- नई दिल्ली से लेकर आनंद विहार स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट पर रोक.
- दिल्ली-एनसीआर के 6 स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट नहीं मिलेगा.
- स्टेशन पर केवल कंफर्म टिकट वालों को ही एंट्री दी जाएगी.
दिवाली-छठ पूजा को लेकर घर जाने वाले यात्रियों की यात्रा शुरू हो गई है. रोजाना लाखों लोग ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर पहुंच रहे हैं. इस दौरान रेल यात्रियों की होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तर रेलवे (Northern Railway) ने एक बड़ा फैसला लिया है. नई दिल्ली सहित दिल्ली-एनसीआर के 6 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 3 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. इस दौरान केवल कन्फर्म रेल टिकट धारक यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म पर एंट्री करने की इजाजत होगी.
दिल्ली के इन 6 स्टेशनों पर नहीं मिलेगा प्लेटफॉर्म टिकट
उत्तर रेलवे प्रशासन ने त्योहार के दिनों में सुरक्षा और भीड़ को मैनेज करने के लिए प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए नया नियम बनाया है. वहीं 6 स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट पर रोक लगा दी गई है. इसमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, आनंद विहार हॉल्ट और गाजियाबाद स्टेशन शामिल हैं. यह प्रतिबंध स्टेशन के फिजिकल टिकट काउंटरों के साथ-साथ यूटीएस मोबाइल ऐप (UTS App) और ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों (ATVM) पर भी समान रूप से लागू रहेगा. यानी 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट जारी नहीं होंगे.
क्यों लिया गया यह फैसला?
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, त्योहारी सीजन में यात्रियों को छोड़ने आने वाले उनके रिश्तेदार और दोस्त भी प्लेटफॉर्म टिकट खरीदकर स्टेशनों के अंदर पहुंच जाते हैं. इससे प्लेटफॉर्म और ओवरब्रिज काफी भीड़ हो जाती है, जिससे नियमित यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए अस्थायी रोक लगाई गई है.
इन लोगों को मिलेगी विशेष छूट
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कुछ श्रेणियों को इस प्रतिबंध को लागू नहीं किया है. उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और निरक्षर यात्रियों को स्टेशन तक छोड़ने आने वाले एक सहायक (अटेंडेंट) को प्लेटफॉर्म टिकट जारी किया जाएगा, ताकि इन विशेष यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो.
रेलवे प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे स्टेशनों पर अनावश्यक भीड़ लगाने से बचें और यात्रा की योजना बनाते समय इन नए दिशानिर्देशों का ध्यान रखें.
यह भी पढ़ें | रेलवे ने 16 जोड़ी ट्रेनों का किराया घटाया, बिहार-यूपी-उत्तराखंड, मुंबई की ट्रेनें शामिल, सुपरफास्ट दर्जा खत्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं