साल 2026 के अंत में WhatsApp कुछ चुनिंदा एप्पल डिवाइसेस पर काम करना हमेशा के लिए बंद कर सकता है. व्हाट्सएप की पैरेंट कंपनी मेटा (Meta) ने घोषणा की है कि 30 नवंबर 2026 से ऐप को चलाने के लिए Minimum Software Requirements में बड़ा बदलाव किया जा रहा है. Meta द्वारा जारी की गई नई गाइडलाइन के अनुसार, 30 नवंबर 2026 से व्हाट्सएप को आपके डिवाइस पर चलाने के लिए iPhone में कम से कम iOS 15.5 या उससे बाद का वर्जन होना जरूरी होगा. अगर आपका डिवाइस इस तय तारीख तक इस सॉफ्टवेयर या इससे नए वर्जन पर अपडेट नहीं होता है, तो आपके फोन में व्हाट्सएप का सपोर्ट हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा.
व्हाट्सएप ने क्यों लिया यह बड़ा फैसला?
Meta का कहना है कि कंपनी समय-समय पर उन पुराने डिवाइसेस और ऑपरेटिंग सिस्टम्स को चेक करती है, जिन पर व्हाट्सएप काम करता है. इस दौरान यह देखा जाता है कि जिन डिवाइसेस का इस्तेमाल करने वाले एक्टिव यूजर्स बहुत कम रह गए हैं, उन्हें लिस्ट से बाहर कर दिया जाए. इसके अलावा, बहुत पुराने हो चुके सॉफ्टवेयर वर्जन्स में नए सुरक्षा अपडेट Security Updates देना और व्हाट्सएप के नए आधुनिक फीचर्स को सपोर्ट करना तकनीकी रूप से संभव नहीं हो पाता है.
Instagram Reels में आ रहा है ‘Series' का जादुई बटन, अब क्रिएटर्स की होगी अंधाधुंध कमाई!
कौन-से आईफोन मॉडल्स पर पड़ेगा असर?
इस नए बदलाव का असर बहुत ज्यादा यूजर्स पर नहीं पड़ने वाला है क्योंकि कंपनी ने पिछले साल ही आईफोन 5s, आईफोन 6 और आईफोन 6 प्लस के लिए सपोर्ट खत्म कर दिया था. इस बार यानी 30 नवंबर 2026 के बाद से जिन पुराने मॉडल्स के यूजर्स को अपना सॉफ्टवेयर चेक करने की जरूरत है, वे इस प्रकार हैं:
iPhone 6s
iPhone 6s Plus
iPhone SE (1st generation)
iPhone 7
iPhone 7 Plus
इन सभी प्रभावित आईफोन मॉडल्स को अभी भी iOS 15.8.8 पर अपडेट किया जा सकता है, जो व्हाट्सएप की आने वाली नई आवश्यकताओं को पूरी तरह से पूरा करता है. इसके अलावा iPad Air 2 और iPad mini 4 के यूजर्स को भी अपने टैबलेट को उपलब्ध लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट कर लेना चाहिए.
कैसे चेक करें अपने आईफोन का सॉफ्टवेयर?
अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आपका iPhone सुरक्षित है या नहीं, तो आप बेहद आसानी से इसे चेक कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले अपने iPhone या iPad की Settings में जाएं. इसके बाद General पर क्लिक करें और फिर About वाले विकल्प को चुनें. यहां आपको अपने डिवाइस का मौजूदा सॉफ्टवेयर वर्जन साफ-साफ लिखा हुआ दिख जाएगा. अगर आपका आईफोन किसी पुराने वर्जन पर है और स्क्रीन पर कोई नया अपडेट दिखाई दे रहा है, तो बिना देर किए 30 नवंबर 2026 से पहले उसे तुरंत इंस्टॉल कर लें ताकि आपका WhatsApp बिना किसी रुकावट के चलता रहे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं