- बाजार में नकली गुड़ में चीनी, चौक पाउडर और बेकिंग सोडा मिलाकर वजन और चमक बढ़ाई जाती है.
- FSSAI ने गुड़ में बेकिंग सोडा की मिलावट जांचने के लिए एक आसान घरेलू परीक्षण करने की विधि जारी की है.
- FSSAI ने असली गुड़ पहचानने के लिए रंग, कीमत, लाइसेंस और विक्रेता की विश्वसनीयता पर ध्यान देने की सलाह दी है.
गुड़ सिर्फ मिठास बढ़ाने वाली वस्तु नहीं होती है, बल्कि सेहत और आयुर्वेद का अहम हिस्सा माना जाता है. दरअसल, यह पाचन सुधारने से लेकर इम्युनिटी बढ़ाने तक में फायदेमंद है. इसी लिए चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल बेहद फायदेमंद माना जाता है, लेकिन बाजार में मांग बढ़ते ही नकली और मिलावटी गुड़ का कारोबार भी तेजी से पैर पसारने लगता है.
मिलावट खोरों की ओर से गुड़ का वजन बढ़ाने, रंग को चमकदार बनाने और बनावट को चिकना करने के लिए इसमें चीनी, चौक पाउडर और बेकिंग सोडा तक मिलाया जाता है. इसी खतरे से उपभोक्ताओं को बचाने के लिए खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI ने एक आसान घरेलू Purity Test की गाइडलाइन जारी की है. इसके साथ ही FSSAI ने स्पष्ट संदेश है कि त्योहारों और रोजाना के खान-पान में सतर्क रहें, जानकार बनें और मिलावट के खिलाफ आवाज उठाएं.
Festivities call for a little extra care.
— FSSAI (@fssaiindia) February 28, 2026
If you're using jaggery this season, watch this video to learn simple test to find out whether it is adulterated or not. Stay aware & stay informed. #NoToAdulteration pic.twitter.com/qWOIoMjGM7
ऐसे करें बेकिंग चेक करें सोडा की मिलावट
मिलावट पर लगाम लगाने के लिए FSSAI ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक आसान प्रयोग साझा किया है, जिससे आप मिनटों में जान सकते हैं कि गुड़ में बेकिंग सोडा की मिलावट है या नहीं. इसके लिए बस आपको नीचे बताए गए स्टेप्स को फॉलो करना होगा.
- एक छोटे कांच के गिलास या टेस्ट ट्यूब में लगभग एक चौथाई चम्मच पिसा हुआ गुड़ लें.
- इसमें लगभग 3 एमएल हाइड्रोक्लोरिक एसिड मिलाएं.
- अब इस मिश्रण में होने वाली प्रतिक्रिया को ध्यान से देखें.
- अगर झाग या बुलबुले नहीं बनते हैं, तो आपका गुड़ पूरी तरह शुद्ध है.
- अगर बुलबुले बनते हैं तो इसका मतलब है कि गुड़ में बेकिंग सोडा मिला है.
सेहत के लिए नुकसानदायक है मिलावटी गुड़
बेकिंग सोडा की थोड़ी सी मात्रा तुरंत कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाती, लेकिन यह गुड़ के प्राकृतिक पोषक तत्वों को पूरी तरह खत्म कर देती है. मिलावटी गुड़ खाने से पाचन, ऊर्जा और इम्यूनिटी बढ़ाने जैसे पारंपरिक स्वास्थ्य लाभ नहीं मिलते हैं. केमिकल और मिलावटी तत्वों की वजह से गुड़ का असली स्वाद और बनावट बदल जाती है.
FSSAI ने असली और शुद्ध गुड़ पहचानने के बताए 5 स्मार्ट टिप्स
- रंग पर ध्यान दें: बहुत ज्यादा चमकदार, हल्का पीला या सफेद दिखने वाला गुड़ खरीदने से बचें. ऐसे गुड़ में केमिकल ब्लीचिंग और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल अधिक होता है.
- गहरे रंग का गुड़ चुनें: गहरे भूरे या काले रंग का गुड़ आमतौर पर कम प्रोसेस्ड और अधिक शुद्ध होता है.
- FSSAI लाइसेंस नंबर जांचें: डिब्बाबंद गुड़ खरीदते वक्त पैकेट पर FSSAI का वैध लाइसेंस नंबर जरूर देखें.
- सस्ते दाम से बचें: अगर कोई बहुत कम कीमत पर गुड़ बेच रहा है, तो उसमें चीनी या अन्य मिलावट की संभावना अधिक होती है.
- भरोसेमंद विक्रेता से ही खरीदें: हमेशा रजिस्टर्ड ब्रांड्स या लोकल विश्वसनीय दुकानदारों से ही गुड़ खरीदें.
मिलावटी गुड़ की शिकायत कहां और कैसे करें?
FSSAI के आधिकारिक ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर जाएं.
FSSAI के Food Safety Connect ऐप के जरिए फोटो और विवरण अपलोड करें.
अपने जिले के खाद्य सुरक्षा विभाग से संपर्क कर नमूने की जांच करवाएं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं