Mumbai to Bengaluru Vande Bharat Sleeper 2026: महाराष्ट्र और कर्नाटक के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. दरअसल, मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनल (CSMT) से बेंगलुरु के एसएमवी (SMV) टर्मिनल के बीच देश की तीसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की नियमित सेवा अगले 2 नवंबर 2026 से शुरू होने जा रही है. 16 कोच वाली यह आधुनिक सेमी हाई स्पीड ओवरनाइट ट्रेन महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक-इन तीन राज्यों को आपस में जोड़ेगी. यह महाराष्ट्र और कर्नाटक से शुरू होने और समाप्त होने वाली पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन है, जो महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक-तीन राज्यों से होकर गुजरेगी. मेक इन इंडिया पहल के तहत निर्मित यह ट्रेन रात में सफर करने वाले यात्रियों को एक तेज़ और आरामदायक विकल्प प्रदान करेगी. कल्याण, पुणे, सोलापुर और कलबुर्गी के रास्ते चलने वाली इस नई स्लीपर वंदे भारत के समय, स्टॉपेज, सीट क्षमता, किराए और बुकिंग से जुड़ी पूरी जानकारी पढ़ें.
पश्चिम और दक्षिण भारत के दो सबसे बड़े व्यापारिक व तकनीकी हब-मुंबई और बेंगलुरु के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने एक शानदार सौगात दी है. देश में हावड़ा-कामाख्या और बनारस-दिल्ली स्लीपर वंदे भारत के बाद अब मुंबई बेंगलुरु के बीच तीसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस को ट्रैक पर उतारा जाएगा. एक नवंबर 2026 को बेंगलुरु के SMV टर्मिनल से इस प्रीमियम ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जिसके बाद 2 नवंबर से मुंबई से और 3 नवंबर से बेंगलुरु से इसकी नियमित सेवाएं शुरू हो जाएंगी.
ट्रेन का शेड्यूल और टाइमटेबल
- मुंबई-बेंगलुरु स्लीपर वंदे भारत ट्रेन दोनों दिशाओं से सप्ताह में 6 दिन संचालित की जाएगी.
ट्रेन नंबर 27651 मुंबई से बेंगलुरु
- रवाना: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से रात 8:10 बजे रवाना होगी.
- आगमन: अगले दिन दोपहर 12:00 बजे बेंगलुरु के SMVT पहुंचेगी.
- संचालन: मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन (नियमित सेवा 2 नवंबर 2026 से शुरू).
ट्रेन नंबर 27652 बेंगलुरु से मुंबई
रवाना: बेंगलुरु के SMV स्टेशन से शाम 7:45 बजे प्रस्थान करेगी.
आगमन: अगले दिन सुबह 11:55 बजे मुंबई CSMT पहुंचेगी.
संचालन: सोमवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन (नियमित सेवा 3 नवंबर 2026 से शुरू).
कहां-कहां रुकेगी ट्रेन?
यह स्लीपर वंदे भारत ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के निम्नलिखित प्रमुख वाणिज्यिक, औद्योगिक और क्षेत्रीय स्टेशनों पर ठहरेगी. कल्याण, पुणे, सोलापुर, कलबुर्गी, यादगीर, रायचूर, गुन्टकल और अनंतपुर इसके प्रमुख स्टॉपेज होंगे.
कोच संरचना
16 कोच वाली इस स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए तीन वातानुकूलित (AC) श्रेणियां दी गई हैं:
- कोच की कुल संख्या:16 डिब्बे
- 1st AC कोच: 1
- 2nd AC कोच: 4
- 3rd AC कोच: 11
टिकट बुकिंग की तारीख
ट्रेन संख्या 27651 की नियमित बुकिंग 1 नवंबर 2026 से शुरू होगी. यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट, कंप्यूटराइज्ड पैसेंजर रिजर्वेशन सेंटर्स (PRS) और आधिकारिक RailOne ऐप के माध्यम से आसानी से अपने टिकट बुक कर सकेंगे.
स्लीपर वंदे भारत की खास सुविधाएं
रात के लंबे सफर को आसान और आरामदायक बनाने के लिए इस ट्रेन में कई अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिसकी पूरी जानकारी नीचे दी गई है.
- झटके मुफ्त सफर के लिए बेहतर कुशनिंग वाले बर्थ, हर सीट पर मोबाइल या लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट और सामान रखने के लिए व्यवस्थित जगह.
- डिब्बों के बीच आवाजाही के लिए ऑटोमेटिक स्लाइडिंग दरवाजे और पूरी तरह बंद वेस्टिबुल.
- किसी भी आपात स्थिति में सीधे ट्रेन स्टाफ और लोको पायलट से संपर्क करने के लिए टॉक बैक सिस्टम और बटन.
- दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए शौचालय और व्हीलचेयर फ्रेंडली स्पेस.
यह भी पढ़ें- शताब्दी-राजधानी जैसी ट्रेनों का भी रेलवे पास बनेगा, सस्ते में होगा सफर, जानें किन लोगों को मिलेगा फायदा
1,118 किमी की दूरी 16 घंटे में करेगी तय
यह ओवरनाइट सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन एक दिशा में 1,118 किमी की दूरी तय करेगी. यह सप्ताह में छह दिन शाम लगभग 7:45 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर के आसपास मुंबई पहुंचेगी. फिलहाल, कोई भी ट्रेन बेंगलुरु और मुंबई को 20 घंटे से कम समय में नहीं पहुंचाती है. अब यह ट्रेन यह दूरी मात्र 16 घंटे में तय करेगी, जिससे यात्रियों को 4 घंटे की बचत होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं