विज्ञापन

ट्रेन में किन-किन लोगों को मिलती है फ्री में सफर करने की छूट? यहां चेक कर लीजिए लिस्ट

Lifelong FREE Travel in Trains: अब सेना, नौसेना और वायुसेना के वीरता पुरस्कार पाने वाले जवानों और उनके परिवार को भारतीय रेलवे में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी.

ट्रेन में किन-किन लोगों को मिलती है फ्री में सफर करने की छूट? यहां चेक कर लीजिए लिस्ट
ट्रेन में जिंदगी भर मुफ्त में यात्रा कर सकेंगे सेना के ये वीर

Lifelong FREE Travel in Trains: देश की सेवा करने वाले सैनिकों के सम्मान में भारत सरकार ने एक अहम फैसला लिया है. अब सेना, नौसेना और वायुसेना के वीरता पुरस्कार पाने वाले जवानों और उनके परिवार को भारतीय रेलवे में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी. यह कदम उन बहादुर सैनिकों के प्रति सम्मान और आभार जताने के लिए उठाया गया है, जिन्होंने देश की सुरक्षा में अहम योगदान दिया है. सरकार के आदेश के अनुसार, सेना/नौसेना/वायुसेना मेडल (गैलेंट्री अवॉर्ड) पाने वाले सभी पुरस्कार विजेताओं को जीवनभर ट्रेन में मुफ्त सफर करने का अधिकार मिलेगा. यह सुविधा फर्स्ट क्लास, 2 एसी और एसी चेयर कार जैसी श्रेणियों में उपलब्ध होगी. इसके साथ ही, वे अपने साथ एक साथी (कंपेनियन) को भी यात्रा में ले जा सकेंगे.

यह भी पढ़ें- Noida Airport: 28 मार्च से शुरू होगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जानें कौन-कौन सी एयरलाइन्स भरेंगी उड़ान?

परिवार भी कर सकेगा फ्री यात्रा 

इस फैसले में परिवार का भी ध्यान रखा गया है. अगर किसी सैनिक को यह मेडल मिला है, तो उनके जीवनसाथी यानी पति या पत्नी को भी यह लाभ मिलेगा. अगर किसी सैनिक की मृत्यु हो जाती है, तो उसकी विधवा या विधुर को यह सुविधा तब तक मिलती रहेगी, जब तक वह दोबारा शादी नहीं करता या करती. इसके अलावा जिन सैनिकों को मरणोपरांत (मौत के बाद) यह सम्मान दिया गया है और वे उस समय अविवाहित थे, उनके माता-पिता को भी यह सुविधा दी जाएगी. माता-पिता भी एक साथी के साथ पूरी जिंदगी मुफ्त ट्रेन यात्रा कर सकते हैं. भारत सरकार ने रेलवे को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं. आने वाले समय में यह सुविधा पूरी तरह लागू हो जाएगी.

ट्रेन में और किन-किन लोगों को मिलती है छूट?

दिव्यांग यात्रियों को विशेष रियायत

दिव्यांग व्यक्तियों को रेलवे की ओर से सबसे ज्यादा छूट मिलती है. नेत्रहीन, मूक-बधिर, मानसिक रूप से कमजोर या शारीरिक रूप से अक्षम यात्रियों को ट्रेन के विभिन्न वर्गों में भारी रियायत दी जाती है. कई मामलों में उनके साथ यात्रा करने वाले सहायक को भी यही सुविधा मिलती है.

गंभीर बीमारियों के मरीजों को राहत

रेलवे उन लोगों का भी ख्याल रखता है जो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं. कैंसर, थैलेसीमिया, किडनी डायलिसिस, हृदय रोग और एनीमिया जैसे रोगों के इलाज के लिए यात्रा करने वाले मरीजों को टिकट में बड़ी छूट दी जाती है. कई बार मरीज के साथ जाने वाले व्यक्ति को भी समान छूट मिलती है, जिससे इलाज के लिए यात्रा आसान हो जाती है.

छात्रों के लिए खास सुविधा

छात्रों को भी रेलवे से काफी राहत मिलती है. स्कूल या कॉलेज आने-जाने, शैक्षणिक टूर, पढ़ाई से जुड़े भ्रमण और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए यात्रा करने पर छात्रों को रियायत मिलती है.

परीक्षार्थियों और शोधार्थियों को फायदा

इन सब से अलग राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं, जैसे संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) या अन्य केंद्रीय चयन आयोगों की मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को किराए में छूट मिलती है. इसके अलावा रिसर्च स्कॉलर्स को भी शोध कार्य से संबंधित यात्राओं के लिए सीमित रियायत दी जाती है.

लेखक के बारे में
img
श्रेया त्‍यागी
सीनियर सब एडिटर
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Government Of India, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com