Mango Festival : आम को फलों का राजा यूं ही नहीं कहा जाता. अपनी मिठास, खुशबू और सैकड़ों किस्मों की वजह से यह लगभग हर उम्र के लोगों का पसंदीदा फल है. गर्मियों का मौसम आते ही आम की मांग बढ़ जाती है. अगर आप भी आम के शौकीन हैं, तो इस वीकेंड आपके लिए खास मौका है. दिल्ली में 35वें मैंगो फेस्टिवल की शुरूआत हो चुकी है. तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में देशभर से लाई गई 400 से ज्यादा किस्मों के आम एक ही जगह देखने और उनके बारे में जानने का अवसर मिलेगा. यह फेस्टिवल 3, 4 और 5 जुलाई 2026 को दिल्ली हाट जनकपुरी में कराया जा रहा है. आम प्रेमी दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक इस फेस्टिवल में जाकर अलग-अलग किस्मों का स्वाद चख सकते हैं.
देशभर के बागानों से पहुंचे खास आम
मैंगो फेस्टिवल में उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दूसरे राज्यों के बागानों से लाई गई सैकड़ों किस्मों के आम उपलब्ध होंगे. लोगों को यहां पारंपरिक किस्मों के साथ-साथ कई दुर्लभ और कम फेमस आमों को देखने का अवसर मिलेगा. फेस्टिवल का मकसद केवल आमों की प्रदर्शनी लगाना नहीं, बल्कि देश की समृद्ध बागवानी विरासत और अलग-अलग राज्यों की खास आम किस्मों को बढ़ावा देना भी है.
परिवार के साथ बिताएं स्वाद और मनोरंजन से भरपूर दिन
हर साल होने वाला यह फेस्टिवल बच्चों, युवाओं और परिवारों के बीच काफी लोकप्रिय रहता है. यहां आने वाले लोग अलग-अलग किस्मों के आमों के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं और उनका स्वाद ले सकते हैं. आयोजन स्थल पर अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारिवारिक माहौल का भी अनुभव मिलेगा, जिससे यह केवल एक प्रदर्शनी नहीं बल्कि पूरे परिवार के लिए एक मनोरंजक आयोजन बन जाता है.
सिर्फ 20 रुपए में मिलेगी एंट्री
फेस्टिवल में एंट्री के लिए टिकट की कीमत 20 रुपए रखी गई है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस इवेंट का हिस्सा बन सकें. अगर आप मेट्रो से आने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे नजदीकी स्टेशन दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन पर स्थित डाबरी मोड़-जनकपुरी साउथ मेट्रो स्टेशन है. वहां से दिल्ली हाट आसानी से पहुंचा जा सकता है.
दिल्ली पर्यटन विभाग की खास पहल
यह फेस्टिवल दिल्ली टूरिज्म डिपार्टमेंट की ओर से कराया जा रहा है. हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. अगर आप आम के स्वाद, उसकी किस्मों और भारतीय बागवानी संस्कृति को करीब से देखना चाहते हैं, तो 35वां मैंगो फेस्टिवल आपके लिए एक बेहतरीन मौका है. स्वाद, रंग और खुशबू से भरपूर यह इवेंट राजधानी के सबसे आकर्षक फूड फेस्टिवल्स में से एक माना जाता है.
यह भी पढ़ें: Delhi Traffic Advisory: 3 अगस्त तक दिल्ली का ये रास्ता रहेगा बंद, डायवर्ट किया जाएगा ट्रैफिक, पढ़ लें एडवाइजरी
यह भी पढ़ें: Noida Airport: अब नोएडा से करिए श्रीनगर तक का हवाई सफर, शुरू हो गई विमान सेवा, जानिए टाइमिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं