विज्ञापन

'आओ तुम्हें कुर्बानी दिखाते हैं', गाजियाबाद में ईद पर बुला चाकू घोंपकर मारा; मां की आरोपी के एनकाउंटर की मांग

सूर्या के साथ मौजूद दोस्त आयुष ने बताया कि आरोपी ने ईद मनाने और कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया था. तभी उसने रास्ते में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी अस्पताल में मौत हो गई.

'आओ तुम्हें कुर्बानी दिखाते हैं', गाजियाबाद में ईद पर बुला चाकू घोंपकर मारा; मां की आरोपी के एनकाउंटर की मांग
मृतक सूर्या.

Ghaziabad Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा में बेटे की हत्या के बाद पीड़िता मां ने आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है. मृतक सूर्या की मां सरोज ने NDTV से बातचीत में कहा, "जैसे मेरे बेटे के चाकू घोंपा गया, वैसे ही मैं उस लड़के के चाकू घोपूंगी, उसकी आंतें बाहर निकाल लूंगी. आरोपी ने फोन करके बुलाया था, हमें नहीं पता था कि बकरीद के दिन वो चाकू घोंप देगा. उसका एनकाउंटर होना चाहिए."

दरअसल, मकंदपुर खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन दोपहर करीब साढ़े 3 बजे सूर्या नाम के लड़के पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घायल सूर्या को आनन-फानन नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर 12 बजे मौत हो गई. जिसके बाद फोर्टिस अस्पताल के बाहर मातम पसर गया. सूर्या के परिवार वाले और हिंदू संगठन से जुड़े लोग विरोध करके कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

ईद मनाने और कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया – दोस्त आयुष की आपबीती  

घटना के वक्त सूर्या के साथ मौजूद उसके दोस्त आयुष ने बताया कि हमें आरोपी ने ईद मनाने के लिए बुलाया और कहा कि आओ तुम्हें कुर्बानी दिखाते हैं. हमारी आरोपी से पहले कोई रंजिश या बातचीत नहीं थी. हमने उससे कहा कि हम मीट नहीं खाते हैं.

वो हमें अपने साथ ले जा रहा था, तभी उसने चाकू निकाला और सूर्या के पेट में मार दिया. उस वक्त आरोपी के साथ 5-6 लोग और भी मौजूद थे. आयुष ने आगे बताया कि मैं अपना बचाव करते हुए भागा और थोड़ी देर बाद वापस आया. वहां भीड़ थी, फिर मैंने एक लड़के की मदद से सूर्या को फोर्टिस हॉस्पिटल की इमरजेंसी में एडमिट कराया और सबको फोन किया. उसने मांग की है कि जिस दर्द से मेरा दोस्त मरा है, वैसा ही हो आरोपी का हो.

मृतक सूर्या की मकान मालिक सोनी ने सरोज की तरफ इशारा करते हुए बताया कि ये मेरे घर में किराएदार हैं. सूर्या की मां सरोज ड्यूटी जाती हैं. उस दिन सूर्या मेरे घर में चाबी रखकर गया था. 4 बजे फोन आया तब पता चला कि सूर्या को किसी ने चाकू घोंपकर मार डाला है.

हिंदू संगठनों ने दी पलायन की धमकी

वहीं, अब इस मामले में हिंदू संगठनों में आक्रोश नजर आ रहा है. हिंदू रक्षा दल के सदस्य खोड़ा से हिंदुओं के पलायन की चेतावनी भी दे रहे हैं. फोर्टिस अस्पताल पहुंचे VHP खोड़ा अध्यक्ष संजय मिश्रा का कहना है कि खोड़ा में अत्याचार बढ़ता जा रहा है. उन्होंने सीएम योगी से आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है. वहीं, हिंदू रक्षा दल के खोड़ा अध्यक्ष सोनू शर्मा ने भी पलायन की धमकी दी है.

शिकायतकर्ता ने क्या बताया

गाजियाबाद पुलिस ने बीते रोज ही शिकायतकर्ता विनीत राजपूत की तहरीर पर खोड़ा थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर ली थी. FIR के मुताबिक वारदात 28 मई को दोपहर करीब 03:30 बजे खोड़ा थाना इलाके की शर्मा डेरी वाली गली में हुई. विनीत राजपूत के मुताबिक, उनका भाई सूर्या और दोस्त आयुष नवनीत विहार खोड़ा से जा रहे थे, तभी गली में आरोपी (निवासी लोकप्रिय विहार) मिला. वहां बहस और गाली-गलौज के बाद उसने जान से मारने की नीयत से सूर्या के पेट में चाकू घोंप दिया.

गाजियाबाद पुलिस ने पहले इरादतन हत्या का प्रयास के तहत केस दर्ज किया था, जिसे अब सूर्या की मौत के बाद हत्या की धारा में बदला जा रहा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी लड़के की तलाश लगातार जारी है, दबिश दी जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ghaziabad Murder, Ghaziabad News, Bakrid, Sacrifice On Bakrid
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com