हिंदू धर्म में पूर्णिमा तिथि का विशेष महत्व होता है और इनमें से खास मानी जाती है कार्तिक महीने में पड़ने वाली पूर्णिमा तिथि, जिसे कार्तिक पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है. इस पूर्णिमा के दिन को ही देव दीवाली के नाम से भी जाना जाता है. हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान शिव ने इस दिन राक्षस त्रिपुरासुर को हराया था. ऐसा माना जाता है कि देवता काशी के घाटों पर दीये जलाकर जीत का जश्न मनाने के लिए स्वर्ग से उतरे थे. चलिए आपको बताते हैं इस साल देव दीपावली कब मनाई जाएगी और देव दिवाली पर कितने दीये जलाने चाहिए.
देव दीपावली कब है?
वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक पूर्णिमा यानी देव दीपावली मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी. पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 23 नवंबर की रात 11 बजकर 42 मिनट पर होगी और इसका समापन अगले दिन यानी 24 नवंबर को रात 8 बजकर 23 मिनट पर होगा. उदया तिथि के नियम के अनुसार, 24 नवंबर को ही कार्तिक पूर्णिमा का स्नान, दान और देव दीपावली बनाई जाएगी.
देव दिवाली पर कितने दीये जलाने चाहिए?
देव दिवाली पर दीये जलाने की कोई संख्या निर्धारित नहीं है. धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं के अनुसार, श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार दीप प्रज्वलित कर सकते हैं. हालांकि, इस दिन 5, 11, 21, 51 और 108 दीये जलाना शुभ माना जाता है. अगर आप घर में देव दिवाली मना रहे हैं तो मुख्य द्वार, पूजा घर, तुलसी के पौधे और घर के आंगन में दीपक जला सकते हैं.
देव दिवाली पर दीपदान का महत्व
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, देव दिवाली का संबंध भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर नामक राक्षस के वध से है. कहा जाता है कि भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन त्रिपुरासुर का अंत किया था. इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था. इसी कारण इस पर्व को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है. मान्यता है कि देव दिवाली पर दीपदान करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है. इस दिन गंगा नदी में दीपदान करना भी बेहद शुभ माना जाता है.
यह भी पढ़ें:- Dev Deepawali 2026: देव दीपावली कब है? जानें सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि
यह भी पढ़ें:- Tulsi Puja Rules: तुलसी में जल चढ़ाने का क्या है नियम? जानें कैसे शुरू हुई तुलसी पर जल चढ़ाने की परंपरा
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं