विज्ञापन

संसद में घमासान, पर कमरे में गर्मजोशी से मुलाकात, राहुल-रिजिजू की बैठक की खूब चर्चा

लोकसभा में राहुल गांधी और किरेन रिजिजू के बीच तीखी राजनीतिक नोकझोंक देखने को मिली, जब राहुल ने गृह मंत्री अमित शाह को लेकर सवाल उठाए और इस पर सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध जताया. हालांकि, सदन के बाहर तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आई.

संसद में घमासान, पर कमरे में गर्मजोशी से मुलाकात, राहुल-रिजिजू की बैठक की खूब चर्चा
फाइल फोटो
  • राहुल गांधी के गृह मंत्री अमित शाह पर किए गए टिप्पणी पर किरेन रिजिजू ने कड़ी आपत्ति जताई और माफी की मांग की.
  • लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद राहुल और किरेन के बीच संसद भवन में 5 मिनट की सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई.
  • राहुल ने रिजिजू को अपने संसद स्थित कमरे में आमंत्रित किया और दोनों ने तस्वीरें खिंचवाईं.
नई दिल्ली:

बुधवार को लोकसभा में सरकार पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के तीखे हमलों के बाद जमकर हंगामा हुआ. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी की ओर से गृह मंत्री अमित शाह पर की गई टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए माफी की मांग की. इस मुद्दे को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. हालांकि, इस राजनीतिक टकराव के बीच संसद भवन में एक ऐसी मुलाकात भी हुई, जिसकी चर्चा पूरे संसदीय गलियारों में रही. यह मुलाकात राहुल गांधी और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बीच हुई.

दरअसल, लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद संसद भवन में राहुल गांधी और किरेन रिजिजू की मुलाकात हो गई. राहुल गांधी ने रिजिजू का हाथ पकड़कर पूछा कि क्या वह कभी उनके संसद स्थित कमरे में आए हैं. जब रिजिजू ने जवाब दिया कि नहीं, तो राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा कि चलिए, आज मेरे कमरे में चलते हैं.

करीब 5 मिनट तक रिजिजू-राहुल की मुलाकात

रिजिजू करीब 5 मिनट तक राहुल गांधी के कमरे जी-41 में रहे. इस दौरान दोनों नेताओं ने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं. राहुल गांधी के कमरे में कैलाश मानसरोवर की एक तस्वीर लगी हुई है. राहुल ने रिजिजू से कहा, "आइए, इसी तस्वीर के सामने फोटो खिंचवाते हैं."

Latest and Breaking News on NDTV

गतिरोध या किसी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई

दोनों नेताओं के बीच संसद के गतिरोध या किसी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई. मुलाकात पूरी तरह हल्के-फुल्के माहौल में हुई, जहां दोनों ने अनौपचारिक बातचीत की. दिलचस्प बात यह है कि इससे कुछ समय पहले ही लोकसभा में राहुल गांधी और किरेन रिजिजू के बीच तीखी बहस हुई थी, जब राहुल ने गृह मंत्री अमित शाह को लेकर सवाल उठाए थे.

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी और किरेन रिजिजू के बीच ऐसी सौहार्दपूर्ण बातचीत देखने को मिली हो. पिछले वर्ष शीतकालीन सत्र के दौरान संसद हमले की बरसी पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भी दोनों नेताओं के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत हुई थी. उस समय भीषण ठंड के बावजूद राहुल गांधी टी-शर्ट पहने हुए थे, जिस पर रिजिजू ने उनकी फिटनेस को लेकर मजाकिया अंदाज में चर्चा की थी.

ये भी पढ़ें : जीभ काट ली जाए... एंटी पेपर बिल पर बोलते-बोलते खरगे ने किया मनुस्मृति का जिक्र, फिर संसद में जमकर हुआ हंगामा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
 Rahul Gandhi, Kiren Rijiju
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com