Saharsa Pink Bus: बिहार में महिलाओं और स्कूली छात्राओं के सफर को अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए एक शानदार शुरुआत की गई है.बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) सहरसा जिले में 'पिंक बस' सर्विस (Pink Bus Service) शुरू कर दी है. इसका मकसद महिलाओं को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपलब्ध कराना है. फिलहाल इस सर्विस का विस्तार सहरसा तक किया गया है. जानिए यह बस किन रूट्स पर चलेगी, कितने बजे मिलेगी, इसमें कितनी सीटें हैं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या-क्या इंतजाम किए गए हैं.
क्या है बस का रूट?
अभी सहरसा जिले को एक पिंक बस दी गई है. यह बस सहरसा से राहुआ, बड़ा़ और नवहट्टा होते हुए मिर्जापुर तक चल रही है. इसी रूट पर महिला यात्री सफर कर सकती हैं.
क्या है बस की टाइमिंग?
यह पिंक बस रोजाना सुबह 8:30 बजे सहरसा से रवाना होती है.वहीं, शाम करीब 4:00 बजे नवहट्टा से वापस लौटती है.इस तय समय के अनुसार महिलाएं अपने रोजाना के सफर की बेहतर प्लानिंग कर सकती हैं.
बस में कितनी सीटें हैं?
इस पिंक बस में 24 यात्रियों के बैठने की क्षमता है. महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस में महिला कंडक्टर की भी तैनाती की गई है.
महिलाओं को मिलेंगी ये खास सुविधाएं
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पिंक बस में कई एडवांस सर्विस दी गई हैं.जैसे:
- GPS ट्रैकिंग
- पैनिक बटन
- महिला कंडक्टर
इन सुविधाओं का मकसद महिलाओं और छात्राओं को सफर के दौरान सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल देना है.
महिलाओं ने की इस पहल की तारीफ
पिंक बस शुरू होने के बाद स्थानीय महिलाओं ने इसे सरकार की अच्छी पहल बताया. सरकारी शिक्षिका भावना ने कहा कि कामकाजी महिलाओं के पास समय की कमी रहती है. ऐसे में यह सर्विस उन्हें सुरक्षित तरीके से समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद करेगी. उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार का धन्यवाद भी दिया.
'अब सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित लगेगा'
एक अन्य शिक्षिका अनीता ने कहा कि पहले उन्हें स्कूल आने-जाने के लिए टेंपो और सामान्य बसों पर निर्भर रहना पड़ता था. भीड़ और असुविधा की वजह से रोजाना काफी परेशानी होती थी.
उनका कहना है कि अब पिंक बस शुरू होने से महिलाओं को सुरक्षित, आरामदायक और सम्मानजनक सफर मिलेगा. खासकर नौकरी करने वाली महिलाओं, छात्राओं और अन्य महिला यात्रियों को इसका सीधा फायदा होगा.
आगे और बढ़ सकती है पिंक बस सर्विस
स्थानीय महिलाओं का मानना है कि अगर आने वाले समय में ऐसी और पिंक बसें चलाई जाती हैं और दूसरे प्रमुख रूट्स तक भी इस सर्विस का विस्तार किया जाता है, तो जिले की हजारों महिलाओं को इसका फायदा मिलेगा. इससे महिलाओं की पब्लिक ट्रांसपोर्ट में भागीदारी भी बढ़ेगी.
ये भी पढ़ें- Gold Silver Prices: सोना ₹2,200 और चांदी ₹4,900 से ज्यादा सस्ती, एक्सपर्ट से जानिए क्या अभी और गिरेंगे दाम?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं