अगर आप ग्रेटर नोएडा में रहते हैं या फिर अक्सर सफर करते हैं, तो ये खबर आपके लिए काफी जरूरी हो सकती है. ग्रेटर नोएडा को 45 नए बस स्टैंड मिलने जा रहे है. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने यह फैसला पब्लिक ट्रांसपोर्ट क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लिया है. यह कदम हाल ही में शुरू हुई सिटी बस सेवा के बाद उठाया गया है. आइए जानते हैं ये बस स्टैंड कहां बनेंगे और यात्रियों को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी.
कहां-कहां बनेंगे नए बस स्टैंड?
- गौर चौक
- एक मूर्ति
- बिसरख
- परी चौक
- सूरजपुर
- कलेक्ट्रेट
- स्वर्ण नगरी
इन प्रमुख जगहों के अलावा और भी कई स्थानों पर बस स्टैंड विकसित किए जाएंगे.

सिटी बस सेवा का हुआ विस्तार
जानकारी के अनुसार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें शुरू होने के साथ ही सिटी बस सेवा का विस्तार 100 बसों तक कर दिया गया है. इनमें से नोएडा प्राधिकरण को 50 बसें, जबकि ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण (YEIDA) को 25-25 बसें मिली हैं.
BOT मॉडल पर होगा निर्माण
प्राधिकरण के अधिकारी सन्नी यादव ने बताया कि इन बस स्टैंडों का निर्माण बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (BOT) मॉडल पर किया जाएगा. इसके तहत एक निजी एजेंसी को इनके निर्माण, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है और दो हफ्ते में एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा.
यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
इन नए बस शेल्टरों में यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स, सीसीटीवी (CCTV) कैमरे और रूट डिस्प्ले बोर्ड जैसी आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी.
1 जुलाई से बढ़ सकता है बसों का टाइमिंग
फिलहाल सिटी बसें सुबह 4 बजे से शाम 6 बजे तक चल रही हैं. लेकिन 1 जुलाई से इंडिगो (IndiGo) द्वारा एयरपोर्ट से उड़ानें बढ़ाने के बाद बस सेवाओं का समय देर रात तक बढ़ा दिया जाएगा. प्राधिकरण ने रूट्स में सुधार के लिए जनता से फीडबैक भी मांगा है. यह बसें नोएडा के बॉटनिकल गार्डन, ग्रेटर नोएडा के प्रमुख चौराहों और यमुना अथॉरिटी के शिक्षण संस्थानों को आपस में जोड़ती हैं.
यह भी पढ़ें: लोक अदालत के भरोसे रहने वालों को बड़ा झटका, अब चालान को कोर्ट ले जाने से पहले भरनी होगी 50% रकम, जानें पूरी डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं