विज्ञापन

सारण में सजा सोनपुर मेला तो हापुड़ में मिनी कुंभ, कार्तिक पूर्णिमा पर यूपी-बिहार से राजस्थान के पुष्कर तक आस्था का महाकुंभ; ड्रोन और AI से हो रही निगरानी

garh Ganga Mela Hapur: कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर देशभर के प्रमुख नदी किनारे और तालाबों पर आस्था और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है. जानें 8 ऐतिहासिक मेलों का धार्मिक महत्व और प्रशासन की हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था.

सारण में सजा सोनपुर मेला तो हापुड़ में मिनी कुंभ, कार्तिक पूर्णिमा पर यूपी-बिहार से राजस्थान के पुष्कर तक आस्था का महाकुंभ; ड्रोन और AI से हो रही निगरानी
सोनपुर और पुष्कर से लेकर गढ़ गंगा और देव दीपावली तक, आस्था के महाकुंभ में उमड़ा जनसैलाब;
NDTV
  • कार्तिक पूर्णिमा पर देश के विभिन्न हिस्सों में धार्मिक मेलों और पवित्र स्नान का आयोजन किया जा रहा है.
  • बिहार के सोनपुर मेला में सुरक्षा व आधुनिक सुविधाओं के लिए CCTV, ड्रोन और रेस्क्यू बोट्स का प्रयोग किया गया है.
  • UP के तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अस्थायी पंटून पुल, सोलर लाइट और मोबाइल टॉयलेट लगाए गए हैं
नई दिल्ली:

Kartik Purnima Mela 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर देश के अलग-अलग हिस्सों में आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं के सबसे बड़े उत्सवों की रौनक बिखरी हुई है. उत्तर भारत की प्रमुख नदियों और पवित्र सरोवरों के घाटों पर सुबह की पहली किरण के साथ ही हर-हर गंगे और जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी है. धार्मिक पर्यटन को नया आयाम देने और लाखों की भीड़ को सुरक्षित अनुभव प्रदान करने के लिए इस बार राज्य सरकारों और स्थानीय प्रशासन ने तकनीक का भरपूर सहारा लिया है. आसमान में मंडराते ड्रोन, घाटों पर तैनात एनडीआरएफ की टीमें, अस्थायी पंटून पुल और लग्जरी टेंट सिटी इन पारंपरिक मेलों को एक आधुनिक और सुरक्षित स्वरूप दे रहे हैं. देश के 8 सबसे बड़े और ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेलों के धार्मिक महत्व और जमीनी इंतजामों पर पेश है यह खास ग्राउंड रिपोर्ट. 

बिहार के हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 

गंगा और गंडक यानी नारायणी नदी के संगम पर लगने वाला सोनपुर मेला एशिया के सबसे बड़े पारंपरिक और पशु मेलों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है.पौराणिक कथाओं के मुताबिक, इसी धरती पर भगवान विष्णु ने अपने भक्त गजराज को ग्राह यानी मगरमच्छ के चंगुल से बचाया था. इस ऐतिहासिक घटना की स्मृति में लाखों श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाकर बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक करते हैं. इस वर्ष बिहार पर्यटन विभाग ने मेले को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए लग्जरी स्विस कॉटेज टेंट सिटी, रोमांचक वाटर स्पोर्ट्स और भव्य लेजर शो की शुरुआत की है. सुरक्षा के मोर्चे पर पूरे मेला क्षेत्र को सेक्टरों में बांटकर 200 से ज्यादा हाई डेफिनिशन सीसीटीवी, ड्रोन कैमरे और संगम घाटों पर एनडीआरएफ व एशडीआरएफ की रेस्क्यू बोट्स को चौबीसों घंटे मुस्तैद रखा गया है.

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में तिगरी गंगा मेला 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मिनी कुंभ के नाम से मशहूर तिगरी गंगा मेले में गंगा की विशाल रेती पर कई किलोमीटर तक तंबुओं की एक अलग ही दुनिया बसी हुई है. यहां लाखों श्रद्धालु परिवार सहित डेरा डालकर कल्पवास करते हैं और कार्तिक पूर्णिमा पर पितरों के तर्पण व दीपदान की परंपरा निभाते हैं. रेतीले रास्तों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए प्रशासन ने गंगा की धारा पर अस्थायी पंटून यानी पीपा पुल, चकर्ड प्लेट्स की सड़कें और रात में दूधिया रोशनी के लिए हाईमास्ट सोलर लाइटें लगाई हैं. गहरे पानी में होने वाले हादसों को रोकने के लिए नदी में मजबूत बैरिकेडिंग और सुरक्षा जाल बिछाए गए हैं, वहीं महिलाओं की निजता और सुविधा के लिए अस्थायी चेंजिंग केबिन और मोबाइल टॉयलेट्स की श्रृंखला तैयार की गई है.

उत्तर प्रदेश हापुड़ जिले में गढ़मुक्तेश्वर मेला 

महाभारत काल के गौरवशाली इतिहास को समेटे गढ़मुक्तेश्वर यामी गढ़ गंगा मेले को उत्तर प्रदेश सरकार ने राजकीय मेले का दर्जा दिया है. धार्मिक मान्यता है कि महाभारत के भीषण युद्ध के बाद पांडवों ने अपने दिवंगत परिजनों की आत्मशांति के लिए इसी तट पर पिंडदान और दीपदान किया था. आज भी कार्तिक पूर्णिमा के दिन लाखों लोग अपने पूर्वजों की मुक्ति की कामना लिए यहां गंगा स्नान और दीप विसर्जन करते हैं. भीड़ के दबाव को देखते हुए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को 5 सुपर जोन और दर्जनों सेक्टरों में बांटा है. वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की निगरानी में भारी पुलिस बल, पीएसी की बाढ़ राहत कंपनियां और घुड़सवार पुलिस लगातार गश्त कर रही है. किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अस्थायी आईसीयू अस्पताल और डिजिटल खोया पाया केंद्र सक्रिय किए गए हैं.

