- यूपीआई पेमेंट में डिफ़ॉल्ट सेटिंग्स पर मोबाइल नंबर सामने वाले को आसानी से दिख जाता है.
- नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने कस्टम यूपीआई आईडी बनाने के लिए सुरक्षा मानकों को सख्त किया है.
- यूपीआई यूजर मोबाइल नंबर छुपाने के लिए यूजर अपनी यूपीआई आईडी को नाम या रैंडम अक्षरों से बदल सकते हैं.
UPI ID Privacy Settings: मौजूदा डिजिटल युग में यूपीआई पेमेंट रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. चाय की दुकान से लेकर बड़े मॉल तक, हर कोई क्यूआर कोड स्कैन कर पेमेंट करना पसंद करता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि जब आप डिफ़ॉल्ट सेटिंग्स के साथ पेमेंट करते हैं, तो आपकी यूपीआई आईडी के जरिए आपका पर्सनल मोबाइल नंबर सामने वाले व्यक्ति या दुकानदार के पास आसानी से पहुंच जाता है.
ऐसे में अपनी प्राइवेसी को सुरक्षित रखने और अनचाहे कॉल्स या डेटा शेयरिंग से बचने के लिए एनपीसीआई ने भी सुरक्षा मानकों को कड़ा किया है. आप खुद अपने पेमेंट ऐप में एक छोटी सी सेटिंग बदलकर अपनी यूपीआई आईडी को कस्टमाइज कर सकते हैं. दरअसल, नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के दिशा निर्देशों के तहत अपनी प्राइवेसी सुरक्षित रखने के लिए कस्टम या अल्फ़ान्यूमेरिक यूपीआई आईडी बनाना बेहद आसान है. जानिए फोनपे, गूगल पे और पेटीएम पर मोबाइल नंबर छुपाने की स्टेप बाय स्टेप ट्रिक और यूपीआई लाइट के फायदों के बारे में.
पेमेंट ऐप्स में ऐसे छिपाएं मोबाइल नंबर
विभिन्न लोकप्रिय यूपीआई ऐप्स पर अपनी नंबर आधारित आईडी को बदलकर नाम या रैंडम अक्षरों वाली कस्टम आईडी सेट करने के तरीके नीचे दिए गए हैं. आज ही अपने पेमेंट ऐप की इन सेटिंग्स को अपडेट करें और सुरक्षित डिजिटल ट्रांजैक्शन का अनुभव लें.
PhonePe में नंबर ऐसे छुपाएं
- फोनपे ऐप खोलें और ऊपर बाईं ओर अपनी प्रोफ़ाइल फोटो पर टैप करें.
- उस बैंक खाते को चुनें जिसका यूपीआई आईडी बदलना चाहते हैं और मैनेज या यूपीआई लाइट में जाएं.
- यहां नीचे की तरफ Add का आइकॉन दिखाई देगा, उस पर क्लिक करें.
- अब अपने नाम या किसी रैंडम संयोजन के साथ एक नई यूनिक यूपीआई आईडी बनाएं जैसे rahul123@ybl.
- इसे सबमिट करने के बाद इसे Set as Primary चुन लें. अब आपका मोबाइल नंबर किसी को नहीं दिखेगा.
GPay में ऐसे छुपाएं नंबर
- गूगल पे ऐप खोलें और ऊपर दाईं ओर अपनी प्रोफ़ाइल फोटो पर क्लिक करें.
- पेमेंट ऑप्शन के अंतर्गत अपने बैंक अकाउंट पर टैप करें.
- उस बैंक खाते को चुनें जिसका उपयोग आप पेमेंट के लिए करते हैं और मैनेज यूपीआई आईडीस पर क्लिक करें.
- आपको कई हैंडल जैसे @oksbi, @okaxis दिखाई देंगे.
- मोबाइल नंबर के अलावा किसी अन्य क्लीन या रैंडम हैंडल के आगे दिए गए + आइकॉन पर टैप करके नई आईडी एक्टिवेट करें.
- इसके बाद पुरानी नंबर वाली आईडी को प्राइमरी से हटा दें.
Paytm में नंबर ऐसे छुपाएं
- पेटीएम ऐप खोलें और अपने प्रोफ़ाइल आइकॉन पर टैप करें.
- यूपीआई और पैमेट सेटिंग के ऑप्शन में जाएं.
- मैनेज यूपीआई आईडी का विकल्प मिलेगा, जहां मौजूदा आईडी दिखेगी.
- पास में दिए गए थ्री डॉट्स पर टैप करके प्राइमरी यूपीआई आईडी चुनें.
- ऐप की ओर से सुझाए गए किसी नाम आधारित या रैंडम अल्फ़ान्यूमेरिक आईडी को चुनकर उसे प्राइमरी सेट कर दें.
ये भी पढ़ें- सुरक्षित भविष्य के लिए निवेश से पहले PFRDA के बताएं इन बातों का रखें ध्यान, अमीर बनने का कोई शॉर्टकट नहीं होता
अगर आप रोजाना छोटे-मोटे लेन देन जैसे 2000 रुपये से कम के भुगतान करते हैं, तो अपने ऐप में UPI Lite को एक्टिवेट कर सकते हैं. यह फीचर न केवल बिना यूपीआई पिन डाले तेजी से पेमेंट करने में मदद करता है, बल्कि यह ट्रांजैक्शन के दौरान आपकी संवेदनशील बैंकिंग और पर्सनल डिटेल्स को सुरक्षित रखने में भी बेहद मददगार साबित होता है.
ये भी पढ़ें- खोया या चोरी हो गया आपका मोबाइल, तो संचार सारथी दिलाएगा वापस, अब तक 14 लाख बरामद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं