विज्ञापन

5 से ज्यादा चालान कटने पर अब सस्पेंड होगा ड्राइविंग लाइसेंस, किराए पर ई-रिक्शा चलवाने वालों दर्ज होगा केस

बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस (DL) सस्पेंड किए जाएंगे. किसी वाहन के नाम पर 5 या उससे ज्यादा चालान दर्ज है तो उसका लाइसेंस रद्द या सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

5 से ज्यादा चालान कटने पर अब सस्पेंड होगा ड्राइविंग लाइसेंस, किराए पर ई-रिक्शा चलवाने वालों दर्ज होगा केस
ड्राइविंग लाइसेंस होगा सस्पेंड
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स
  • वहान पर 5 से ज्यादा चालान दर्ज होने पर सस्पेंड होगा लाइसेंस.
  • किराए पर ऑटो और ई-रिक्शा चलवाने वालों पर होगी कार्रवाई.
  • सर्दियों के कोहरे को देखते हुए स्पीड की लिमिट घटाने की तैयारी.

सड़क हादसों और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन की ओर से कड़े कदम उठाए जा रहे हैं. अब बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस (DL) सस्पेंड किए जाएंगे. आगरा में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अहम फैसला लिया गया है. इसमें कहा गया है कि अगर किसी वाहन के नाम पर 5 या उससे ज्यादा चालान दर्ज है तो उसका लाइसेंस रद्द या सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

मंडल आयुक्त नगेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में सर्दियों के मौसम, कोहरे के दौरान एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा और शहर में लगातार लग रहे जाम की समस्या पर भी गहन मंथन किया गया.

किराए पर ऑटो और ई-रिक्शा चलवाने वालों पर होगी कार्रवाई

शहर में अनियंत्रित ऑटो-रिक्शा और ई-रिक्शा के कारण लगने वाले भीषण जाम से निपटने के लिए प्रशासन ने बड़ी योजना बनाई है. डीआइजी रेंज शैलेश कुमार पांडेय ने निर्देश दिए हैं कि ऐसे वाहन स्वामियों की पहचान की जाए, जो कई-कई वाहन खरीदकर उन्हें किराए पर चलवा रहे हैं. केवल वैध लाइसेंस धारक चालकों को ही वाहन चलाने की अनुमति होगी. नियमों का उल्लंघन करने और किराए पर गैरकानूनी ढंग से वाहन चलवाने वाले स्वामियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा शहर में ऑटो-रिक्शा के लिए 'जोन प्रणाली' (Zone System) लागू करने की भी योजना है.

सुरक्षा के कड़े निर्देश

बैठक के दौरान परिवहन और पुलिस विभाग द्वारा पेश की गई रिपोर्ट में सामने आया कि पिछले कुछ महीनों में हेलमेट, मोबाइल के इस्तेमाल और नशे में गाड़ी चलाने के मामलों में कुछ कमी आई है, लेकिन सीटबेल्ट नहीं लगाने और गलत दिशा में वाहन चलाने के मामलों में बढ़ोतरी हुई है.

यमुना एक्सप्रेस-वे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सर्दियों के कोहरे को देखते हुए स्पीड की लिमिट घटाने, साइनेज बोर्ड लगाने, पेड़ों की छंटाई करने, एम्बुलेंस और क्रेन की संख्या बढ़ाने को कहा गया है. स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में परिवहन सुरक्षा समितियों की नियमित बैठकें कराने और वाहनों की फिटनेस जांचने के निर्देश दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें | गाड़ी पर हेलमेट पहनने पर भी कब काटा जा सकता है चालान? जानें क्या है नियम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Driving License, Driving License Suspended, E-rickshaw Ban, Agra, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com