विज्ञापन

मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए लोगों को लगाते थे लाखों की चपत, पुलिस ने गिरोह के 22 लोगों किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार पीड़ितों द्वारा दी गई अनुमति का दुरुपयोग कर आरोपी उनके मोबाइल फोन और वित्तीय जानकारी तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर लेते थे. इसके बाद वे बैंक खातों पर कब्जा कर लेते थे और धोखाधड़ी से लेनदेन करते थे.छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने झारखंड और बिहार पुलिस के साथ समन्वय किया.

मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए लोगों को लगाते थे लाखों की चपत, पुलिस ने गिरोह के 22 लोगों किया गिरफ्तार
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो मोबाइल मैलवेयर के जरिए लोगों से ठगी को अंजाम देते थे. पुलिस ने इस गिरोह के 22 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस की टीम ने इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार में छापेमारी की थी. पुलिस की जांच में पात चला कि ये सभी आरोपी अलग-अलग लोकेशन पर बैठकर मोबाइल एप्लिकेशन से लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे. 

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर स्वामी ने बताया कि इन गिरोहों ने 22,139 से कथित तौर पर साइबर धोखाधड़ी की और 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की. गिरफ्तार आरोपियों से सीधे जुड़े 2,080 शिकायतें राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज हैं.उन्होंने बताया कि 11 से 15 नवंबर के बीच 64 पुलिसकर्मियों की सात विशेष टीम ने झारखंड के जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह और अन्य इलाकों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 11 कथित साइबर ठगी गिरोहों से जुड़े 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया.

इस अभियान में कथित तौर पर दुर्भावनापूर्ण एंड्रॉयड पैकेज किट (एपीके) फाइल तैयार करने और उन्हें प्रसारित करने वाले डेवलपर, वितरक व उप-वितरकों के एक नेटवर्क का भी पता चला.पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए 63 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो मैकबुक और एक टैबलेट बरामद किया है.पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल साक्ष्य जुटाने के लिए इन उपकरणों की जांच की जा रही है. जांच की शुरुआत बैंक खातों पर अनधिकृत कब्जे और एपीके फाइलों के जरिए ठगी से जुड़ी 1,000 से अधिक शिकायतों के विश्लेषण से हुई.

डीसीपी स्वामी ने बताया कि जांचकर्ताओं ने फॉरेंसिक विश्लेषण के जरिए 32 एपीके फाइलों की जांच की। इसके साथ ही नेटवर्क का पता लगाने के लिए 56 संदिग्ध टेलीग्राम प्रोफाइल और उनसे जुड़े व्हाट्सऐप नंबरों की पड़ताल की. आरोपी कथित तौर पर वरिष्ठ नागरिकों को निशाना बनाते थे. वे बैंक अधिकारी बनकर उनसे जीवन प्रमाणपत्र के सत्यापन, केवाईसी अपडेट, क्रेडिट कार्ड जारी करने, बिजली और गैस कनेक्शन से जुड़ी जानकारी अद्यतन करने तथा क्रेडिट लिमिट बढ़ाने के नाम पर संपर्क करते थे.

उन्होंने बताया कि आरोपी व्हाट्सऐप के जरिए पीड़ितों से संपर्क करते थे और बैंकिंग संबंधी सत्यापन या उनकी जानकारी अद्यतन करने के बहाने उन्हें एपीके फाइल डाउनलोड करने के लिए राजी करते थे. इन एप्लिकेशन को इंस्टॉल करने के बाद फर्जी बैंकिंग फॉर्म दिखाई देते थे और इनके जरिए व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग संबंधी विवरण, एसएमएस, वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी), कॉल रिकॉर्ड तथा गैलरी में मौजूद सामग्री तक पहुंच मांगी जाती थी.

पुलिस के अनुसार पीड़ितों द्वारा दी गई अनुमति का दुरुपयोग कर आरोपी उनके मोबाइल फोन और वित्तीय जानकारी तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर लेते थे. इसके बाद वे बैंक खातों पर कब्जा कर लेते थे और धोखाधड़ी से लेनदेन करते थे.छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने झारखंड और बिहार पुलिस के साथ समन्वय किया. पुलिस ने बताया कि इस अभियान का असर एनसीआरपी के आंकड़ों में भी दिखाई दिया.  अभियान शुरू होने के बाद के सात दिनों में दिल्ली में एपीके आधारित ठगी की शिकायतों में 48 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई. दो से 10 नवंबर के बीच ऐसी 1,406 शिकायतें दर्ज हुई थीं, जबकि 11 से 17 नवंबर के बीच इनकी संख्या घटकर 724 रह गई.आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत साइबर पश्चिम पुलिस थाने में दर्ज दो मामलों में गिरफ्तार किया गया है. 

यह भी पढ़ें: डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए सरकार का बड़ा कदम, 2027 से WhatsApp-Telegram चलाने के लिए एक्टिव सिम जरूरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cyber Crime, Delhi Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com