विज्ञापन

ट्रेन में बिना ईयरफोन रील्स देखना या तेज आवाज में बात करना पड़ेगा भारी! 1000 रुपये जुर्माने के साथ हो सकती है 6 महीने की जेल

Indian Railways new rules 2026: ट्रेन और रेलवे स्टेशन परिसर में अब मोबाइल पर तेज आवाज में गाने सुनना, वीडियो देखना या जोर-जोर से बात करना आपको मुसीबत में डाल सकता है.  दरअसल, पूर्व रेलवे (Eastern Railway) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं. रेलवे अधिनियम की धारा 145 के तहत ऐसा करने पर 1,000 रुपये तक का जुर्माना या 6 महीने तक की जेल हो सकती है.

ट्रेन में बिना ईयरफोन रील्स देखना या तेज आवाज में बात करना पड़ेगा भारी! 1000 रुपये जुर्माने के साथ हो सकती है 6 महीने की जेल
अब ट्रेन और रेलवे स्टेशन परिसर में मोबाइल पर तेज आवाज में गाने सुनना, वीडियो देखने पर लगेगा जुर्माना.
NDTV
  • पूर्व रेलवे ने ट्रेनों और स्टेशनों में मोबाइल फोन के उपयोग पर सख्त नियम लागू करने का आदेश दिया है.
  • स्पीकर मोड में वीडियो चलाना, तेज आवाज में फोन पर बात करना यात्रियों की शांति भंग करने वाला अपराध माना जाएगा.
  • रेलवे सुरक्षा बल और टिकट चेकिंग स्टाफ को यात्रियों की शिकायतों पर कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है.
नई दिल्ली:

Eastern Railway mobile phone rule: सफर के दौरान अक्सर ऐसा होता है कि बगल वाली सीट पर बैठा कोई यात्री बिना ईयरफोन के ही तेज आवाज में रील्स देख रहा होता है या फिर जोर-जोर से फोन पर बात कर रहा होता है. इससे दूसरे यात्रियों की नींद और सुकून दोनों खराब होती हैं. लेकिन अब रेलवे ने इस समस्या से निपटने के लिए कमर कस ली है. पूर्व रेलवे ने साफ कर दिया है कि ट्रेन और स्टेशन परिसर में मोबाइल के जरिए शोर मचाना अब सीधा आपको हवालात की हवा खिला सकता है.

कोलकाता मुख्यालय वाले पूर्व रेलवे ने अपने सभी चार मंडलों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं. रेलवे बोर्ड की एक एडवाइजरी के आधार पर जारी इस आदेश में कहा गया है कि स्टेशनों और ट्रेनों के भीतर मोबाइल फोन का जिम्मेदारी से इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए. एक आधिकारिक बयान में पूर्व रेलवे के अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्पीकर मोड पर संगीत बजाना, वीडियो चलाना या फिर फोन पर लंबे समय तक तेज आवाज में बात करना न्यूसेंस की श्रेणी में आता है. ऐसा करने वाले यात्रियों के खिलाफ अब सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

1000 रुपये जुर्माना और 6 महीने की जेल का प्रावधान

अगर कोई यात्री सफर के दौरान दूसरों की शांति भंग करते हुए पाए जाते हैं, तो रेलवे सुरक्षा बल या टिकट चेकिंग स्टाफ ऐसे यात्री के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है. पूर्व रेलवे के मुताबिक, इस तरह की हरकतों पर रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 145 के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है. इस कानून के तहत दोषी पाए जाने पर यात्री को 1,000 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है. इसके अलावा, 6 महीने तक की जेल की सजा भी हो सकती है. या फिर जुर्माना और जेल दोनों सजाएं एक साथ दी जा सकती हैं.

यात्रियों को दी जा रही है ये हिदायत

भारतीय रेल में रोजाना करोड़ों लोग सफर करते हैं. रात के समय या लंबी दूरी की ट्रेनों में शोर शराबे को लेकर यात्रियों की तरफ से लगातार शिकायतें मिल रही थीं. खासतौर पर सोशल मीडिया रील्स और वीडियो कॉल के बढ़ते चलन ने सहयात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है. इसी को देखते हुए रेलवे ने अब जुर्माने और सजा के प्रावधानों को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है, ताकि हर यात्री बिना किसी मानसिक तनाव के अपना सफर पूरा कर सके.

यह भी पढेंः अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम ट्रेन में 8 AC और 7 स्लीपर कोच, सीतामढ़ी-नरकटियागंज से गोरखपुर भी रूट में शामिल

इसलिए, अगली बार जब आप ट्रेन में सफर करें, तो अपना ईयरफोन या हेडफोन साथ रखना न भूलें. आपकी एक छोटी सी सावधानी न सिर्फ दूसरों के सफर को सुखद बनाएगी, बल्कि आपको जेल और जुर्माने से भी बचाएगी.

यह भी पढेंः  रेलवे ने खत्म की टिकट बुकिंग की बंदिशें, अब एक साथ बुक कर सकते हैं सैकड़ों टिकट, जानिए क्या है नया नियम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Railways New Rules 2026, Eastern Railways, Loud Music Banned, Passenger Safety
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com