विज्ञापन

15 जुलाई तक लॉन्च होगी IRCTC की नई वेबसाइट, ट्रेन टिकट बुकिंग होगी सुपरफास्ट, जानें नए पोर्टल में क्या-क्या होगा खास

भारतीय रेलवे अगले महीने यात्रियों को नया और बेहतर टिकट बुकिंग अनुभव देने जा रहा है. रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि 15 जुलाई तक नई IRCTC वेबसाइट लॉन्च कर दी जाएगी. इसका मकसद टिकट बुकिंग को पहले से ज्यादा तेज, आसान और सुविधाजनक बनाना है.

15 जुलाई तक लॉन्च होगी IRCTC की नई वेबसाइट, ट्रेन टिकट बुकिंग होगी सुपरफास्ट, जानें नए पोर्टल में क्या-क्या होगा खास
15 जुलाई को लॉन्च होगी नई IRCTC वेबसाइट
(P.C- NDTV)

बीते दिन यानी गुरुवार को रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऐलान किया कि 15 जुलाई को भारतीय रेलवे की नई IRCTC वेबसाइट लॉन्च की जाएगी. अश्विनी वैष्णव जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे. यहां एक छात्रा ने उन्हें IRCTC वेबसाइट में आने वाली दिक्कतों के बारे में बताया. छात्रा की बात सुनकर उन्होंने तुरंत एक अधिकारी को फोन लगा दिया और कहा कि छात्रों की मांग है IRCTC की नई वेबसाइट बननी चाहिए. बातचीत के बाद  रेलवे मंत्री ने बताया नई IRCTC वेबसाइट 15 जुलाई तक शुरू कर दी जाएगी. इससे करोड़ों रेल यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान पहले से बेहतर अनुभव मिलेगा. आइए जानते हैं नई IRCTC वेबसाइट में आमजन को क्या-क्या सुविधाएं मिल सकती हैं- 

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि नई IRCTC वेबसाइट आधुनिक तकनीक से लैस होगी. इसमें तेज स्पीड, बेहतर फीचर्स और आसान इस्तेमाल पर खास ध्यान दिया गया है, ताकि यात्रियों को टिकट बुक करते समय किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

टिकट बुकिंग होगी पहले से ज्यादा तेज

भारतीय रेलवे अपने पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को भी अपग्रेड कर रहा है. यह सिस्टम करीब 40 साल पुराना है. नया PRS सिस्टम अगस्त से लागू होने की उम्मीद है. रेलवे का कहना है कि इससे टिकट बुकिंग की पूरी प्रक्रिया पहले से कहीं ज्यादा तेज हो जाएगी.

अभी मौजूदा सिस्टम में एक मिनट में करीब 32 हजार टिकट बुक किए जा सकते हैं. नए सिस्टम के आने के बाद यह क्षमता बढ़कर 1.5 लाख टिकट प्रति मिनट से ज्यादा हो जाएगी. यानी टिकट बुकिंग की क्षमता लगभग पांच गुना बढ़ जाएगी.

ट्रेन की जानकारी भी मिलेगी तुरंत

वहीं, टिकट से जुड़ी जानकारी और पूछताछ की क्षमता भी 4 लाख से बढ़कर 40 लाख से ज्यादा प्रति मिनट होने की उम्मीद है. अभी एक मिनट में करीब 4 लाख लोगों की पूछताछ संभाली जाती है, नए सिस्टम में यह संख्या 40 लाख से ज्यादा प्रति मिनट हो सकती है. इससे यात्रियों को ट्रेन की जानकारी जल्दी मिल सकेगी.

मिलेंगी कई नई सुविधाएं

नए PRS सिस्टम में यात्रियों को अपनी पसंद की सीट चुनने का ऑप्शन मिल सकता है. इसके अलावा फेयर कैलेंडर की सुविधा भी दी जाएगी. इसकी मदद से यात्री अलग-अलग तारीखों का किराया देखकर अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे.

रेलवे ने यह भी बताया है कि दिव्यांगजन, छात्रों और मरीजों के लिए मिलने वाली सुविधाओं को भी इस प्लेटफॉर्म में जोड़ा जा सकता है. साथ ही वेबसाइट का इंटरफेस कई भाषाओं में उपलब्ध होगा और इसे इस्तेमाल करना भी आसान होगा.

RailOne ऐप से मिलेगी AI की मदद

भारतीय रेलवे पहले ही RailOne नाम का ऐप लॉन्च कर चुका है. यह ऐप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अनुमान बताता है कि वेटिंग टिकट के कन्फर्म होने की कितनी संभावना है. इससे यात्रियों को टिकट बुकिंग के समय सही फैसला लेने में मदद मिलती है.

यानी नई IRCTC वेबसाइट लॉन्च होने के बाद यात्रियों के लिए रेल यात्रा का अनुभव पहले से और ज्यादा सुविधाजनक और आसान हो सकता है. 

यह भी पढ़ें- 100 ई बसें, सस्ता किराया, CM योगी आज करेंगे शुभारंभ, नोएडा, ग्रेनो और नोएडा एयरपोर्ट के इन रूट पर चलेंगी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Utility News, Indian Railways
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com