Delhi Free Plant Registration : अगर आप अपने घर, सोसायटी या आसपास हरियाली बढ़ाना चाहते हैं, तो दिल्ली सरकार ने इसके लिए एक नई सुविधा शुरू की है. अब 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत दिल्ली के लोग बिना कोई पैसे दिए पौधा ले सकते हैं. इसके लिए सिर्फ ग्रीन ड्राइव पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इतना ही नहीं, जरूरत हो तो वन विभाग की टीम पौधा लेकर आपके पास भी पहुंचेगी और उसे लगाने में मदद भी करेगी. यानी पौधा लेने से लेकर उसे लगाने तक की चिंता भी काफी हद तक खत्म हो जाएगी.
इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए सबसे पहले ग्रीन ड्राइव पोर्टल यानि greendrive.delhivanmahotsav.in पर जाकर खुद को एनवायरमेंटल सेवियर के तौर पर रजिस्टर करना होगा. इसके बाद आप अपनी नजदीकी सरकारी नर्सरी से मुफ्त पौधा बुक कर सकते हैं. अगर चाहें, तो मेगा प्लांटेशन ड्राइव में शामिल होने के लिए भी स्लॉट बुक किया जा सकता है.

वन विभाग खुद करेगा पौधारोपण में मदद
इस पहल की सबसे खास बात 'वृक्ष रथ' योजना है. इसके तहत वन विभाग की एक्सपर्ट टीम पौधे, जरूरी उपकरण और तकनीकी मदद के साथ आपके घर, आवासीय सोसायटी, संस्थान या दूसरे उपयुक्त स्थान पर पहुंचकर पौधारोपण भी कराएगी. इससे उन लोगों को भी आसानी होगी, जिन्हें पौधा लगाने का तरीका नहीं पता.
70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है. इसी अभियान को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी दिल्लीवासियों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई है. अगर आप भी अपने घर या आसपास हरियाली बढ़ाना चाहते हैं, तो यह पहल आपके लिए अच्छा मौका हो सकती है. एक पौधा न सिर्फ पर्यावरण को बेहतर बनाने में मदद करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी साफ और बेहतर माहौल बनाने की दिशा में छोटा लेकिन अहम कदम साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें:- ट्रेन में धूम्रपान, फेरी लगाना और भीख मांगना पड़ेगा भारी, रेलवे ने बढ़ाया जुर्माना, जानिए पूरी डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं