दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ा जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है, जिसके तहत आम लोगों से सहयोग की अपील की गई है. नशे के खिलाफ हम सबका संकल्प थीम पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य समाज को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाना है. इस संबंध में दुर्ग पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है. पुलिस द्वारा जारी पोस्टर में स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अवैध नशे की बिक्री, सप्लाई या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी छुपाए नहीं, बल्कि तुरंत साझा करें, क्योंकि एक छोटी सी सूचना कई जिंदगियां बचा सकती है.
दुर्ग पुलिस ने अवैध नशा बिक्री, तस्करी, सप्लाई या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 पर कॉल करने की अपील की है. दुर्ग पुलिस के अनुसार, नागरिकों द्वारा दी गई सूचना और उनकी पहचान को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा. समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस ने लोगों से जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह किया है.
पोस्ट में यह भी बताया गया है कि नशा न केवल व्यक्ति के जीवन को बर्बाद करता है, बल्कि इससे जुड़े अपराध भी समाज के लिए गंभीर खतरा बनते हैं. नशे की सप्लाई और बिक्री को कानूनन अपराध बताया गया है और ऐसे मामलों में सख्त सजा का प्रावधान है.
🚫💊 नशे के खिलाफ हम सबका संकल्प 💪
— Durg Police (@PoliceDurg) June 10, 2026
अवैध नशा बिक्री, नशा सप्लाई या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी छुपाएं नहीं, बताएं। आपकी एक सूचना कई जिंदगियां बचा सकती है।
📞 संदेह हो तो तुरंत डायल करें - 1933
🔒 आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
🤝 आइए, मिलकर नशा मुक्त एवं… pic.twitter.com/1bIx8gtzM1
दुर्ग पुलिस के मुताबिक, मौजूदा समय में नशे का जाल तेजी से फैल रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. ऐसे में समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी बनती है कि वह इसके खिलाफ आवाज उठाए और पुलिस का सहयोग करें. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे डर या झिझक छोड़कर सामने आएं और नशे के खिलाफ इस लड़ाई में भागीदार बनें. जनता की भागीदारी से ही इस मुहिम को सफल बनाया जा सकता है और एक सुरक्षित, नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है.
कैसे और कहां करें शिकायत दर्ज
अगर आपको अपने आस-पास कोई भी ड्रग्स या नशे से जुड़ी अवैध गतिविधि दिखाई देती है, तो आप इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.
MANAS (राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन)- 1933
आपातकालीन सेवा- 112
दुर्ग जिला पुलिस कंट्रोल रूम- 07882283151 या 9479192099
यह भी पढ़ें:- अलर्ट! ऑनलाइन फ्रॉड और नशे के जाल से बचना है, तो गांठ बांध लें गुरुग्राम पुलिस की ये बातें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं