- अमेरिका का यूएसएस अब्राहम लिंकन विमानवाहक युद्धपोत पिछले 250 दिनों से समुद्र में तैनात है
- जहाज पर तैनात पांच हजार सैनिकों की मानसिक स्थिति खराब हो गई है, कई ने आत्महत्या की कोशिश भी की है
- अब यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन को यूएसएस अब्राहम लिंकन की जगह मिडिल ईस्ट में तैनात करने की तैयारी चल रही है
ईरान के खिलाफ जंग में अमेरिका के सबसे अहम युद्धपोतों में शामिल यूएसएस अब्राहम लिंकन 250 दिनों से ज्यादा समय से समुद्र में तैनात है. इस दौरान उसे लगभग 200 दिनों से किसी बंदरगाह पर रुकने का मौका नहीं मिला. इसपर तैनात 5000 सैनिकों की मानसिक हालत खराब है. रिपोर्ट आई थी कि कई ने समंदर में कूदकर जान देने तक की कोशिश की है. हालांकि अमेरिकी सेना इसे गलत बता रही है. ऐसे में अब अमेरिका इस फाइटर जेट को ले जाने में सक्षम जंगी जहाज की जगह यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन को मिडिल ईस्ट भेजने की तैयारी कर रहा है.
थक चुके सैनिकों को मिलेगी राहत
वॉल स्ट्रीट जनरल की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों ने बताया है कि अमेरिका यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन विमानवाहक पोत को मिडिल ईस्ट भेजने की तैयारी कर रहा है. यह पहले से तय रोटेशन प्लान के तहत यूएसएस अब्राहम लिंकन की जगह लेगा. लिंकन लंबे समय से तैनात है और इस दौरान बहुत कम बंदरगाहों पर गया है. इसे लेकर अमेरिकी सांसदों ने जहाज पर सैनिकों की रहने की स्थिति को लेकर चिंता जताई है.
लगातार तेज गति से चल रहे सैन्य अभियानों और इतने लंबे समय तक समुद्र में रहने का असर जहाज पर तैनात सैनिकों पर पड़ा है. मिलिट्री टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज पर कई सैनिकों ने आत्महत्या की कोशिश की है. लेकिन अमेरिकी सेना (US सेंटकॉम) ने इसे गलत बताया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक रिपोर्ट में सेंटकॉम ने लिखा, "एयरक्राफ्ट कैरियर पर मौजूद किसी भी सैनिक की मौत नहीं हुई है, और 3 अगस्त को जो एक नाविक जहाज से नीचे गिर गया था, उसे तुरंत और सुरक्षित रूप से बचा लिया गया. अब्राहम लिंकन की ऐतिहासिक तैनाती के बारे में बड़े पैमाने पर गलत खबरें फैलाना, वर्दी पहनने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के साथ अन्याय है."
🚫 CLAIM: Over the past 48 hours, multiple media outlets have reported several false claims related to USS Abraham Lincoln's (CVN 72) deployment to the Middle East. One report alleged seven Sailors died in a brawl aboard the aircraft carrier and others have recently suggested a… pic.twitter.com/U1Hg6l1pjN
— U.S. Central Command (@CENTCOM) August 13, 2026
फफूंद लगे शॉवर, खराब टॉयलेट...
लंबी तैनाती के मानसिक तनाव के साथ-साथ जहाज की बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं. कैलिफोर्निया से डेमोक्रेट सांसद माइक लेविन ने एक्स पर बताया कि जहाज पर सैनिक किन हालात का सामना कर रहे हैं. उनकी लिस्ट में “फफूंद लगे शॉवर, खराब टॉयलेट, कई हफ्तों से बंद लॉन्ड्री मशीनें, लंबे समय तक गर्म पानी नहीं मिलना और ऐसा खाना जिसमें आधा कप चावल और दो टॉर्टिला ही थे” शामिल थे.
उन्होंने यह भी कहा कि जहाज पर साबुन, डियोड्रेंट और टूथपेस्ट तक नहीं था. अप्रैल में जहाज पर मिलने वाले खराब और कम क्वांटिटी वाले खाने की तस्वीरें सामने आई थीं. इसके अलावा पानी की कमी, फफूंद लगे शॉवर और खराब लॉन्ड्री मशीनों की शिकायतें भी सामने आई थीं. अमेरिकी सांसदों का कहना है कि वे पेंटागन से जहाज पर सैनिकों की रहने की स्थिति और वहां मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की खबरों के बारे में ज्यादा जानकारी मांग रहे हैं.
कनेक्टिकट से डेमोक्रेट सांसद रिचर्ड ब्लूमेंथल के मुताबिक, यूएसएस अब्राहम लिंकन 250 दिनों से ज्यादा समय से तैनात है और पिछले 200 दिनों से किसी बंदरगाह पर नहीं रुका है. यह लगातार इतने दिनों तक समुद्र में रहने का एक रिकॉर्ड है. ब्लूमेंथल ने इस मामले में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और कार्यवाहक नौसेना मंत्री हंग काओ को पत्र लिखकर चिंता जताई है.
यह भी पढ़ें: ईरान के करीब खड़े युद्धपोत से समंदर में क्यों कूद रहे अमेरिका के सैनिक?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं