- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक एक्वा लाइन मेट्रो विस्तार को मंजूरी दी है
- मेट्रो विस्तार की कुल लंबाई 8.449 किलोमीटर होगी और इसमें पांच एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे
- इस परियोजना की अनुमानित लागत 2,390 करोड़ रुपये है और इसे चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है. इनमें नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का विस्तार भी शामिल है. इस मेट्रो विस्तार के बाद नोएडा में कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी. यह विस्तार नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक होगा. ये पूरा प्रोजेक्ट क्या ह? आइए समझते हैं.
कहां से कहां तक होगा मेट्रो विस्तार?
कैबिनेट ने नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 तक एक्वा लाइन मेट्रो विस्तार परियोजना को मंजूरी दे दी है. इसकी कुल लंबाई 8.449 किलोमीटर होगी. इस प्रोजेक्ट में कुल 5 एलिवेटेड स्टेशन बनेंगे. प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 2,390 करोड़ रुपये है. वहीं यह परियोजना 4 साल में पूरी करने का लक्ष्य है.
कहां-कहां बनेंगे मेट्रो स्टेशन?
नोएडा सेक्टर 61
नोएडा सेक्टर 70
नोएडा सेक्टर 122
नोएडा सेक्टर 123
ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4
यह कॉरिडोर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को नोएडा सेक्टर-61 में इंटरचेंज के जरिए दिल्ली मेट्रो ब्लू लाइन से जोड़ेगा. परियोजना पूरी होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एक्टिव मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई 71.878 किलोमीटर हो जाएगी.

तेजी से बढ़ते शहरों को मिलेगा फायदा
आंकड़ों के अनुसार, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की आबादी 2011 के 7.39 लाख से बढ़कर 2021 में लगभग 24.7 लाख तक पहुंच चुकी है. ऐसे में नई मेट्रो लाइन से गौर सिटी, ब्लू सैफायर मॉल, H&S मॉल जैसे वाणिज्यिक केंद्र जुड़ेंगे
टेक महिंद्रा, TCL टेक्नोलॉजीज सहित प्रमुख आईटी और कॉर्पोरेट हब को कनेक्टिविटी मिलेगी. दिल्ली पब्लिक स्कूल समेत अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच आसान होगी. इसके अलावा कैलाश अस्पताल, क्लाउड9 और रामा अस्पताल जैसे अस्पतालों तक भी आसानी से पहुंचा जा सकेगा. गौर सिटी और ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन जैसे इलाकों को सीधे तौर पर फायदा होगा.
ट्रैफिक और प्रदूषण में कमी की उम्मीद
इस मेट्रो विस्तार से ट्रैफिक कम होगा. ऐसे में एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने में लोगों का समय बचेगा. पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल ज्यादा होगा. इससे प्रदूषण में भी कमी आएगी.
यह भी पढ़ें | बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा तक सीधी मेट्रो, सेक्टर-44, 94, 105 होते हुए बोड़ाकी तक दौड़ेगी, देखें पूरा रूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं