- दिल्ली की महिलाओं को मिला 1-1 लाख रुपये.
- करवा चौथ पर सीएम रेखा गुप्ता ने दिया तोहफा.
- 51 नवविवाहिताओं को रेखा गुप्ता ने दिए भेंट
पूरे देश में करवा चौथ का त्योहार मनाया जा रहा है. वहीं इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी की नवविवाहित महिलाओं को एक अनोखा उपहार दिया है. मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक आवास 'मुख्यमंत्री जनसेवा सदन' में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान 51 नवविवाहित महिलाओं को 1-1 लाख रुपये का चेक और करवा चौथ किट भेंट की. यह वह महिलाएं हैं जिन्होंने इसी साल मार्च में 'लाडली फाउंडेशन' द्वारा आयोजित एक सामूहिक विवाह समारोह के दौरान विवाह किया था और वे अपने जीवन का पहला करवा चौथ मना रही थीं.
आप अकेली नहीं हैं, मैं हर परिस्थिति में आपके साथ हूं- रेखा गुप्ता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन महिलाओं के साथ गर्मजोशी से बातचीत की और उनके परिवार, जीवन तथा स्वास्थ्य का हालचाल जाना. महिलाओं को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा, "मैं दिल्ली की हर बेटी के साथ एक बड़ी बहन की तरह खड़ी हूं. किसी भी कठिन परिस्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है, आप बिना किसी झिझक के अपनी बातें साझा कर सकती हैं."
उन्होंने महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि उनका सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और अपने सपनों को पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है. समाज में महिलाओं को भावनात्मक संबल और सहयोग देने के ऐसे प्रयास आपसी भाईचारे और अपनेपन की भावना को मजबूत करते हैं.
करवा चौथ पर मिला खास सरप्राइज
अपने विवाह के बाद पहली बार करवा चौथ का व्रत रख रहीं इन युवतियों के लिए त्योहार पर खास सरप्राइज मिला. मुख्यमंत्री द्वारा दी गई आर्थिक सहायता (1 लाख रुपये का चेक) और करवा चौथ की पारंपरिक सामग्री से सजी किट पाकर महिलाओं में खुशी दिखी. इस पहल की सराहना करते हुए उन्होंने सरकार का आभार व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें | कौन हैं फतेहपुर के SP अभिमन्यु मांगलिक, जिन्होंने करवाचौथ पर महिला पुलिकर्मियों को दिया छुट्टी का तोहफा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं