विज्ञापन

रेलवे ने खत्म की टिकट बुकिंग की बंदिशें, अब एक साथ बुक कर सकते हैं सैकड़ों टिकट, जानिए क्या है नया नियम

Indian Railways Group Ticket Booking Rules: दक्षिण पश्चिम रेलवे ने ग्रुप और बल्क रिजर्वेशन के नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए बर्थ की अधिकतम संख्या पर लगी पाबंदी खत्म कर दी है. जानें अब कैसे, कब और किन शर्तों के साथ एक साथ बड़ी संख्या में ट्रेन टिकट बुक कराए जा सकेंगे.

रेलवे ने खत्म की टिकट बुकिंग की बंदिशें, अब एक साथ बुक कर सकते हैं सैकड़ों टिकट, जानिए क्या है नया नियम
रेलवे ने ग्रुप टिकट बुकिंग में हटाई बर्थ की अधिकतम सीमा.
NDTV
चेन्नई:

Group Train Ticket Booking:  अगर आप परिवार, रिश्तेदारों या किसी बड़े समूह के साथ ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है. दरअसल, भारतीय रेलवे के दक्षिण पश्चिम रेलवे (South Western Railway  SWR) जोन ने बल्क और ग्रुप टिकट बुकिंग के नियमों में अहम बदलाव किए हैं. नए दिशा-निर्देशों के तहत अब ग्रुप रिजर्वेशन में एक साथ बुक होने वाली बर्थ की संख्या पर कोई तय अधिकतम सीमा की बंदिश नहीं रहेगी. इससे शाद विवाह, तीर्थयात्रा, स्कूल-कॉलेज के टूर, खेल टीमों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक साथ सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

ग्रुप टिकट बुकिंग के नियमों में हुआ बड़ा बदलाव?

दक्षिण पश्चिम रेलवे ने कमर्शियल सर्कुलर के जरिए ग्रुप और बल्क रिजर्वेशन के नए नियम जारी किए हैं, जिन्होंने पुराने निर्देशों की जगह ली है. इस बदलाव की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब बल्क बुकिंग में बर्थ की संख्या की तय सीमा हटा दी गई है. नए नियमों के मुताबिक, चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर और स्टेशन मैनेजर को ग्रुप बुकिंग की मंजूरी देने का अधिकार दिया गया है. ये अधिकारी यात्रियों की वास्तविक जरूरत और आवेदन में दी गई जानकारी के आधार पर बिना किसी निर्धारित बर्थ कैप के सामूहिक बुकिंग को स्वीकृति दे सकेंगे. यह सुविधा ट्रेन की सभी कैटेगरी यानी स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी में लागू होगी और टिकट कन्फर्म, RAC या वेटिंग लिस्ट की स्थिति में भी आवेदन किया जा सकेगा. हालांकि, यह नियम फिलहाल सिर्फ दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन के लिए है, इसे पूरे भारतीय रेलवे में लागू नियम न मानें.

किन लोगों को मिलेगा नए नियमों का फायदा?

रेलवे के मुताबिक, इस व्यवस्था का लाभ उन वास्तविक समूहों को मिलेगा, जो किसी खास उद्देश्य से एक साथ यात्रा करेंगी, जैसे शादी समारोह या बारात में बड़ी संख्या में रिश्तेदारों और मेहमानों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को सुविधा मिलेगी. इसके अलावा धार्मिक स्थलों या तीर्थयात्रा पर एक साथ जाने वाले बड़े समूह इस नियम के तहत आवेदन कर सकेंगे. साथ ही स्कूल और कॉलेज के एजुकेशनल टूर या स्टडी ट्रिप के लिए एक साथ टिकट बुक कराना आसान होगा. किसी टूर्नामेंट या खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रही टीमों को भी ग्रुप रिजर्वेशन में सहूलियत मिलेगी. किसी कार्यक्रम या आयोजन में प्रस्तुति देने के लिए एक साथ सफर करने वाले कलाकारों और समूहों को भी फायदा मिलेगा. इसके साथ ही रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह कदम यात्रियों की सहूलियत के लिए है, ताकि कोई भी व्यक्ति या समूह सीटों या बर्थ को जमा करने के लिए इसका गलत इस्तेमाल न कर सके.

 सुबह 9 बजे से स्वीकार होंगे आवेदन

नए दिशा निर्देशों के तहत दक्षिण पश्चिम रेलवे के प्रमुख आरक्षण केंद्रों पर ग्रुप टिकट बुकिंग के आवेदन सुबह 9 बजे से स्वीकार किए जाएंगे. यह समय सामान्य यात्रियों के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के तहत बुकिंग शुरू होने के एक घंटे बाद का रखा गया है. आवेदन करने के लिए यात्रियों को संबंधित अधिकृत रेलवे अधिकारी के पास सीधे आवेदन जमा करना होगा. सामान्य तौर पर ट्रैवल एजेंटों के जरिए आने वाले आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा. हालांकि, विदेशी पर्यटकों और NRI के लिए मौजूदा नियमों के अनुसार छूट बनी रहेगी. वहीं, अगर कोई समूह वापसी यात्रा के लिए भी टिकट बुक कराना चाहता है, तो उसी रिजर्वेशन ऑफिस से आवेदन किया जा सकता है, लेकिन वापसी यात्रा को अलग रिजर्वेशन माना जाएगा और उसकी प्रक्रिया अलग से पूरी करनी होगी.

ग्रुप टिकट के लिए देनी होगी ये जरूरी जानकारी

  •  पूरा नाम: ग्रुप में शामिल प्रत्येक यात्री का नाम.
  •  उम्र: सभी यात्रियों की सही उम्र.
  •  जेंडर: प्रत्येक यात्री का लिंग.
  •  पता: यात्रियों का पूरा पता.
  •  यात्रा का उद्देश्य: सामूहिक सफर का स्पष्ट कारण.

यह भी पढ़ें- यूपी-बिहार से पुणे और मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बढ़ाए 12 स्पेशल ट्रेनों के फेरे, टिकट बुकिंग हुई शुरू, फटाफट बना लें कंफर्म टिकट

रेलवे के मुताबिक, आवेदक को आवेदन फॉर्म और यात्रियों की सूची के हर पन्ने पर अपनी मुहर और हस्ताक्षर भी करने होंगे. अगर जानकारी अधूरी होती है या सफर का कारण स्पष्ट नहीं होता है, तो रेलवे से बुकिंग की अनुमति नहीं मिलेगी.

यह भी पढ़ें-  अहमदाबाद और गोरखपुर के बीच दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन; आनंद, छायापुरी, गोधरा, इटावा, कानपुर सेंट्रल और बस्ती समेत होंगे 17 स्टॉपेज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Train Ticket Booking, Indian Railways, Railways News Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com