे कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीतकर अपनी सीट बरकरार रखी है.
- न्यूयॉर्क में रिपब्लिकन नेता क्लाउडिया टेनी ने न्यूयॉर्क के 24वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से दोबारा जीत हासिल करते हुए अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में अपनी सीट सुरक्षित रखी.
- टेक्सास में केन पैक्सटन को झटका. अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन को अपने सीनेट चुनाव अभियान के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सवालों का सामना करना पड़ा. चुनावी माहौल में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने माना कि उनमें सीनेटर पद के लिए जरूरी व्यक्तिगत चरित्र की कमी है.वहीं डेमोक्रेट जेम्स टालारिको ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की.
- मिशिगन में रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन मूलेनार ने मिशिगन के दूसरे कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीतकर अपनी सीट बरकरार रखी.
- इंडियाना में रिपब्लिकन नेता मार्लिन स्टुट्जमैन ने इंडियाना के तीसरे कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से फिर से चुनाव जीत लिया और प्रतिनिधि सभा में अपनी सीट बचाए रखी.
- कनेक्टिकट में डेमोक्रेट उम्मीदवार ल्यूक ब्रोनिन ने कनेक्टिकट के पहले कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीत लिया.
ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 38 प्रतिशत
CBS न्यूज के एग्जिट पोल के मुताबिक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 38 प्रतिशत दर्ज की गई है. मिडटर्म चुनाव के दौरान किसी मौजूदा राष्ट्रपति के लिए यह सबसे कम अप्रूवल रेटिंग में से एक मानी जा रही है. एग्जिट पोल के अनुसार लगभग तीन-चौथाई मतदाता देश की वर्तमान दिशा को लेकर असंतुष्ट हैं. साथ ही दो साल पहले की तुलना में अर्थव्यवस्था को लेकर नकारात्मक सोच रखने वालों की संख्या भी बढ़ी है.
10 में से 6 वोटर ट्रंप के कामकाज से असंतुष्ट : सर्वे
CNN के वोटर पोल के शुरुआती आंकड़ों में पता चला है कि 10 में से 6 मतदाता राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कामकाज को लेकर असंतुष्ट हैं. बढ़ती महंगाई, आर्थिक चुनौतियां और राजनीतिक ध्रुवीकरण मतदाताओं के प्रमुख मुद्दे बनकर उभरे हैं. वोटर पोल में यह भी सामने आया कि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप का समर्थन करने वाले लगभग पांचवें हिस्से के मतदाता अब उनके प्रदर्शन से असंतुष्ट हैं. सर्वे के अनुसार लगभग तीन-चौथाई मतदाताओं ने कहा कि वे देश की वर्तमान स्थिति से खुश नहीं हैं या उन्हें लगता है कि हालात खराब हुए हैं. लगभग 40 प्रतिशत मतदाताओं ने खुद को नाराज बताया.
लगभग 90 प्रतिशत मतदाताओं ने ईंधन की कीमतों को लेकर चिंता जताई, जबकि लगभग इतने ही लोगों ने खाद्य सामग्री, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी खर्चों पर भी चिंता व्यक्त की.
ईरान नीति पर भी मतदाताओं की नाराजगी
एग्जिट पोल के अनुसार अधिकांश अमेरिकी मतदाताओं का मानना है कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का फैसला सही नहीं था. यह मुद्दा चुनाव अभियान के दौरान भी चर्चा का केंद्र रहा और कई विश्लेषक इसे ट्रंप प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण विषय मान रहे हैं.
ट्रंप बोले- मेरे पास वीटो की ताकत है
वोटिंग खत्म होने से पहले CBS न्यूज को दिए एक टेलीफोनिक इंटरव्यू में ट्रंप ने संभावित डेमोक्रेटिक बहुमत वाले कांग्रेस की संभावना पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'मेरे पास अंतिम शक्ति है, जिसे वीटो कहते हैं.' ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर डेमोक्रेट्स को बढ़त मिलती है तो अंततः उन्हें समझौते की मेज पर आना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि कुछ समय बाद दोनों पक्षों को मिलकर काम करना पड़ता है.
यह भी पढ़ें : US Midterm Poll: अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के लिए वोटिंग शुरू... ट्रंप की ताकत बढ़ेगी या घटेगी? जानें सबकुछ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं