- दानापुर में इरफान की हत्या की साजिश उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर रची थी
- मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने किराये के मकान के बाहर इरफान को सिर में गोली मारी थी
- पुलिस ने 48 घंटे के अंदर इरफान की पत्नी और प्रेमी करण को गिरफ्तार कर लिया है
दरवाजा खटखटाया और सिर में मार दी गोली! ये कोई फिल्मी सीन लग सकता है. दानापुर के इरफान मर्डर केस की परतें खुल गई हैं. इरफान की पत्नी ने ही उसकी सुपारी दी थी. ये खौफनाक साजिश पत्नी ने अपने प्रेमी संग मिलकर रची थी. पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया और शूटरों की तलाश तेज कर दी है. पुलिस ने बताया कि दोनों शूटर की पहचान कर ली गई है और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए छापेमारी तेज कर दी है.
48 घंटे में हत्याकांड का खुलासा
इरफान (32) पेशे से चालक था. गत 10 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने उसके किराये के मकान का दरवाजा खटखटाया. इरफान के बाहर निकलते ही उनमें से एक ने कथित तौर पर उसके सिर में गोली मार दी. इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. दानापुर-दो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि पुलिस ने 48 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए इरफान की पत्नी और उसके कथित प्रेमी करण कुमार को गिरफ्तार कर लिया था. पूछताछ के दौरान दोनों ने विरोधाभासी बयान दिए और जांच अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की थी.
पत्नी के 2 साल से थे दो साल से संबंध
पुलिस ने करण के एक नाबालिग रिश्तेदार को भी हिरासत में लिया, जो गोलीबारी के समय कथित तौर पर घटनास्थल पर मौजूद था. पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इरफान की पत्नी और करण के करीब दो साल से संबंध थे. इरफान को जब इस संबंध की जानकारी हुई और उसने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच तनाव बढ़ गया. इसके बाद इरफान की पत्नी और करण ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची.
ये भी पढ़ें:- बिहार सरकार के मंत्री के घर चोरी, 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 7 लाख कैश गायब, छठ मनाने गांव गया था परिवार
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार महिला ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दावा किया था कि करीब एक साल पहले मौदाही गांव के पास गोलीबारी की एक घटना में इरफान बच गया था. हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को ऐसी किसी घटना का कोई सबूत ही नहीं मिला. पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था. पूछताछ के दौरान इरफान की पत्नी ने हत्या की साजिश का खुलासा किया, जबकि करण ने उसके साथ अपने प्रेम संबंध और अपराध की साजिश रचने में शामिल होना स्वीकार किया है. पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी तेज कर दी है. उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है. पुलिस जल्द दोनों शूटर को गिरफ्तार करने लेगी और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लेगी.
ये भी पढ़ें:- बिहार में छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं