विज्ञापन

LPG Cylinder: कहीं आपको कम तो नहीं मिल रही गैस? सिलेंडर का कुल वजन कितना है ऐसे करें चेक

LPG सिलेंडर के मेटल कॉलर या गर्दन के पास उसका खाली वजन लिखा होता है. अगर खाली सिलेंडर का वजन 15.5 किलो लिखा है, तो उसमें 14.2 किलो गैस भरने के बाद उसका कुल वजन करीब 29.7 किलो होना चाहिए.

LPG Cylinder: कहीं आपको कम तो नहीं मिल रही गैस? सिलेंडर का कुल वजन कितना है ऐसे करें चेक
LPG Cylinder Weight:

घर में  जब LPG सिलेंडर आता है तो हम आमतौर पर सिर्फ OTP देकर  उसे रख लेते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सिलेंडर में पूरी 14.2 किलो गैस है या नहीं? इन दिनों  सिलेंडर को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि सिलेंडर पर लिखे 15.5 किलो वजन को पेंट करके 15 किलो किया जा रहा है.वीडियो में दावा किया गया है कि करीब 500 ग्राम गैस कम दी जा रही है. 

अगर आपको भी लगता है कि कहीं सिलेंडर में गैस कम तो नहीं दी जा रही, तो डिलीवरी लेते समय कुछ चीजें जरूर चेक करें. खासकर सिलेंडर पर लिखा वजन आपको देखना चाहिए,जिससे आपको यह समझना आसान हो जाएगा कि सिलेंडर में कितना गैस भरा है.

LPG सिलेंडर में कितनी गैस होती है?

देश में इस्तेमाल होने वाले सामान्य घरेलू LPG सिलेंडर में 14.2 किलो LPG होती है. यह गैस का नेट वजन है. इसके अलावा खाली सिलेंडर का भी अपना वजन होता है. इसी खाली सिलेंडर के वजन को Tare Weight कहा जाता है.

15 किलो या 15.5 किलो लिखा होने का क्या मतलब?

सिलेंडर पर लिखा 15 किलो या 15.5 किलो गैस का वजन नहीं होता. यह खाली सिलेंडर का वजन होता है. इसमें 14.2 किलो LPG भरने पर सिलेंडर का कुल वजन निकलता है.यानी अगर किसी सिलेंडर पर 15.5 किलो लिखा है, तो 14.2 किलो गैस के साथ उसका कुल वजन 29.7 किलो होना चाहिए. इसी तरह 15.6 किलो खाली सिलेंडर होने पर कुल वजन करीब 29.8 किलो होगा.अलग-अलग सिलेंडर का खाली वजन थोड़ा अलग हो सकता है.

LPG सिलेंडर लेते समय ऐसे चेक करें सही वजन

  • सिलेंडर की डिलीवरी लेते समय सबसे पहले उस पर लिखा वजन देखें. वजन आमतौर पर सिलेंडर के कॉलर या गर्दन के पास प्रिंट किया होता है.
  • इसके बाद इसमें 14.2 किलो जोड़कर ग्रॉस वेट यानी कुल वजन निकालें.  डिलीवरी के समय सिलेंडर का वजन इसी के आसपास होना चाहिए.
  • अगर सिलेंडर पर 15.5 किलो लिखा है, तो 15.5 + 14.2 यानी 29.7 किलो कुल वजन होना चाहिए.

वजन चेक करने के बाद ही लें सिलेंडर

अगर आपको सिलेंडर के वजन को लेकर शक है, तो डिलीवरी लेने से पहले उसका वजन दिखाने के लिए कह सकते हैं. आप सिलेंडर को तौलकर यह देख सकते हैं कि उसमें सही मात्रा में LPG है या नहीं.

इसके लिए डिलीवरी  बॉय द्वारा इस्तेमाल होने वाली मशीन ऑथराइज्ड होनी चाहिए. अगर डिलीवरी के समय वजन चेक करने की सुविधा नहीं दी जाती या वजन तय मात्रा से कम मिलता है, तो आप संबंधित गैस एजेंसी में शिकायत कर सकते हैं.

LPG सिलेंडर की सील भी जरूर चेक करें

सिलेंडर लेते समय सिर्फ वजन ही नहीं, उसकी सील भी जरूर देखें. सिलेंडर की सील टूटी हुई नहीं होनी चाहिए. अगर सील टूटी हुई है या उसके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ दिखाई देती है, तो सिलेंडर लेने से पहले डिलीवरी एजेंसी से इसकी जानकारी लें.

इसलिए अगली बार LPG सिलेंडर घर आए तो सिर्फ सिलेंडर देखकर उसे अंदर न रखें.उसपर लिखे वजन देखें, उसमें 14.2 किलो जोड़कर टोटल वेट पता करें, सिलेंडर का वजन चेक करें और सील जरूर देखें. ये छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखने से आपके साथ कोई स्कैम या फ्रॉड नहीं कर पाएगा.

ये भी पढ़ें- Bank Holiday Today: नाग पंचमी पर आज 17 अगस्त को बैंक खुले हैं या बंद? जानें इस हफ्ते कब-कब रहेगी छुट्टी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
LPG Cylinder Weight, Lpg Gas  news , Gas Cylinder Weight, LPG Cylinder Scam, Domestic LPG Cylinder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com