उत्तर प्रदेश के उन्नाव का तकिया मेला

उन्नाव के पाटन तकिया में स्थित सूफी संत हजरत गुलाब अली शाह की दरगाह पर लगने वाला तकिया मेला कार्तिक पूर्णिमा के दिन सामाजिक सद्भाव और सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी तस्वीर पेश करता है. एक तरफ जहां श्रद्धालु पवित्र स्नान की परंपरा निभाते हैं, वहीं हिंदू और मुस्लिम दोनों ही समुदायों के लाखों अकीदतमंद मजार पर चादरपोशी कर अमन चैन की दुआ मांगते हैं. ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय हस्तशिल्प के लिए भी यह मेला बेहद अहम है. संकरे रास्तों पर ट्रैफिक जाम से बचने के लिए पुलिस ने वनवे व्यवस्था और भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है, साथ ही पेयजल टैंकर, फायर ब्रिगेड और 24 घंटे प्राथमिक चिकित्सा चौकियां तैनात की हैं.

राजस्थान के अजमेर का पुष्कर मेला 

राजस्थान की धोरों की धरती पर आयोजित होने वाला विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला कार्तिक पूर्णिमा के दिन अपने सबसे भव्य स्वरूप में होता है. पवित्र पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर महास्नान के साथ-साथ दुनिया के एकमात्र जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में विशेष महाआरती का आयोजन किया जाता है. ऊंटों और मवेशियों के पारंपरिक व्यापार के साथ ही राजस्थान की लोक कला और संस्कृति विदेशी पर्यटकों को भी खूब आकर्षित करती है. राजस्थान पर्यटन विकास निगम और जिला प्रशासन ने घाटों पर भीड़ नियंत्रण के लिए वनवे सर्कुलेशन, एंटी ड्रोन सुरक्षा और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की है. सरोवर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए ऑटोमेटेड वेस्ट कलेक्शन बोट्स लगातार काम कर रही हैं.

उत्तर प्रदेश के आगरा में बटेश्वर मेला 

आगरा के समीप यमुना नदी के अर्धचंद्राकार तट पर स्थित 101 शिव मंदिरों की ऐतिहासिक श्रृंखला वाला बटेश्वर तीर्थ कार्तिक पूर्णिमा पर भक्ति के रंग में डूबा रहता है. लोक मान्यता है कि यहां यमुना नदी उल्टी दिशा यानी उत्तरवाहिनी में प्रवाहित होती हैं. ऐसी मान्यता है कि यहां स्नान और भोले नाथ की पूजा करने से मोक्ष मिलता है. धार्मिक आस्था के साथ ही यह उत्तर भारत का एक प्रमुख पारंपरिक अश्व, ऊंट और पशु मेला भी है. प्रशासन ने नदी घाटों पर मोटरबोट्स और प्रशिक्षित गोताखोरों को तैनात किया है, जबकि मेले में आने वाले हजारों मवेशियों की देखभाल और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशुपालन विभाग के डॉक्टरों की टीमें 24 घंटे मौजूद हैं.

उत्तर प्रदेश के वाराणसी का देव दीपावली व कार्तिक स्नान मेला

कार्तिक पूर्णिमा की संध्या पर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी के सभी 84 ऐतिहासिक घाट लाखों मिट्टी के दीयों की रोशनी से जगमगा उठते हैं. देव दीपावली के इस अलौकिक उत्सव के बारे में मान्यता है कि इस रात स्वयं देवता स्वर्ग से उतरकर गंगा तट पर दिवाली मनाते हैं. इस अद्भुत नजारे का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से लाखों सैलानी काशी पहुंचे हैं. जल मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने बिना लाइफ जैकेट नाव संचालन पर सख्त प्रतिबंध लगाया है, नावों की गति सीमा तय की है और गंगा की मध्य धारा में फ्लोटिंग बेरिकेड्स लगाए हैं. नमो घाट से अस्सी घाट तक सीसीटीवी और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के जरिए 360 डिग्री निगरानी की जा रही है.

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में बसेगी लखनऊ के गोमतीनगर जैसी मिनी सिटी, 1000 एकड़ में एयरोसिटी की DPR तैयार, मिलेंगे सस्ते प्लॉट और फ्लैट

हरियाणा के यमुना नगर का कपाल मोचन मेला

हरियाणा के बिलासपुर स्थित ऐतिहासिक कपाल मोचन तीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड से लाखों सिख और हिंदू श्रद्धालु एकत्रित होते हैं. यहां स्थित तीन पवित्र सरोवरों, सूर्य कुंड, चंद्र कुंड और ऋण मोचन कुंड में स्नान करने का विशेष आध्यात्मिक महत्व है. मान्यता है कि इन सरोवरों में डुबकी लगाने से व्यक्ति को सभी पापों और पितृ ऋण से मुक्ति मिल जाती है. श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशाल लंगर, निर्बाध बिजली आपूर्ति, अस्थायी बस अड्डे और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है.

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में माघ मेला पर खर्च किए जाएंगे 200 करोड़ रुपये, बनाए जाएंगे 9 पांटून पुल और 35 भव्य घाट; जानिए क्या होगा खास

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kartik Purnima 2026 Kab Hai, Sonepur Mela Outfits, Pushkar Mela, Dev Deepawali Varanasi, Tigri Ganga Mela
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com