विज्ञापन

देव दिवाली पर काशी में मेगा ट्रैफिक डायवर्जन, शहर में बसों की एंट्री बैन, जानें कौन-कौन से वाहनों को मिलेगी इजाजत

देव दीपावली के महापर्व पर वाराणसी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने आज यानी मंगलवार के लिए मेगा डायवर्जन प्लान लागू किया है. इसके तहत दोपहर एक बजे के बाद राजघाट पुल पर पैदल आवाजाही भी बंद रहेगी. वहीं, घाटों की तरफ जाने वाले मुख्य रास्तों को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है.

देव दिवाली पर काशी में मेगा ट्रैफिक डायवर्जन, शहर में बसों की एंट्री बैन, जानें कौन-कौन से वाहनों को मिलेगी इजाजत
काशी में आज मेगा डायवर्जन और राजघाट पुल पर पैदल भी रोक.
NDTV
  • वाराणसी में देव दीपावली के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है.
  • घाट किनारे की सड़कों को भीड़ नियंत्रण के लिए पूरी तरह वाहन मुक्त रखा गया.
  • रामनगर से लंका के बीच पैदल व टू व्हीलर्स की इजाजत दी गई है. बड़े वाहन विश्व सुंदरी पुल या रिंग रोड से गुजरेंगे
वाराणसी:

धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी आज यानी 24 नवंबर को देव दीपावली के अलौकिक उत्सव के लिए पूरी तरह तैयार है. गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर उतरने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने मंगलवार के लिए व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी और मेगा डायवर्जन प्लान जारी किया है. ऐसे में अगर आज काशी में देव दीपावली का नजारा देखने निकल रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले इन बदले हुए रास्तों और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी जरूर कर लें.

भीड़ नियंत्रण और किसी भी तरह की अफरातफरी से बचने के लिए घाट किनारे की सड़कों को पूरी तरह वाहन मुक्त रखा गया है. वहीं, नमो घाट के पास स्थित राजघाट पुल पर दोपहर एक बजे के बाद से सभी प्रकार के वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वालों के लिए भी आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा के मुताबिक, सामने घाट पुल से सिर्फ पैदल यात्री और दोपहिया वाहन ही रामनगर से लंका के बीच आजा सकेंगे. बड़े और चार पहिया वाहनों को गंगा पार करने के लिए विश्व सुंदरी पुल या रिंग रोड स्थित गंगा पुल का इस्तेमाल करना होगा. इसके अलावा, मैदागिन से गोदौलिया, लहुराबीर से मैदागिन व बेनिया तिराहा, लक्सा से रामापुरा, ब्रॉडवे तिराहा से सोनारपुरा होते हुए गोदौलिया और अस्सी की ओर जाने वाली सभी प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. इसके अलावा पड़ाव से राजघाट पुल और नमो घाट की तरफ भी गाड़ियां नहीं जा सकेंगी.

इस रास्तों पर लागू किया गया है डायवर्सन 

शहर के अंदरूनी हिस्सों में जाम न लगे, इसके लिए बाहरी जिलों से आने वाले वाहनों और बसों को शहर की सीमा पर ही रोकने की व्यवस्था की गई है. इसके तहत लहरतारा की ओर से आने वाले वाहनों को कैंट फ्लाईओवर के ऊपर नहीं जाने दिया जाएगा. उन्हें स्टेशन के सामने से यू टर्न लेकर इंग्लिशिया लाइन की तरफ मोड़ा जाएगा. नदेसर तिराहा से सिर्फ वीआईपी वाहन ही चौकाघाट की ओर जा सकेंगे. जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर से आने वाली बसें रिंग रोड हरहुआ, बावन बीघा और संदहा अंडरपास के पास ही रोक दी जाएंगी. वहीं, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र की बसें मोहनसराय में ठिकाना ढाबा के पास तक ही आएंगी. यात्री यहां से सिटी बस या ई-रिक्शा के जरिए शहर में प्रवेश कर सकेंगे.

 57 पार्किंग स्थल और 5 होल्डिंग एरिया

श्रद्धालुओं के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने के लिए प्रशासन ने शहर भर में 57 पार्किंग स्थल चिह्नित किए हैं. इनमें बेनियाबाग पार्किंग, गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग, टाउन हॉल, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, क्वीन्स कॉलेज, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज, बीएचयू कैंपस, विद्यापीठ मैदान, पहड़िया मंडी और रामनगर का दुर्गा मंदिर प्रमुख हैं. इसके अतिरिक्त भीड़ का दबाव बढ़ने पर यात्रियों को सुरक्षित रोकने के लिए रामनगर दुर्गा मंदिर, लंका मैदान, संस्कृत विश्वविद्यालय, बीएचयू और यूपी कॉलेज में 5 बड़े होल्डिंग एरिया भी बनाए गए हैं.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और तीन ग्रीन कॉरिडोर

पूरे घाट क्षेत्र और संवेदनशील इलाकों को अलग-अलग जोन और सेक्टरों में बांटकर अभेद्य सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था की कमान 25 से अधिक आईपीएस और 50 से ज्यादा पीपीएस अधिकारियों के हाथों में है, जिनके साथ 4,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी, एटीएस, आईबी, सीआरपीएफ, पीएसी और क्यूआरटी की टीमें मुस्तैद रहेंगी. एसीपी दशाश्वमेध विवेक तिवारी ने बताया कि गंगा में नावों और बजड़ों के सुरक्षित संचालन के लिए करीब 5 किलोमीटर लंबी वाटर बैरिकेडिंग की गई है. नमो घाट से अस्सी जाने वाली नावें घाट किनारे से चलेंगी, जबकि वापसी के लिए रामनगर छोर का रास्ता तय किया गया है. किसी भी मेडिकल इमरजेंसी में एम्बुलेंस को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं. इनमें पहला नमो घाट से कबीर चौरा ये बीएचयू तक है.दूसरा गोदौलिया से बीएचयू तक और तीसरा पड़ाव से रामनगर जिला अस्पताल तक बनाए गए हैं.

यह भी पढ़ें- सारण में सजा सोनपुर मेला तो हापुड़ में मिनी कुंभ, कार्तिक पूर्णिमा पर यूपी-बिहार से राजस्थान के पुष्कर तक आस्था का महाकुंभ; ड्रोन और AI से हो रही निगरानी

 11 लाख दीयों की रोशनी के साथ पहली बार ग्रीन आतिशबाजी का रोमांच

इस बार की देव दीपावली बेहद खास होने जा रही है. गंगा के घाटों पर करीब 11 लाख दीये प्रज्वलित किए जाएंगे. पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक रात 8:30 बजे गंगा पार रेती पर 10 मिनट का भव्य ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो आयोजित होगा. देश में पहली बार काशी में 8 इंच के विशेष शेल का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो आसमान में करीब 600 फीट की ऊंचाई पर भगवान शिव के भजनों की धुन के साथ सतरंगी आकृतियां उकेरेंगे. वहीं, ललिता और मणिकर्णिका घाट पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए दशाश्वमेध, अस्सी, नमो और चेतसिंह घाट पर चार विशाल एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित दूरी से लेजर शो और गंगा आरती का आनंद ले सकें.

यह भी पढ़ें-  राम की नगरी से सीता जी की नगरी तक आज से शुरू होगी ट्रेन, ट्रेन में 8 AC और 7 स्लीपर कोच, सीतामढ़ी-नरकटियागंज से गोरखपुर भी रूट में शामिल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dev Deepawali 2026, Varanasi Traffic, Kashi Dev Deepawali Deepotsav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com