Smart Meter Check Tips : स्मार्ट मीटर तकनीक पर आधारित होते हैं और आमतौर पर ये बिल्कुल सटीक रीडिंग दर्ज करते हैं. लेकिन कई बार उपभोक्ताओं को शिकायत होती है कि उनका बिजली बिल अचानक बहुत ज्यादा आ रहा है. दरअसल, किसी तकनीकी खराबी, वोल्टेज में गड़बड़ी या इंस्टॉलेशन एरर कू वजह से कभी-कभी रीडिंग गलत भी आ सकती है.
अगर आपको लगता है कि आपका बिजली बिल आपकी खपत की तुलना में बहुत अधिक आ रहा है, तो बिजली विभाग को शिकायत करने से पहले आप खुद कुछ आसान टेस्ट करके इसकी पुष्टि कर सकते हैं. बिजली के मीटर या मेन बोर्ड के साथ खुद कोई छेड़छाड़ न करें. कोई भी टेस्ट करते समय सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें और केवल स्विच-ऑफ या ऑन के जरिए ही घरेलू परीक्षण करें.
सभी उपकरण बंद करके चेक करें
- घर के सभी बिजली के उपकरण जैसे पंखे, लाइट, टीवी, फ्रिज, एसी वगैरह बंद कर दें और मेन स्विच ऑन रखें.
- इसके बाद स्मार्ट मीटर की स्क्रीन या उस पर जलने वाली रेड लाइट को ध्यान से देखें.
- अगर सारे उपकरण बंद होने के बावजूद मीटर का अंक (Digit) लगातार बढ़ रहा है या पल्स लाइट तेजी से झपक रही है, तो मीटर में तकनीकी खराबी या घर की वायरिंग में लीकेज हो सकती है.
फिक्स लोड टेस्ट करें
- घर में 1000 वाट का कोई उपकरण जैसे हीटर या गीजर लें.
- 1000 वाट का उपकरण 1 घंटे लगातार चलने पर ठीक 1 यूनिट बिजली खपत करता है.
- उपकरण चलाने से पहले और 1 घंटे बाद की मीटर रीडिंग दर्ज करें. यदि 1 घंटे में 1 यूनिट से बहुत ज्यादा या कम रीडिंग आती है, तो मीटर की सटीकता पर सवाल उठना लाजिमी है.
अचानक बिल में आई तेजी पर नजर रखें
अगर आपने घर में कोई नया बड़ा उपकरण इस्तेमाल करना शुरू नहीं किया है और न ही आपकी दैनिक आदतों में बदलाव आया है, फिर भी आपका मासिक बिल दोगुना या तीन गुना आ गया है, तो यह स्मार्ट मीटर में खराबी का पहला स्पष्ट संकेत हो सकता है.
मोबाइल ऐप और डिस्प्ले रीडिंग का मिलान करें
ज्यादातर बिजली कंपनियां स्मार्ट मीटर के साथ मोबाइल ऐप की सुविधा भी देते हैं. ऐप में दिखाई दे रही दैनिक या प्रति घंटे की खपत की तुलना अपने फिजिकल स्मार्ट मीटर के डिस्प्ले पर दिख रही रीडिंग से करें. अगर ऐप के डेटा और मीटर के डिस्प्ले में बड़ा अंतर या मिसमैच दिखता है, तो यह सिस्टम में गड़बड़ी का संकेत है.
पिछले महीनों के बिल से तुलना करें
अपने पिछले 3 से 6 महीनों के बिजली बिलों का तुलनात्मक विश्लेषण करें. मौसम के हिसाब से जैसे गर्मियों में एसी चलने से बिल बढ़ना और खपत बढ़ना सामान्य है, लेकिन बिना किसी मौसमी बदलाव के अचानक यूनिट का बढ़ जाना मीटर की जांच की ओर इशारा करता है.
यह भी पढ़ें- 2700 की दवा 27000 में खरीदने के लिए अस्पताल कर रहा है मजबूर, ऐसे करें शिकायत
स्मार्ट मीटर में खराबी मिलने पर क्या करें?
- अपने संबंधित बिजली वितरण निगम के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर, आधिकारिक ऐप या नजदीकी उप-संभाग कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं.
- आप विभाग से अपने परिसर में चेक मीटर लगाने का अनुरोध कर सकते हैं. यह मीटर आपके वर्तमान स्मार्ट मीटर की रीडिंग का सही आकलन करने के लिए लगाया जाता है.
- अगर जांच में स्मार्ट मीटर खराब पाया जाता है, तो बिजली विभाग द्वारा इसे नि:शुल्क बदला जाएगा और गलत आई रीडिंग के आधार पर आपके अगले बिल में समायोजन किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- क्या आपका ATM कार्ड डैमेज हो गया है, तुरंत करें यह काम, 7 दिनों में आ जाएगा नया कार्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं