Investment Safety Guidelines: आज के समय में सोशल मीडिया, ऑनलाइन ट्रेडिंग और लुभावने विज्ञापनों के जरिए लोगों को अधिक रिटर्न का लालच देकर ठगी करने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. दरअसल, लोग बिना सोचे समझे ऐसी स्कीमों में अपनी गाढ़ी कमाई निवेश कर देते हैं और बाद में पछताते हैं. इसे देखते हुए निवेशकों के हितों की रक्षा के लिए PFRDA यानी पेंशन फंड विनियामक और विकास प्राधिकरण ने जनहित में निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत हर निवेशक को पैसों का निवेश करने से पहले कुछ बुनियादी नियमों का पालन करना चाहिए.
पेंशन फंड विनियामक की ओर जारी सलाह में कहा गया है कि शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या किसी भी वित्तीय योजना में रातोंरात अमीर बनने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, जो लोग कम समय में दुगुना या बहुत ज्यादा मुनाफा देने का दावा करते हैं, वे अक्सर फ्रॉड होते हैं. ऐसे में अगर कोई एजेंट या कंपनी बिना किसी जोखिम के बहुत ज्यादा फायदे का लालच दे, तो उस पर तुरंत विश्वास न करें और अपनी जांच खुद करें.
हर निवेश से पहले इन 3 बातों का रखें खास ख्याल
- दस्तावेजों की जांच करें: किसी भी फंड, कंपनी या स्कीम में पैसे लगाने से पहले उसके रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस और कानूनी दस्तावेजों की अच्छी तरह से जांच पड़ताल कर लें.
- सोच विचार कर कदम उठाएं: दूसरों की देखादेखी या बिना सोचे समझे निवेश करने के बजाय अपनी वित्तीय स्थिति व जोखिम लेने की क्षमता को समझकर ही फैसला लें.
- अधिकृत संस्थानों का चयन करें: हमेशा SEBI, PFRDA या RBI की ओर से रजिस्टर्ड वित्तीय संस्थानों और मध्यस्थों के माध्यम से ही निवेश करें.
PFRDA क्या है?
पेंशन फंड नियामक और विकास प्राधिकरण (PFRDA) भारत में पेंशन क्षेत्र की देखरेख और इसे नियंत्रित करने वाली मुख्य वैधानिक संस्था है. यह भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के अधीन काम करती है. इसका मुख्य उद्देश्य देश में पेंशन प्रणाली को पारदर्शी बनाना और इसका सही तरीके से विकास सुनिश्चित करना है. यह भारत की प्रमुख रिटायरमेंट योजना, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) की देखरेख और नियमन करता है. असंगठित क्षेत्र के मजदूरों और श्रमिकों के लिए शुरू की गई अटल पेंशन योजना का संचालन भी PFRDA के हाथों में है. पेंशन फंड मैनेजर्स और बिचौलियों पर नजर रखकर यह पेंशन योजना में निवेश करने वाले लोगों के पैसों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है. यह सेंट्रल रिकॉर्डकीपिंग एजेंसियों, पेंशन फंड मैनेजर्स, ट्रस्टी बैंकों और कस्टोडियन जैसी महत्वपूर्ण संस्थाओं का रजिस्ट्रेशन करता है और उनके काम पर नजर रखता है. पेंशन ग्राहकों की शिकायतों और विवादों को सुलझाने के लिए यह एक मजबूत और निष्पक्ष प्रणाली प्रदान करता है.
यह भी पढ़ें- लोन का पेपर साइन करने से पहले KFS में जरूर देखें ये 4 बातें, तो नहीं चलेगी बैंक की चालाकी
अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने का सबसे अच्छा तरीका जागरूकता है. किसी भी लुभावने प्रस्ताव के झांसे में आने से बचें और पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद ही निवेश की ओर कदम बढ़ाएं. एक सतर्क निवेशक बनकर ही आप अपना और अपने परिवार का भविष्य आर्थिक रूप से सुरक्षित कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- शुरू करें अपना डेयरी फार्मिंग बिजनेस, सरकार दे रही 50 प्रतिशत तक सब्सिडी, ऐसे मिलेगा लोन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं