बिहार के आरा जंक्शन से झारखंड के कोयलांचल और औद्योगिक केंद्र धनबाद के बीच सीधी इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने की मांग जल्द पूरी हो सकती है. नेउरा-जट डुमरी नवनिर्मित रेलखंड के खुलने के बाद रेलवे बोर्ड और दानापुर रेल मंडल स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं. चर्चा है कि अगले महीने छठ के आसपास प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान आरा-धनबाद इंटरसिटी और एक दूसरी ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जा सकती है. दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण जंक्शन आरा से झारखंड के प्रमुख औद्योगिक और कोयला हब धनबाद के बीच सीधी इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी.
अब नेउरा-जट डुमरी नवनिर्मित रेलखंड के शुरू होने के बाद इस दिशा में उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं. पूर्व मध्य रेलवे (ECR) मुख्यालय हाजीपुर से लेकर दानापुर रेल मंडल के वरीय अधिकारियों के स्तर पर इस प्रस्ताव को लेकर मंथन जारी है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस नए रूट पर ट्रेनों के परिचालन से क्षेत्रीय संपर्क को एक नया आयाम मिलेगा.
प्रमुख स्टॉपेज
- आरा जंक्शन
- नेउरा
- जट डुमरी
- दनियावां
- बिहार शरीफ
- राजगीर
- तिलैया
- कोडरमा या बंधुआ बाईपास
- धनबाद जंक्शन
शाहाबाद और भोजपुर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण
धनबाद झारखंड का सबसे बड़ा औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्र है. रोजगार, उच्च शिक्षा, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के सिलसिले में भोजपुर समेत पूरे शाहाबाद क्षेत्र के हजारों लोगों का रोजाना इस रूट पर आना-जाना होता है. दरअसल, वर्तमान में आरा से धनबाद के लिए कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है. यात्रियों को पटना या दूसरे स्टेशनों पर ट्रेन बदलकर यात्रा करनी पड़ती है, जिससे समय और पैसा दोनों अधिक खर्च होते हैं. अब प्रस्तावित योजना के मुताबिक यह ट्रेन आरा जंक्शन से नेउरा-जट डुमरी, बिहार शरीफ राजगीर, मानपुर बायपास यानी गया और कोडरमा के रास्ते धनबाद तक चलाई जा सकती है. जानकारों का मानना है कि अगर इस ट्रेन का परिचालन पटना या दानापुर के बजाय सीधे आरा से किया जाए, तो नेउरा में इंजन बदलने की तकनीकी समस्या से भी बचा जा सकता है.
अगले महीने मिल सकती है सौगात
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, नवंबर महीने में छठ पर्व के बाद प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रमों के दौरान इस नई रेल सेवा का शुभारंभ किया जा सकता है. दानापुर रेल मंडल के एडीआरएम वीरेंद्र कुमार ने इस संबंध में बताया कि आरा जंक्शन व नेउरा होते हुए दो ट्रेनों के परिचालन की सहमति पर विचार किया जा रहा है. हाजीपुर जोन और दानापुर मंडल के अधिकारी इस पर तेजी से मंथन कर रहे हैं और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है.
रात में खाली खड़े रैक से फास्ट मेमू चलाने का सुझाव
आरा जंक्शन से नई सेवाओं के विस्तार के बीच यात्रियों और विशेषज्ञों की तरफ से एक और बड़ा सुझाव सामने आया है. दरअसल, पटना आरा मेमू जब रात में आरा पहुंचती है, तो उसके बाद वह रैक रातभर खाली रहता है और उसे कुल्हड़िया में खड़ा किया जाता है. ऐसे में यात्रियों का सुझाव है कि रेलवे इस खाली रैक का उपयोग करके रात के समय आरा से बिहार शरीफ या शेखपुरा के बीच एक नई फास्ट मेमू सेवा शुरू की जानी चाहिए. इससे यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प मिल जाएगा और रेलवे को नए रैक की व्यवस्था भी नहीं करनी पड़ेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं