- रेलवे ने उत्तर मध्य, उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे जोन में फॉग सेफ्टी डिवाइस सिग्नलिंग सिस्टम को अपग्रेड किया है.
- अपग्रेडेड फॉग सेफ्टी डिवाइस लोको पायलट को आगे आने वाले सिग्नल की एडवांस जानकारी देकर मदद करता है.
- फॉग सेफ्टी डिवाइस GPS आधारित है व ट्रैक के बिंदुओं की दूरी व स्थिति की जानकारी वॉयस अलर्ट से देता है.
Fog Safety Device: उत्तर भारत में सर्दियों के दौरान घने कोहरे की वजह से हर साल लाखों रेल यात्रियों को ट्रेनों की देरी और धीमी रफ्तार की परेशानी झेलनी पड़ती है. कम विजिबिलिटी में सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने और देरी को कम करने के लिए भारतीय रेलवे ने उत्तर मध्य, उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे जोन में फॉग सेफ्टी डिवाइस सिग्नलिंग सिस्टम को अपग्रेड किया है, जिससे लोको पायलट को आगे आने वाले सिग्नल की जानकारी समय से पहले ही मिल जाएगी.
उत्तर भारत में जैसे ही सर्दियां दस्तक देती हैं, घने कोहरे की चादर प्रमुख रेल रूट्स पर विजिबिलिटी को बेहद कम कर देती है. जब इंजन के बाहर घना कोहरा छाया होता है, तो लोको पायलट के लिए ट्रैक के किनारे लगे सिग्नल को दूर से देख पाना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों की रफ्तार कम करनी पड़ती है, जिसका सीधा असर ट्रेनों की टाइमिंग पर पड़ता है. दरअसल, पीक कोहरे के दिनों में सिर्फ ड्राइवर की नजरों पर निर्भर रहने से रेल परिचालन पर अतिरिक्त दबाव देखने को मिलता है. इसी चुनौती से निपटने के लिए भारतीय रेलवे ने तीन प्रमुख जोन उत्तर मध्य रेलवे (NCR), उत्तर रेलवे (NR) और पूर्वोत्तर रेलवे (NER) में अपने फॉग सेफ्टी डिवाइस (FSD) सिस्टम को अपग्रेड किया है.
अपग्रेडेड फॉग सेफ्टी डिवाइस ऐसे करेगा लोको पायलट की मदद
अपग्रेड किया गया फॉग सेफ्टी डिवाइस इंजन के अंदर ही लोको पायलट को आगे आने वाले सिग्नल की एडवांस जानकारी देता है. इससे ड्राइवर को कम विजिबिलिटी के बावजूद रास्ते की स्थिति का पहले से सटीक अंदाजा लग जाता है, जब सिग्नल की जानकारी पहले से मिल जाती है, तो लोको पायलट को अचानक ब्रेक लगाने या आखिरी पल में घबराने की जरूरत नहीं पड़ती. वे ट्रेन की गति को समय रहते संतुलित कर सकते हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा बनी रहती है और सफर भी बिना अनावश्यक रुकावट के आगे बढ़ता है. इस बारे में उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि यह सिस्टम लोको पायलट को अगले सिग्नल के बारे में पहले से जानकारी देता है, जिससे इंजन के बाहर विजिबिलिटी कम होने पर भी उन्हें समय पर सही फैसले लेने में मदद मिलती है.
फॉग सेफ्टी डिवाइस क्या है?
फॉग सेफ्टी डिवाइस (LogPASS) भारतीय रेलवे की ओर से इस्तेमाल किया जाने वाला एक पोर्टेबल और सैटेलाइट पर आधारित सहायता उपकरण है. सर्दियों के घने कोहरे या धुंध में, जब ट्रैक पर दिखाई देना बेहद कम हो जाता है, तब यह लोको पायलट को रास्ते में आने वाले सिग्नलों, समपार फाटकों, स्टेशनों और न्यूट्रल सेक्शन की सटीक दूरी व स्थिति के बारे में पहले से आगाह करता है.
ऐसे करता है काम
- उपकरण में लगा एंटीना GPS संकेतों को पकड़ता है और उसकी आंतरिक मेमोरी में उस रेलखंड के सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं जैसे सिग्नल, फाटक और स्टेशनों का नक्शा व डेटा पहले से सेव रहता है.
- ट्रेन आगे बढ़ते ही यह स्क्रीन पर आने वाले बिंदुओं की दूरी दिखाता है और किसी महत्वपूर्ण स्थल जैसे सिग्नल के करीब लगभग 500 मीटर पहले स्पष्ट वॉयस अलर्ट के जरिए लोको पायलट को आगाह करता है.
- लोको पायलट को अचानक फैसला न लेना पड़े, इसलिए यह डिवाइस रास्ते में पड़ने वाले अगले तीन निर्धारित स्थलों का विवरण एक के बाद एक ढंग से सामने रखता है.
- यह यंत्र यह नहीं बताता कि सिग्नल लाल है, पीला या हरा; सिग्नल का वास्तविक संकेत देखकर पहचानने और उसके अनुसार ट्रेन चलाने की जिम्मेदारी लोको पायलट की ही होती है.
प्रमुख लाभ और परिचालन नियम
- घने कोहरे में सिग्नल नजरअंदाज होने की आशंका घटती है, जिससे परिचालन अधिक सुरक्षित रहता है और गाड़ियों की आवाजाही बहुत अधिक धीमी नहीं पड़ती.
- अगर यह उपकरण सक्रिय और सही स्थिति में कार्य कर रहा हो, तो निर्धारित नियमों के अंतर्गत ट्रेन की अधिकतम गति 75 किमी प्रति घंटा तक रखी जा सकती है; वहीं डिवाइस उपलब्ध न होने या खराबी की स्थिति में गति सीमा 60 किमी प्रति घंटा या उससे नीचे सीमित कर दी जाती है.
- यह आकार में कॉम्पैक्ट होता है, जिसे लोको पायलट ड्यूटी के दौरान अपने साथ लोकोमोटिव कैब में ले जाते हैं, और इसमें लंबी शिफ्ट के लिए रिचार्जेबल बैटरी बैकअप की सुविधा मिलती है.
यह भी पढ़ें- अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम ट्रेन में 8 AC और 7 स्लीपर कोच, सीतामढ़ी-नरकटियागंज से गोरखपुर भी रूट में शामिल
यात्रियों को मिलेगी राहत, ट्रेनों की देरी होगी कम
सर्दियों के मौसम में उत्तर भारत के रूट्स पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह अपग्रेड बड़ी राहत लेकर आया है. जब लोको पायलट के पास सिग्नल का एडवांस अलर्ट होगा, तो सुरक्षा से समझौता किए बिना ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाना आसान होगा. इससे कोहरे के कारण होने वाली अनावश्यक देरी और ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति को काफी हद तक कम करने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें- रेलवे ने खत्म की टिकट बुकिंग की बंदिशें, अब एक साथ बुक कर सकते हैं सैकड़ों टिकट, जानिए क्या है नया नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं