जैसे-जैसे FIFA World Cup 2026 अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है, फैंस की नजरें अब फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जो न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी के MetLife Stadium में खेला जाएगा. अगर आप भी इस रोमांचक मैच को देखने का प्लान बना रहे हैं, तो सिर्फ स्टेडियम तक ही सीमित न रहें. न्यूयॉर्क में ऐसी कई जगहें हैं, जो आपके वर्ल्ड कप अनुभव में चार चांद लगा सकती हैं.
यह शहर सिर्फ फुटबॉल के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी ऊंची इमारतों, मशहूर लैंडमार्क्स, फिल्मी लोकेशन्स और अनोखे माहौल के लिए भी दुनिया भर में जाना जाता है. आइए जानते हैं न्यूयॉर्क की 5 ऐसी जगहों के बारे में, जिन्हें आपको अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करना चाहिए.
न्यूयॉर्क में क्या है खास?
टाइम्स स्क्वायर
अगर आप पहली बार न्यूयॉर्क जा रहे हैं, तो टाइम्स स्क्वायर आपकी लिस्ट में सबसे ऊपर होना चाहिए. यहां की बड़ी-बड़ी डिजिटल स्क्रीन, चमकती रोशनियां और दुनिया भर से आए लोगों की भीड़ इसे बेहद खास बनाती है. वर्ल्ड कप के दौरान यहां का माहौल किसी बड़े फैन फेस्टिवल की तरह नजर आ सकता है. दिलचस्प बात यह है कि स्पाइडर-मैन, कैप्टन अमेरिका और वेनिला स्काई जैसी कई मशहूर हॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग भी यहां हो चुकी है.
ब्रुकलिन ब्रिज
अगर आपको खूबसूरत तस्वीरें लेना पसंद है, तो ब्रुकलिन ब्रिज जरूर जाएं. सुबह के समय यहां से मैनहटन की स्काईलाइन बेहद शानदार दिखाई देती है. यह न्यूयॉर्क के सबसे पहचान वाले लैंडमार्क्स में से एक है. कई फिल्मों और टीवी शो में यह ब्रिज दिखाई दे चुका है, इसलिए यहां पहुंचकर आपको ऐसा महसूस हो सकता है जैसे आप किसी फिल्मी सेट पर खड़े हों.
डम्बो
ब्रुकलिन का डम्बो इलाका आजकल ट्रैवलर्स और कंटेंट क्रिएटर्स का पसंदीदा स्पॉट बना हुआ है. यहां से मैनहटन ब्रिज और एम्पायर स्टेट बिल्डिंग का शानदार नजारा दिखाई देता है. अगर आपने सोशल मीडिया पर न्यूयॉर्क की खूबसूरत तस्वीरें देखी हैं, तो उनमें से कई इसी इलाके की हो सकती हैं.
एम्पायर स्टेट बिल्डिंग
न्यूयॉर्क की पहचान मानी जाने वाली एम्पायर स्टेट बिल्डिंग शहर की सबसे फेमस इमारतों में से एक है. इसकी ऑब्जर्वेशन डेक से पूरे शहर का 360 डिग्री व्यू देखा जा सकता है. यह इमारत 1933 की मशहूर हॉलीवुड फिल्म किंग कांग के बाद और भी ज्यादा लोकप्रिय हो गई थी.
सेंट्रल पार्क
न्यूयॉर्क की भागदौड़ के बीच सेंट्रल पार्क एक शांत और खूबसूरत जगह है. यहां आप साइकिल चला सकते हैं, पिकनिक का आनंद ले सकते हैं या फिर हरियाली के बीच आराम से समय बिता सकते हैं. बता दें, यह वही पार्क है जहां होम अलोन 2, एन्चांटेड और जॉन विक जैसी कई फिल्मों की शूटिंग हुई है.
इसे भी पढ़ें: क्या आपका बच्चा आपसे झूठ बोलने लगा है? जानिए झूठ बोलने पर बच्चे करते हैं कैसा व्यवहार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं