- फरक्का जिले में 70 साल पुराने पुल का इस्तेमाल अब बंद हो जाएगा.
- पश्चिम बंगाल में गंगा नदी पर बने 5.46 किलोमीटर लंबे 4-लेन पुल शुरू.
- पश्चिम बंगाल और उत्तर भारत के बीच आवाजाही पहले से आसान होगी.
पश्चिम बंगाल के फरक्का जिले में 70 साल पुराने पुल का इस्तेमाल अब बंद हो जाएगा. पश्चिम बंगाल में गंगा नदी पर बने 5.46 किलोमीटर लंबे 4-लेन नए पुल के शुरू होने से उत्तरी बंगाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर भारत के बीच आवाजाही पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगी. केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस पुल को जनता को समर्पित कर दिया है. करीब 622 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पुल राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (NH-34) के फरक्का-रायगंज सेक्शन पर तैयार किया गया है, जिसके साथ अप्रोच रोड भी बनाई गई है.
पुराने पुल की जर्जरता से मिली राहत
अब तक मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर बंगाल के बीच सफर के लिए लोग करीब 1960 में बने फरक्का बैराज का इस्तेमाल कर रहे थे. लगभग 2.3 किलोमीटर लंबे इस बैराज पर सड़क और रेल दोनों तरह की आवाजाही होती थी, लेकिन सड़क मार्ग काफी जर्जर हो चुका था और भारी वाहनों से हमेशा जोखिम बना रहता था.पहले मालदा से फरक्का के बीच आने-जाने में करीब 2 घंटे लगते थे, लेकिन नए पुल से यह सफर अब महज 30 मिनट में पूरा किया जा सकेगा.
यह पुल फरक्का-रायगंज के बीच चल रही 100 किलोमीटर लंबी हाईवे परियोजना का अहम हिस्सा है, जिसका काम मार्च 2024 में शुरू हुआ था। पुल की एक तरफ की चौड़ाई 12.5 मीटर और दोनों तरफ मिलाकर लगभग 25 मीटर है.
किसे मिलेगा फायदा
इस पुल के खुलने से रोजमर्रा के यात्रियों के साथ-साथ व्यापार और शिक्षा से जुड़े लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा. मालढुलाई आसान होने से उत्तर बंगाल में व्यापार बढ़ेगा. खासकर मालदा और मुर्शिदाबाद के आम और लीची को झारखंड, बिहार और उत्तर भारत के अन्य राज्यों तक पहुंचाना अब ज्यादा सुविधाजनक होगा। झारखंड से पश्चिम बंगाल के बीच आना-जाना भी आसान होगा.
इसके अलाव कॉलेज और परीक्षा केंद्रों पर समय पर पहुंचने में छात्रों को जो दिक्कतें आती थीं, वे अब कम होंगी और सुरक्षित सफर मिल सकेगा. वहीं कुलिक बर्ड सेंचुरी, गौर मालदा और अदीना मस्जिद के अलावा दार्जिलिंग, कर्सियांग, कालिम्पोंग और सिक्किम तक की यात्रा भी सुगम होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
फरक्का बैराज के जरिए गंगा के पानी को भागीरथी-हुगली सिस्टम और फीडर कैनाल में भेजने तथा कोलकाता बंदरगाह तक सामान की ढुलाई की व्यवस्था जारी रहेगी, जबकि नए पुल से सड़क यातायात को तेज और सुरक्षित विकल्प मिल गया है.
यह भी पढ़ें | बजरंग सेतु के ग्लास डेक पर चलने के लिए अब लगेगा टिकट, जानें किसको कितनी देनी होगी फीस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं