- सोनीपत में दहेज और गाड़ी की मांग को लेकर शादी के दिन दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया
- दूल्हे ने साढ़े नौ लाख रुपये की गाड़ी पसंद न आने पर ब्रेजा गाड़ी की मांग की थी
- लड़की के पिता ने शादी की तैयारियों पर पच्चीस से तीस लाख रुपये का खर्च किया था
सोनीपत में दहेज और गाड़ी की मांग को लेकर शादी के दिन ऐसा विवाद हुआ कि दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया. आरोप है कि दूल्हे को साढ़े 9 लाख रुपये की गाड़ी पसंद नहीं आई और उसने ब्रेजा गाड़ी की मांग कर दी. ब्रेजा गाड़ी नहीं मिलने पर दूल्हे ने शादी करने से इनकार कर दिया. उधर, दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप में बैठकर दूल्हे का इंतजार करती रही. लड़की के पिता का आरोप है कि शादी की तैयारियों पर उन्होंने 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे. अब पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है.
रिश्ता तय होने के बाद मांगा दहेज
दरअसल, मामला सोनीपत के रामनगर का है. जहां रहने वाले सुभाष कुमार ने अपनी बेटी हिना का रिश्ता करीब 6 महीने पहले गोहाना के गांधीनगर निवासी कुलदीप के साथ तय किया था. कुलदीप दिल्ली पुलिस में तैनात है. 20 नवंबर को दोनों की शादी होनी थी. लड़की के पिता का आरोप है कि रिश्ता तय होने के बाद से ही दूल्हे पक्ष की तरफ से गाड़ी और गहनों को लेकर मांगें रखी जाने लगीं. पीड़ित पिता के मुताबिक, उन्होंने दूल्हे के लिए करीब साढ़े 9 लाख रुपये की गाड़ी बुक करवाई हुई थी. लेकिन शादी से एक दिन पहले मध्यस्थों के जरिए उन्हें पता चला कि कुलदीप को यह गाड़ी पसंद नहीं है. उसे ब्रेजा गाड़ी चाहिए. इसके बाद पिता ने पहले वाली गाड़ी की बुकिंग कैंसिल करवाई और ब्रेजा की तलाश शुरू कर दी. लेकिन शादी में कम समय होने के कारण गाड़ी की बुकिंग नहीं हो पाई. पिता का आरोप है कि ब्रेजा की कीमत करीब 13 लाख रुपये थी.

लाखों के सोने की ज्वेलरी की कर दी डिमांड
इतना ही नहीं, पिता ने दूल्हे के लिए सोने की दो तोले की चेन, उसकी मां के लिए चार तोले के टॉप्स और चांदी की पाजेब देने की तैयारी भी की थी. आरोप है कि दूल्हे के जेठ और जेठानी के लिए भी गहनों की मांग की गई. लड़की पक्ष ने उनकी मांग मानते हुए गहने बनवाने का ऑर्डर तक दे दिया. इसके अलावा शादी में फर्नीचर और अन्य सामान भी तैयार करवाया गया था.
1200 लोगों के खाने का इंतजाम, नहीं पहुंची बारात
20 नवंबर को शादी के दिन सोनीपत की मामचंद वाटिका में शादी समारोह रखा गया था. लड़की पक्ष की तरफ से करीब 1200 लोगों के खाने का इंतजाम किया गया था. लेकिन आरोप है कि दूल्हा कुलदीप अपनी मां के साथ बारात लेकर आने की बजाय साधारण कपड़ों में ही वाटिका पहुंच गया. वहां पहुंचकर उसने ब्रेजा गाड़ी तलाश की. जब गाड़ी नहीं मिली तो लड़की पक्ष के साथ कहासुनी शुरू हो गई.
लड़की के पिता का आरोप है कि दूल्हे ने उनके परिवार के साथ गाली-गलौज की. दुल्हन के भाई साहिल के साथ भी विवाद हुआ. इस दौरान लड़की पक्ष के लोग और रिश्तेदार हाथ जोड़कर दूल्हे और उसकी मां से शादी की रस्में पूरी करने की गुहार लगाते रहे. लेकिन दूल्हा पक्ष नहीं माना और आखिरकार बारात लेकर वापस लौट गया. वहीं दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप में बैठी इंतजार करती रह गई.
शादी में 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए
पीड़ित पिता का कहना है कि शादी की तैयारियों पर उन्होंने करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे. करीब 1 लाख 32 हजार रुपये का फर्नीचर बनवाया था. डीजे और घोड़ी का भी इंतजाम किया गया था. बारात में करीब 20 से 30 लोग ही पहुंचे थे. लेकिन दूल्हे के वापस लौटने के बाद शादी समारोह में आए मेहमानों ने भी खाना नहीं खाया. जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक और सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें:- शादी में DJ बैन, दहेज पर रोक, मृत्यु भोज पर फिजूलखर्ची होगी बंद! फरीदाबाद में राजपूत महापंचायत का बड़ा फैसला
घटना के बाद दोनों पक्षों की तरफ से डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई. पीड़ित पिता सुभाष ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को शिकायत देकर दूल्हे कुलदीप और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पिता का कहना है कि उनकी बेटी MA और JBT पढ़ी हुई है. उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार शादी की सभी तैयारियां की थीं. अब उनकी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए.
फिलहाल पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है.
ये भी पढ़ें:- ससुराल में पहली रात दुल्हन को पूल में डुबो कराया धर्म परिवर्तन, विरोध पर पिता को इतना पीटा कि हालत गंभीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं