Lahaul Spiti Travel Advisory: हिमाचल में मानसून की दस्तक से पहाड़ी से लेकर मैदानी भागों में अलर्ट जारी है. मौसम और बारिश का मजा लेने के लिए यहां आने वाले यात्रियों के लिए प्रशासन ने सख्त गाइडलाइन जारी की है. जिसके तहत लाहौल स्पीति, मनाली- लेह मार्ग, चंबा सहित कई मार्गोंपर जरूरी होने पर ही यात्रा करने के लिए कहा गया है.
यात्रा पर निकलने से मौसम की ले जानकारी
यात्रा को लेकर लेकर लाहौल स्पीति की कलेक्टर किरण भड़ाना ने एडवाइजरी जारी करआम जनता और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की. इसके मुताबिक वर्तमान में मानसून अवधि के दौरान जरूरी होने पर लाहौल-स्पीति की यात्रा करें. उन्होंने यात्रा पर निकलने से पूर्व मौसम पूर्वानुमान तथा सड़कों की ताज़ा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करने की सलाह दी है.

नदी-नाले उफान पर हैं
Photo Credit: NDTV
स्थानीय किसानों और बागवानों को राहत देने की कवायद
मानसून के दौरान सड़कों पर पर्यटकों और बाहरी वाहनों की अत्यधिक आवाजाही के कारण स्थानीय किसानों और बागवानों को अपनी नकदी फसलें तथा मटर-गोभी जैसे बागवानी उत्पादों को समय पर मंडियों तक पहुंचाने में भारी कठिनाई होती है. यदि पर्यटक केवल जरूरी होने पर ही आएंगे, तो सड़कों पर वाहनों की संख्या कम रहेगी. इससे स्थानीय किसानों को राहत मिलेगी और आवश्यक सेवाओं का संचालन भी सुचारु रूप से किया जा सकेगा.

लाहौल-स्पीति की जिलाधीश किरण भड़ाना
Photo Credit: NDTV
आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर 1077 जारी
प्रशासन ने स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, सीमा सड़क संगठन (BRO) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया है. चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है. किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए प्रशासन ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1077 जारी किया है, जिस पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है.
हाई अलर्ट पर राज्य के कई जिलें
बता दें कि मानसून के तहत प्रदेश में हो रही बरसात ने राज्य के कई जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है. हालात ऐसे है कि लाहौल-स्पीति में जहलामा नाले में भारी बाढ़ आने के कारण उदयपुर और चंबा के पंगी घाटी का आपसी संपर्क पूरी तरह कट गया है. वहीं दूसरी तरफ, जिस्पा में अचानक आई बाढ़ ने मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को बुरी तरह प्रभावित किया है. मार्ग पर बार-बार मलबा और पानी आने के कारण पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: हिमाचल में मानसून की हो चुकी एंट्री, आज से 6 जुलाई तक होगी भारी बारिश; मंडी में महिला की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं