विज्ञापन

पुराने कपड़ों से होगा बड़ा काम, दिल्ली के 10 मेट्रो स्टेशनों पर शुरू होगी 'अर्पण केंद्र सुविधा', जानें क्या है ये

दिल्ली सरकार और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन मिलकर एक खास पहल शुरू करने जा रहे हैं. आइए जानते हैं क्या है ARPAN Kendra-

पुराने कपड़ों से होगा बड़ा काम, दिल्ली के 10 मेट्रो स्टेशनों पर शुरू होगी 'अर्पण केंद्र सुविधा', जानें क्या है ये
पुराने कपड़े फेंकने की बजाय यहां करें दान, दिल्ली सरकार और DMRC की नई पहल शुरू
(P.C- @DelhiGovDigital/X)

अक्सर हमारे घरों में ऐसे कई कपड़े पड़े रहते हैं, जिन्हें हम इस्तेमाल नहीं करते. ये कपड़े बस अलमारी में रखे-रखे जगह घेरते रहते हैं. अगर आपकी अलमारी भी इस तरह के कपड़ों से भरी हुई है या आपके पास भी ऐसे कपड़े हैं, जो आपके काम के नहीं हैं, तो ये आर्टिकल आप ही के लिए है. बता दें कि दिल्ली सरकार और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) मिलकर एक खास पहल शुरू करने जा रहे हैं, जिसका नाम है ARPAN Kendra. इस पहल का मकसद पुराने कपड़ों को नया जीवन देना और कपड़ों से पैदा होने वाले कचरे को कम करना है.

क्या है ARPAN Kendra?

ARPAN Kendra एक ऐसी पहल है, जहां लोग अपने पुराने या इस्तेमाल लायक कपड़े दान कर सकते हैं. इसके लिए दिल्ली के 10 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर स्पेशल कलेक्शन बॉक्स लगाए जाएंगे. मेट्रो से सफर करने वाले लोग इन बॉक्स में अपने पुराने कपड़े डाल सकेंगे. इससे लोगों को कपड़े दान करने के लिए अलग से कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी.

पुराने कपड़ों का क्या होगा?

कलेक्शन बॉक्स में जमा किए गए कपड़ों को अलग-अलग कैटेगरी में बांटा जाएगा. इसके बाद NGOs और Self Help Groups की मदद से इनसे अलग-अलग उपयोगी प्रोडक्ट्स बनाए जाएंगे. यानी इन कपड़ों को रिसाइकिल करके नए सामान तैयार किए जाएंगे. इससे न सिर्फ कपड़ों की बर्बादी कम होगी, बल्कि कई लोगों को रोजगार और आजीविका के अवसर भी मिल सकते हैं.

कहां लगाए जाएंगे कलेक्शन बॉक्स?

नई पहल के तहत इन कलेक्शन पॉइंट्स को- 

  • शाहदरा (रेड लाइन)
  • मोहन एस्टेट (वायलेट लाइन) 
  • रोहिणी वेस्ट (रेड लाइन) 
  • लाजपत नगर (वायलेट और पिंक लाइन) 
  • मालवीय नगर (येलो लाइन) 
  • मयूर विहार फेज-I (ब्लू और पिंक लाइन)
  • हौज खास (येलो और मैजेंटा लाइन) 
  • पंजाबी बाग वेस्ट (पिंक और ग्रीन लाइन) 
  • द्वारका (ब्लू लाइन) और 
  • शालीमार बाग (पिंक लाइन) मेट्रो स्टेशन पर लगाया जाएगा. 

पर्यावरण को होगा बड़ा फायदा

आज टेक्सटाइल वेस्ट यानी कपड़ों से निकलने वाला कचरा एक बड़ी पर्यावरणीय समस्या बनता जा रहा है. बड़ी मात्रा में फेंके गए कपड़े कूड़े के ढेर को बढ़ाते हैं और प्रदूषण का कारण बनते हैं. ARPAN Kendra के जरिए इस कचरे को कम करने की कोशिश की जाएगी. यह पहल Clean, Green और Sustainable Delhi के लक्ष्य को मजबूत करेगी.

ऐसे में अगर आपके घर में भी पुराने कपड़े रखे हैं, तो आप उन्हें बेकार समझकर फेंकने की बजाय दान कर सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- दुकानदार MRP से ज्यादा पैसे मांगे तो सबसे पहले क्या करें? जानिए शिकायत करने का सही तरीका और कहां मिलेगी मदद

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com