Noida Akshardham Link Road Traffic Update: नोएडा से दिल्ली और अक्षरधाम आने जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. दरअसल, नोएडा-अक्षरधाम यूपी लिंक रोड पर डीएनडी इंटरसेक्शन (DND Intersection) पर लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास योजना तैयार की है. इसके तहत दिवाली के बाद इस इंटरसेक्शन को पूरी तरह बंद कर ट्रैफिक को यूटर्न के जरिए संचालित किया जाएगा. इस बदलाव को लागू करने से पहले सुरक्षा और आसानी को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से ट्रायल शुरू कर दिया गया है. इसके अलावा, दिल्ली के आईटीओ स्थित फ्लाईओवर के खाली पड़े नीचे के हिस्से को एक शानदार कैफे और अत्याधुनिक पीडब्ल्यूडी सीसीटीवी कंट्रोल रूम के रूप में विकसित किया जाएगा.
दो चरणों में चल रहा है यूटर्न का ट्रायल
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस नई व्यवस्था को दो चरणों में टेस्ट किया जाएगा. पहले चरण के तहत मयूर विहार स्थित स्टार सिटी मॉल के पास बनाए गए यूटर्न पर वाहनों के मूवमेंट का ट्रायल किया जा रहा है. यहां वाहनों की स्पीड, ट्रैफिक वॉल्यूम और पीक आवर्स के दबाव का आकलन किया जा रहा है, ताकि चालकों को कोई असुविधा न हो. अगले सप्ताह से डीएनडी इंटरसेक्शन के पास पहले से मौजूद पुराने यूटर्न पर ट्रायल शुरू किया जाएगा. इस यूटर्न को और अधिक व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि भारी संख्या में वाहन बिना रुके आसानी से मुड़ सकें. उन्होंने बताया कि ट्रायल सफल रहने पर दिवाली तक दोनों यूटर्न पर ट्रैफिक की लगातार निगरानी की जाएगी और इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर डीएनडी इंटरसेक्शन को बंद कर दिया जाएगा.
इस रूट से गुजरेंगे वाहन
डीएनडी इंटरसेक्शन बंद होने के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए नया ट्रैफिक रूट तय किया गया है. इसके तहत नोएडा और डीएनडी से आने वाले वाहन वाहन नोएडा या डीएनडी से उतरकर गाजीपुर रोड, न्यू अशोक नगर, चिल्ला गांव, त्रिलोकपुरी या वसुंधरा एंक्लेव की तरफ जाना चाहते हैं, उन्हें स्टार सिटी मॉल के पास बने यूटर्न से मुड़ना होगा. वहीं, न्यू अशोक नगर और त्रिलोकपुरी से आने वाले और डीएनडी या अक्षरधाम की ओर जाने वालों को डीएनडी इंटरसेक्शन के पास स्थित पुराने यूटर्न का इस्तेमाल करना होगा.
आईटीओ फ्लाईओवर के नीचे बनेगा नया पीडब्ल्यूडी दफ्तर और कैफे
यातायात प्रबंधन और सौंदर्यीकरण के दूसरे बड़े कदम के तहत दिल्ली के आईटीओ स्थित आईपी स्टेट थाने के पास बने फ्लाईओवर के नीचे की खाली और गंदी पड़ी जगह को पूरी तरह बदला जा रहा है. लोक निर्माण विभाग (PWD) इसके लिए एक बेहतरीन कार्ययोजना पर काम कर रहा है. इसके तहत इस फ्लाईओवर के नीचे पीडब्ल्यूडी का नया दफ्तर बनाया जा रहा है, जिसमें एक समय में लगभग 40 कर्मचारी बैठ सकेंगे. यहां से पूरे दिल्ली में लगे दो लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी की जाएगी. इसके अलावा, इस जगह को सुंदर बनाने के लिए एक आधुनिक कैफे खोला जाएगा और कियोस्क बनाए जाएंगे जहां चाय, कॉफी और स्नैक्स उपलब्ध होंगे. इसके आस पास 100 से ज्यादा लोगों के बैठने की क्षमता विकसित की जाएगी और चारों तरफ हरियाली बढ़ाई जाएगी.
यह भी पढ़ेंः जयपुर से माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, दिल्ली और जम्मू तवी समेत होंगे 8 स्टेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं