- दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर AI सीसीटीवी कैमरा.
- हर एक किलोमीटर पर हाई-रिजॉल्यूशन 360-डिग्री कैमरे.
- ओवरस्पीडिंग, गलत लेन में चलने वाले गाड़ियों की होगी पहचान.
दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सफर को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से लैस आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम तेज कर दिया है. बताया जा रहा है कि गदपुरी से होडल तक करीब 45 किलोमीटर के दायरे में लगभग 45 कैमरे लगाए जा रहे हैं, जबकि मितरोल, औरंगाबाद और बामनीखेड़ा में स्थापना का कार्य पूरा हो चुका है. हरियाणा-यूपी सीमा स्थित करमन टोल प्लाजा पर बनने वाले कंट्रोल रूम से 24 घंटे लाइव निगरानी रखी जाएगी.
हर एक किलोमीटर पर लगेगा कैमरा
हाईवे-19 पर एक किलोमीटर के अंतराल पर हाई-रिजॉल्यूशन 360-डिग्री कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे दोनों ओर के रास्तों पर आधा-आधा किलोमीटर का क्षेत्र कवर करेंगे और घने कोहरे और रात में भी स्पष्ट रिकॉर्डिंग होंगे. इसके अलावा हर 10 किलोमीटर पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जा रहे हैं, जो ओवरस्पीडिंग, गलत लेन या गलत दिशा में चलने वाले गाड़ियों की नंबर प्लेट तुरंत पहचानकर नियम तोड़ने पर कार्रवाई में मदद करेंगे.
क्या होगा फायदा?
नई व्यवस्था से त्योहारों, वीकेंड और पीक आवर्स में जाम व वाहन खराब होने जैसी स्थितियों में कंट्रोल रूम को तुरंत अलर्ट मिलेगा, जिससे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचकर मार्ग सुचारू कर सकेगी. दुर्घटना होने पर सटीक स्थान की जानकारी सेकंडों में मिलने से पुलिस, एंबुलेंस और क्रेन की तैनाती तेज होगी, जिससे घायलों को गोल्डन आवर में इलाज मिल सकेगा और जनहानि कम करने में मदद मिलेगी.
एनएचएआई के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि इस प्रणाली से हादसों और अपराधों पर लगाम कसने के साथ वाहन चालकों में अनुशासन बढ़ेगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि तय समय में इंस्टालेशन व टेस्टिंग पूरी कर संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सफर की सुविधा मिलेगी.
यह भी पढ़ें | हापुड़ से आनंद विहार के बीच 12 इलेक्ट्रिक बसें शुरू, हर 20 मिनट में बस सेवा से दिल्ली-गाजियाबाद का सफर आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं