विज्ञापन

दिल्ली के कोने-कोने से जुड़ेगी मेट्रो की मैजेंटा लाइन, 6 नए स्टेशन तैयार, रिठाला-रोहिणी, शाहदरा के साथ नोएडा-गुरुग्राम जाना आसान होगा

Delhi Metro Magenta Line: दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन से चार लाइनें जल्द ही जुड़ सकती हैं. जहां जनवरी तक 6 नए मेट्रो स्टेशन खुलने की संभावना है, ऐसे में दिल्ली-एनसीआर के लोगों का मेट्रो सफर और आसान होगा.

दिल्ली के कोने-कोने से जुड़ेगी मेट्रो की मैजेंटा लाइन, 6 नए स्टेशन तैयार, रिठाला-रोहिणी, शाहदरा के साथ नोएडा-गुरुग्राम जाना आसान होगा
Delhi Metro Magenta Line: चार लाइनों से जुड़ेगी दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन (फोटो:NDTV ग्राफिक्स)
  • दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन पर पुष्पांजलि से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन के बीच ट्रायल जल्द होगा.
  • जनवरी 2027 तक मैजेंटा लाइन का यह 6 किलोमीटर लंबा सेक्शन छह नए स्टेशनों के साथ यात्रियों के लिए खुल सकता है.
  • मैजेंटा लाइन फेज-4 का अहम हिस्सा है जो पश्चिमी दिल्ली को सीधे दक्षिण दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम से जोड़ेगा.

दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन पर जल्द ही ट्रायल शुरू होने की उम्मीद है, जिसके बाद जनवरी 2027 तक इस लाइन पर मेट्रो की शुरुआत हो सकती है. DMRC मैजेंटा लाइन पर पुष्पांजलि से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन के बीच में ट्रायल कर सकता है. यह पश्चिमी और बाहरी दिल्ली में रहने वाले लाखों लोगों के लिए अच्छी खबर मानी जा रही है, क्योंकि ट्रायल सफल होने के बाद जनवरी तक इस सेक्शन पर मेट्रो शुरू होगी, जहां 6 नए स्टेशन यात्रियों के लिए खुल जाएंगे. यह सेक्शन दिल्ली मेट्रो के फेज-4 का सबसे अहम हिस्सा माना जा रहा है, इसके खुलते ही पश्चिमी दिल्ली से सीधे दक्षिण दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और आईजीआई एयरपोर्ट से जुड़ जाएगी. जिससे दिल्ली-NCR में मेट्रो से सफर करने वाले लाखों लोगों के समय में बचत आनी शुरू हो जाएगी. 

दिल्ली मेट्रो के फेज-4 का सेक्शन

दिल्ली मेट्रो के फेज-4 के तहत बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से जनकपुरी पश्चिम कॉरिडोर का विस्तार आरके आश्रम मार्ग तक किया जा रहा है. दिल्ली मेट्रो का यह पूरा कॉरिडोर 29 किलोमीटर लंबा है, जिस पर 22 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं. जनकपुरी पश्चिम से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और दीपाली चौक से मजलिस पार्क का हिस्सा पहले ही खोला जा चुका है. अब तीसरा और सबसे अहम हिस्सा कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से पुष्पांजलि के बीच बनकर लगभग तैयार है, यह हिस्सा करीब 6 किलोमीटर लंबा है,  इसी पर अब ट्रायल की तैयारी है, जिसके बीच में 6 मेट्रो स्टेशन आने वाले हैं. DMRC के अधिकारियों के मुताबिक, कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक के बीच सिविल और ट्रैक का काम पूरा हो चुका है. अब सिग्नलिंग, इलेक्ट्रिकल और स्टेशन फिनिशिंग का काम आखिरी स्टेज में चल रहा है. 

मैजेंटा लाइन पर यह 6 स्टेशन खुलेंगे 

  • केशोपुर
  • पश्चिम विहार
  • पीरागढ़ी
  • मंगोलपुरी
  • वेस्ट एन्क्लेव
  • पुष्पांजलि  

ये सभी मेट्रो स्टेशन भी पूरी तरह से तैयार हैं. जिन्हें सभी सुविधाओं से लेस किया गया है. इसमें पीरागढ़ी स्टेशन को खास डिजाइन दिया गया है. यहां ग्राउंड फ्लोर पर कॉन्कोर्स होगा और 160 मीटर लंबे फुट ओवरब्रिज से यह ग्रीन लाइन के पीरागढ़ी स्टेशन से जुड़ेगा. मंगोलपुरी स्टेशन पर सबसे ज्यादा 3 एंट्री-एग्जिट गेट होंगे, जबकि वेस्ट एन्क्लेव पर 2 गेट होंगे, जिनमें एक इमरजेंसी एग्जिट भी शामिल है.

दिल्ली मेट्रो की 4 लाइनों से जुड़ेगी मैजेंटा लाइन

दिल्ली मेट्रो के फेज-4 के तहत तीसरा सेक्शन खुलते ही मैजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो की 4 लाइनों से जुड़ेगी, जिससे दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों से आने वाले लोगों को भी इसका फायदा मिलने वाला है. 

  • ग्रीन लाइन-पीरागढ़ी स्टेशन पर जुड़ेगी: इससे बहादुरगढ़, ब्रिगेडियर होशियार सिंह, पंजाबी बाग, कीर्ति नगर जाने वाले मेट्रो यात्रियों को अब लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
  • रेड लाइन-पीतमपुरा स्टेशन पर जुड़ेगी: इस लाइन से रिठाला, रोहिणी, शाहदरा, दिलशाद गार्डन और गाजियाबाद की तरफ जाने वालों को सीधा कनेक्शन मिलेगा.
  • यलो लाइन-हैदरपुर बादली मोड़ पर जुड़ेगी: गुरुग्राम, हुडा सिटी सेंटर, कश्मीरी गेट, नई दिल्ली, एम्स और समयपुर बादली की तरफ जाना आसान होगा. 
  • पिंक लाइन - मजलिस पार्क स्टेशन पर जुड़ेगी: आनंद विहार, मयूर विहार, लाजपत नगर, आईएनए और मौजपुर-बाबरपुर की तरफ जाने वालों को सीधी मेट्रो मिलेगी. 

मैजेंटा लाइन जब इन चारों लाइनों से जुड़ जाएगी तो पश्चिमी दिल्ली से सफर करने वाले यात्रियों में अगर कोई यात्री नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद या गाजियाबाद जाना चाहता है. तो उसे अलग-अलग स्टेशनों पर मेट्रो बदलने की जरूरत नहीं पडे़गी, क्योंकि उसे सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी. 

दिल्ली के इन इलाकों को होगा फायदा

इसके अलावा इन चारों सेक्शन के खुलने के बाद दिल्ली के कई इलाकों को फायदा होगा. जिसमें पश्चिम विहार, पीरागढ़ी, मंगोलपुरी, सुल्तानपुरी, रोहिणी सेक्टर 1-7, पीतमपुरा, प्रशांत विहार, हैदरपुर, बादली, भलस्वा, आजादपुर और उत्तरी दिल्ली के कई हिस्से शामिल हैं. इसके अलावा मैजेंटा लाइन के जरिए अब इन इलाकों से बॉटनिकल गार्डन (नोएडा) कालिंदी कुंज, जसोला, शाहीन बाग, हौज खास, IIT दिल्ली, टर्मिनल-1 IGI एयरपोर्ट, पालम, जनकपुरी तक सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी. 

कितनी हो जाएगी मैजेंटा लाइन की लंबाई

माना जा रहा है कि जनवरी 2027 में मैजेंटा लाइन का यह 6 किलोमीटर का सेक्शन खुल जाएगा, जिसके बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई 55 किलोमीटर और मेट्रो स्टेशनों की संख्या 39 हो जाएगी. ऐसे में फिलहाल सभी को कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से पुष्पांजलि के बीच होने वाले ट्रायल का इंतजार है, क्योंकि इसके ऊपर ही यह निर्भर करेगा कि यह लाइन जनवरी या उससे आगे तक खुल पाएगी. 

ये भी पढे़ंः 90 मिनट में मुंबई से पुणे, नए एक्सप्रेसवे से बेंगलुरू तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी, नवंबर में निकलेगा टेंडर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Metro 4th Phase, Delhi Metro Magenta Line, Delhi Metro Magenta Line Metro, Delhi Metro Magenta Line Route Map, Delhi Metro New Stations
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com