- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आज राजधानी के लुटियंस और मध्य दिल्ली क्षेत्रों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए हैं.
- मंडी हाउस, पंचकुइयां, मिंटो रोड और कनॉट प्लेस जैसे व्यस्त चौराहों पर लोगों से अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह
- राजधानी के 20 से ज्यादा प्रमुख चौराहों और मार्गों पर ट्रैफिक दबाव या डायवर्जन लागू होने की संभावना बनी हुई है.
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में लगातार जारी प्रदर्शनों के मद्देनजर कानून व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आज यानी 12 अक्टूबर के लिए नया ट्रैफिक अलर्ट जारी किया है. इसके तहत लुटियंस दिल्ली, मध्य दिल्ली और आसपास के प्रमुख चौराहों पर डायवर्सन और आवाजाही पर प्रतिबंध लागू किए गए हैं. मंडी हाउस, पंचकुइयां, मिंटो रोड और कनॉट प्लेस जैसे व्यस्त चौराहों से गुजरने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न प्रदर्शनों के कारण दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता को सतर्क रहने की हिदायत दी है. पुलिस की ओर से जारी ताजा एडवाइजरी के मुताबिक स्थिति के आधार पर दिनभर में डायवर्सन लागू किए जा सकते हैं. अगर आप आज ऑफिस, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे या एयरपोर्ट जा रहे हैं, तो रास्ते में मिलने वाले जाम से बचने के लिए सफर पर निकलने से पहले ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों को जरूर समझ लें.
इन प्रमुख चौराहों और स्ट्रेच पर आवाजाही रहेगी प्रभावित
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, दिल्ली के 20 से ज्यादा मुख्य चौराहों और मार्गों पर डायवर्जन या ट्रैफिक का दबाव देखने को मिल सकता है.
कनॉट प्लेस और मध्य दिल्ली
गोल चक्कर पंचकुइयां, मंडी हाउस, मिंटो रोड या दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक, चेम्सफोर्ड रोड, बाराखंबा रोड T पॉइंट और संसद मार्ग T पॉइंट.
लुटियंस और प्रशासनिक क्षेत्र
डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, गोल चक्कर अशोक रोड जंतर मंतर रोड, गोल चक्कर रेल भवन, पटेल चौक, जय सिंह रोड संसद मार्ग और जय सिंह रोड अशोक रोड T पॉइंट.
दक्षिण और पश्चिमी दिल्ली मार्ग
सरदार पटेल मार्ग पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भिकाजी कामा प्लेस अंडरपास, मोती बाग फ्लाईओवर अंडरपास, रिंग रोड सैन मार्टिन मार्ग T पॉइंट और RML अस्पताल गोलचक्कर. इसके अलावा, भैरों रोड MGM (रिंग रोड) T पॉइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर और गोल चक्कर नीला गुंबद पर भी भारी ट्रैफिक दबाव देखा जा सकता है.
वाहन चालकों और आम यात्रियों के लिए दिल्ली पुलिस की सलाह
दिल्ली में जारी प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने आज सफर पर निकलने वालों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए सलाह दी है कि नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के रास्ते रेलवे स्टेशनों, आईएसबीटी या आईजीआई एयरपोर्ट जाने वाले यात्री अतिरिक्त समय लेकर रखकर निकलें. इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रभावित क्षेत्रों से होकर गैर जरूरी यात्रा करने से बचें, ताकि असुविधा न हो. इसके साथ ही यात्रा के दौरान मुख्य चौराहों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों और डायवर्जन बोर्ड का पालन करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें- सालभर का FASTag लोकल पास 3000 रुपये में? टोल प्लाजा के 20 KM दायरे में रहने वालों को मिलेगा फायदा
लाइव अपडेट्स के लिए लें हेल्पलाइन नंबर की मदद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि दिन में पैदा होने वाले हालात के मद्देनजर भी ट्रैफिक को लेकर फैसले लिए जाएंगे. ऐसे में सड़क पर निकलने से पहले रियल टाइम ट्रैफिक की स्थिति पता करने के लिए दिल्ली पुलिस के आधिकारिक वॉट्सऐप नंबर और सोशल मीडिया हैंडल्स का सहारा ले सकते हैं, जिसकी जानकारी नीचे दी गई है.
- WhatsApp नंबर: 8750871493
- ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर: 1095 या 01125844444
- सोशल मीडिया हैंडल्स: X (@dtptraffic), Facebook, और Instagram (@dtptraffic)
यह भी पढ़ें- नवरात्रि पर दिल्ली-यूपी से जाना है दर्शन के लिए वैष्णो देवी, जानिए कौन-कौन सी ट्रेन सीधे पहुंचाएंगी माता के धाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं