विज्ञापन

सोशल मीडिया पर नौकरी का ऑफर दिखे तो पहले पढ़ें यह खबर, एक गलती खाली कर सकती है बैंक अकाउंट, हरियाणा पुलिस ने किया अलर्ट

सोशल मीडिया पर पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं. इसे लेकर हरियाणा पुलिस ने लोगों को अलर्ट किया है. आइए जानते हैं कैसे ठग लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं.

सोशल मीडिया पर नौकरी का ऑफर दिखे तो पहले पढ़ें यह खबर, एक गलती खाली कर सकती है बैंक अकाउंट, हरियाणा पुलिस ने किया अलर्ट
पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर हो रही ऑनलाइन ठगी
(P.C- NDTV)

साइबर ठगों ने अब लोगों को ठगने का एक नया तरीका निकाला है. आपने सोशल मीडिया पर कई ऐसे विज्ञापन देखे होंगे, जिनमें पार्ट-टाइम जॉब को लेकर ऑफर दिए जाते हैं. इनमें दावा किया जाता है कि घर बैठे YouTube वीडियो लाइक करके, डेटा एंट्री करके, ऑनलाइन रिव्यू लिखकर या छोटे-छोटे ऑनलाइन टास्क पूरे करके हर दिन हजारों रुपये कमाए जा सकते हैं. ऐसे ऑफर देखने में भी काफी फायदेमंद लगते हैं, हालांकि इस तरह के विज्ञापनों को लेकर हरियाणा पुलिस ने लोगों को अलर्ट किया है. 

हरियाणा पुलिस ने हाल ही में अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में पुलिस ने लोगों को इस तरह के विज्ञापनों से सावधान रहने की सलाह दी है. आइए जानते हैं कैसे इस तरह के विज्ञापनों से साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं- 

कैसे फंसाते हैं साइबर ठग?

साइबर ठग पहले लोगों को आसान काम और ज्यादा कमाई का लालच देते हैं. कई बार शुरुआत में कुछ रुपये भेजकर भरोसा भी जीत लेते हैं. इसके बाद जॉब शुरू करने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट, आईडी एक्टिवेशन या किसी दूसरे चार्ज के नाम पर आपसे पैसे मांगे जाते हैं. अब, जैसे ही आप उन्हें पैसे भेजते हैं, ठग आपसे संपर्क तोड़ देते हैं और ठगी कर गायब हो जाते हैं.

वहीं, कुछ मामलों में बैंक अकाउंट की जानकारी, OTP, ATM कार्ड की डिटेल या UPI PIN भी मांगा जाता है. ऐसी जानकारी मिलते ही ठग बैंक खाते से भी पैसे निकाल लेते हैं.

इन बातों का हमेशा रखें ध्यान

हरियाणा पुलिस ने लोगों को अलर्ट करते हुए कहा है कि अगर आपको सोशल मीडिया या किसी मैसेज के जरिए पार्ट-टाइम जॉब का ऑफर मिलता है, तो सबसे पहले उसकी पूरी जांच करें. बिना जानकारी के किसी भी कंपनी या व्यक्ति पर भरोसा न करें. अगर कोई नौकरी देने से पहले पैसे मांग रहा है, तो समझ जाइए कि मामला संदिग्ध हो सकता है.

इसके अलावा अपनी बैंक डिटेल, OTP, UPI PIN या पासवर्ड किसी के साथ भी शेयर न करें. कोई भी असली कंपनी नौकरी देने के लिए इस तरह की गोपनीय जानकारी नहीं मांगती.

ठगी हो जाए तो क्या करें?

अगर आपके साथ ऑनलाइन जॉब के नाम पर धोखाधड़ी हो जाती है, तो देर न करें. तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें. साथ ही https://cybercrime.gov.in/ पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करें. जितनी जल्दी आप शिकायत करेंगे, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी ही ज्यादा हो सकती है.

आज के समय में ऑनलाइन नौकरी ढूंढना आसान है, लेकिन हर ऑफर सही नहीं होता. इसलिए किसी भी जॉब का लालच देखकर जल्दबाजी में फैसला न लें. पहले पूरी जानकारी चेक करें, फिर ही आगे बढ़ें. आपकी थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े आर्थिक नुकसान और साइबर ठगी से बचा सकती है. 

यह भी पढ़ें- Noida Airport के पास सस्ते में मिलेगा सपनों का घर, YEIDA ला रहा नई योजना, जानें कौन होंगे पात्र

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cyber Fraud, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com