- गंगा एक्सप्रेसवे पर नई स्पीड लिमिट तय की गई है.
- अब 120 kmph के बजाए 80 kmph स्पीड लिमिट होगी.
- नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और आने वाले दिनों में कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. यूपीडा (UPEIDA) और यातायात विभाग ने संयुक्त रूप से निर्णय लेते हुए एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट को 120 किमी/घंटा से घटाकर 80 किमी/घंटा कर दिया है. मुख्यालय के निर्देश पर इस नई व्यवस्था को इसी सप्ताह पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा. वहीं स्पीड लिमिट के नियम तोड़ने पर ट्रैफिक पुलिस स्पीड लेजर गन और इंटरसेप्टर के जरिए वाहनों का चालान काटेंगे.
क्यों घटाई गई स्पीड लिमिट?
594 किलोमीटर लंबे मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे के शाहजहांपुर जिले से गुजरने वाले 44 किलोमीटर के हिस्से में पिछले सात महीनों के भीतर 40 से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें करीब 20 लोगों की जान जा चुकी है और 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं.
यातायात पुलिस के इंटरसेप्टर वाहनों से की गई जांच में यह बात सामने आई थी कि एक्सप्रेसवे पर कई कारें 183 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से दौड़ाई जा रही हैं. बेकाबू रफ्तार, नींद आना, मवेशियों का अचानक सामने आना और अब सर्दियों के मौसम में गहराता कोहरा इन भीषण हादसों का मुख्य कारण बन रहा है. इसी को ध्यान में रखते हुए लखनऊ में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने पर सहमति बनी.
भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग स्पीड लिमिट
चार पहिया और हल्के वाहनों की अधिकतम स्पीड लीमिट अब 120 किमी/घंटा से घटाकर 80 किमी/घंटा तय की गई है. जबकि बड़े और भारी वाहनों की गति सीमा 60 किमी/घंटा निर्धारित की गई है. गति सीमा के इस नियम का सख्ती से पालन कराने के लिए यातायात पुलिस की टीमें हफ्ते में चार दिन स्पीड लेजर गन और इंटरसेप्टर वाहनों के साथ औचक निरीक्षण करेंगी. तय सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मौके पर ही ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें | सड़क पर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी नहीं कर सकते ये काम, जान लीजिए अपने कानूनी अधिकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं