विज्ञापन

रामलीला-दुर्गा पूजा और दिवाली मेला में नहीं होगी बिजली कटौती, दिल्ली में 24 घंटे में मिलेगा पॉवर कनेक्शन

दिल्ली में किसी भी तरह के आयोजन के लिए अब बिजली का कनेक्शन लेना बेहद आसान हो गया है. बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने के मात्र 24 घंटे के भीतर तत्काल अस्थायी बिजली कनेक्शन दिया जाएगा.

रामलीला-दुर्गा पूजा और दिवाली मेला में नहीं होगी बिजली कटौती, दिल्ली में 24 घंटे में मिलेगा पॉवर कनेक्शन
दिल्ली में 24 घंटे में मिलेगा पॉवर कनेक्शन
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स
  • रामलीला-दुर्गा पूजा और दिवाली मेले में अस्थायी बिजली कनेक्शन.
  • बिजली कंपनी दिल्ली में आवेदन के बाद 24 घंटे में कनेक्शन देगी.
  • बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं.

दिल्ली में रामलीला मंचन, दुर्गा पूजा और दिवाली मेलों जैसे धार्मिक आयोजनों के लिए अब बिजली का कनेक्शन लेना बेहद आसान हो गया है. दिल्ली सरकार और बिजली वितरण कंपनियों (DISCOM) ने त्योहारों के सीजन में आयोजकों को बड़ी राहत देते हुए आवेदन करने के मात्र 24 घंटे के भीतर तत्काल अस्थायी बिजली कनेक्शन (Temporary Power Connection) देने का ऐलान किया है. त्योहार के दिनों में निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी डिस्कॉम टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.

डीजल जनरेटरों पर प्रतिबंध के कारण लिया गया फैसला

दिल्ली में सर्दियों के दस्तक देते ही वायु प्रदूषण का खतरा बढ़ जाता है, जिसे देखते हुए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत डीजल जनरेटरों (DG Sets) के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहती है. ऐसे में पूजा पंडालों और रामलीला मैदानों में रोशनी और साउंड सिस्टम के लिए बिजली की भारी मांग होती है. आयोजकों को जनरेटर के विकल्प के रूप में कोई परेशानी न हो, इसीलिए इस तत्काल बिजली कनेक्शन सेवा की शुरुआत की गई है.

घर बैठे कर सकते हैं आवेदन

आवेदकों की सहूलियत के लिए ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन आवेदन की भी व्यवस्था की गई है. आवेदक डिस्कॉम की आधिकारिक वेबसाइट, आधिकारिक मोबाइल ऐप, आधिकारिक मोबाइल ऐप, कस्टमर केयर सेंटर और डिविजनल कार्यालय और डिस्कॉम के आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर पर आवेदन कर सकते हैं. जैसे ही आयोजक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करेंगे और डिमांड नोट (फीस) जमा करेंगे, डिस्कॉम की टीम 24 घंटे के भीतर मौके पर जाकर मीटर स्थापित कर देगी और कनेक्शन चालू कर दिया जाएगा.

BSES ने जानकारी दी है कि दक्षिण, पश्चिम, पूर्व और मध्य दिल्ली में रामलीला, दुर्गा पूजा, दीवाली मेलों के साथ-साथ आगामी शादियों के सीजन के लिए भी यह अस्थायी कनेक्शन दे रही है. वहीं उत्तरी दिल्ली के क्षेत्रों के लिए टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लिमिटेड ने भी इस तत्काल सेवा को लाइव कर दिया है.

सुरक्षा को लेकर सख्त हिदायत

बिजली कंपनियों की तकनीकी टीमें आयोजन स्थलों के आसपास लगे खंभों, स्ट्रीट लाइटों, ट्रांसफार्मर, सब-स्टेशनों और फीडरों की नियमित जांच कर रही हैं. इसके साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर आयोजकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे पंडालों की वायरिंग में किसी भी तरह की ढिलाई न बरतें और शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए अर्थ लीकेज सर्किट ब्रेकर (ELCB) का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें.

यह भी पढ़ें | स्मार्ट मीटर से कहीं ज्यादा तो नहीं आ रहा बिल? इन 5 आसान तरीकों से घर बैठे करें टेस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Electricity, Delhi Electricity Connections, Ramlila Celebration, Delhi News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com