- अजमेर रेल मंडल में 16 नवंबर 2026 से कुली और व्हीलचेयर की ऑनलाइन बुकिंग सेवा शुरू करने की योजना बनाई है.
- मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से अपनी ट्रेन टिकट के PNR नंबर से कुली और व्हीलचेयर बुक करने की सुविधा मिलेगी.
- वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों व भारी सामान वाले यात्रियों को स्टेशन पर पहुंचते ही सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
Indian Railways Online Coolie and Wheelchair Booking Process: भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों की सुविधा के लिए एक बड़ा डिजिटल कदम उठाया है. अब रेलवे स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों को भारी भरकम सामान उठाने के लिए कुली ढूंढने या बुजुर्गों व दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर की तलाश में परेशान नहीं होना पड़ेगा. अजमेर रेल मंडल में 16 नवंबर 2026 से मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट के जरिए कुली और व्हीलचेयर की ऑनलाइन एडवांस बुकिंग की सुविधा शुरू होने जा रही है.
दरअसल, भारतीय रेलवे लगातार यात्रियों के सफर को आसान और आरामदायक बनाने के लिए डिजिटल बदलाव कर रहा है. इसी कड़ी में अब स्टेशनों पर कुली और व्हीलचेयर की ऑनलाइन बुकिंग सेवा शुरू की जा रही है. इस नई व्यवस्था के शुरू होने के बाद यात्रियों को स्टेशन पर उतरते ही या ट्रेन पकड़ने से पहले कुली और व्हीलचेयर खोजने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. अजमेर रेल मंडल में यह सुविधा आगामी 16 नवंबर 2026 से लागू की जा रही है.
मोबाइल ऐप और वेबसाइट से चुटकी में होगी ऑनलाइन बुकिंग
रेलवे की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस डिजिटल पहल के तहत यात्री अपने स्मार्टफोन का उपयोग करके पहले से ही सेवाएं बुक कर सकेंगे. यात्री अपनी ट्रेन टिकट के साथ या सफर से पहले मोबाइल ऐप और रेलवे की अधिकृत वेबसाइट के जरिए कुली और व्हीलचेयर सेवा चुन सकेंगे. स्टेशन पहुंचने से पहले ही यात्रियों के लिए कुली और सहायता प्रणाली तैयार रहेगी, जिससे स्टेशन पर पहुंचते ही ये सुविधाएं मिल जाएंगी.
ऐसे ऑनलाइन बुक करें ई व्हीलचेयर
अगर आपके साथ कोई वरिष्ठ नागरिक, मरीज या दिव्यांगजन सफर कर रहे हैं, तो आप घर बैठे नीचे दिए गए आसान स्टेप्स से ई व्हीलचेयर बुक कर सकते हैं.
- सबसे पहले आधिकारिक IRCTC टूरिज्म या रेलवे सेवा पोर्टल irctctourism.com पर जाएं.
- होमपेज पर दिए गए More या Services टैब पर क्लिक करें और AT STATIONS सेक्शन के अंदर E-Wheelchair विकल्प को चुनें.
- अपना 10 अंकों का PNR नंबर दर्ज करके Search पर क्लिक करें. स्क्रीन पर आपकी ट्रेन और यात्रा से जुड़ी पूरी जानकारी प्रदर्शित हो जाएगी.
- सुविधा के मुताबिक चुनें कि आपको व्हीलचेयर जहां से चढ़ना है, वहां यानी बोर्डिंग स्टेशन पर चाहिए या जहां उतरना है, वहां यानी गंतव्य स्टेशन पर चाहिए. विवरण भरकर Book पर क्लिक करें. बुकिंग वाउचर का प्रिंट आउट लें या मोबाइल या ईमेल पर प्राप्त कन्फर्मेशन मैसेज संभाल कर रखें.
ऐसे करें ऑनलाइन कुली की बुकिंग
- 16 नवंबर 2026 से लागू हो रही डिजिटल प्रणाली के तहत कुली बुक करना अब बेहद आसान हो जाएगा.
- कुली की बुकिंग आपके ट्रेन टिकट के PNR नंबर से सीधे लिंक रहेगी. इससे कुली को आपकी ट्रेन के आगमन या प्रस्थान समय और संबंधित प्लेटफॉर्म की सटीक जानकारी पहले से उपलब्ध रहेगी.
- यात्री अपने स्मार्टफोन से रेलवे के अधिकृत ऐप के जरिए एडवांस में कुली सेवा चुन सकते हैं.
बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और भारी सामान वाले यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रेलवे की इस अनूठी सेवा का सबसे बड़ा लाभ उन यात्रियों को मिलेगा जिन्हें अक्सर स्टेशनों पर आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है. वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर आवाजाही के लिए तत्काल व्हीलचेयर और सहायक की उपलब्धता सुनिश्चित होगी. वहीं, परिवार के साथ सफर करने वाले या भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही तय दरों पर कुली की सुविधा उपलब्ध मिल जाएगी.
क्या देश के सभी बड़े रेलवे स्टेशनों पर लागू होगी यह व्यवस्था
अजमेर रेल मंडल में 16 नवंबर 2026 से इस सुविधा की शुरुआत की जा रही है. रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से न केवल यात्रियों की परेशानी कम होगी, बल्कि स्टेशन परिसर में पारदर्शी सेवाएं और डिजिटल इंडिया अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा. अगर अजमेर मंडल में यह व्यवस्था सफल रहती है, तो आने वाले समय में इसे देश के अन्य सभी प्रमुख और व्यस्त रेलवे स्टेशनों पर भी लागू किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें- घर बैठे 2 मिनट में करें असली और नकली सोने की पहचान, नोट कर लें ये 6 आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं