WhatsApp ने अपने यूजर्स के लिए कई नए ऑडियो और वीडियो कॉलिंग फीचर्स की घोषणा की है. Meta के स्वामित्व वाला यह इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म अब यूजर्स को WhatsApp Web के जरिए भी सीधे ऑडियो और वीडियो कॉल करने की सुविधा देगा. इसके लिए अलग से Desktop App डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी. इसके अलावा कंपनी ने Call Transfer, Waiting Room, QuickHD और Noise Suppression जैसे नए फीचर्स भी पेश किए हैं, जिनका उद्देश्य कॉलिंग अनुभव को पहले से बेहतर बनाना है.
WhatsApp Web पर अब कर सकेंगे Audio और Video Call
WhatsApp ने बताया कि अब यूजर्स WhatsApp Web से ही वन-टू-वन और ग्रुप ऑडियो-वीडियो कॉल कर सकेंगे. कंपनी के मुताबिक Web पर की गई कॉल भी End-to-End Encryption के साथ सुरक्षित रहेंगी. इन कॉल्स पर कोई समय सीमा नहीं होगी और इसके लिए यूजर्स से कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा.
WhatsApp Web में मिलेंगे ये फीचर्स
WhatsApp Web पर अब कई ऐसे फीचर्स भी मिलेंगे जो पहले मोबाइल और डेस्कटॉप ऐप में उपलब्ध थे. यूजर्स कॉल के दौरान Screen Sharing और Reactions का इस्तेमाल कर सकेंगे. इसके अलावा Web वर्जन में एक नया Calls Tab भी दिया गया है, जहां से कॉल हिस्ट्री और फेवरेट कॉन्टैक्ट्स को आसानी से एक्सेस किया जा सकेगा.

AI Generated Image
Call Transfer फीचर से बिना कॉल काटे बदल सकेंगे डिवाइस
WhatsApp का नया Call Transfer फीचर यूजर्स को चल रही ग्रुप कॉल को एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर ले जाने की सुविधा देगा.
उदाहरण के तौर पर अगर आपने सफर के दौरान स्मार्टफोन या टैबलेट पर ग्रुप कॉल शुरू की है, तो घर पहुंचने के बाद उसी कॉल को बिना डिस्कनेक्ट किए WhatsApp Web या Desktop App पर ट्रांसफर कर सकेंगे. जरूरत पड़ने पर उसी कॉल को दोबारा मोबाइल पर भी वापस लाया जा सकेगा.
Group Calls में मिलेगा Waiting Room
WhatsApp ने ग्रुप कॉल्स के लिए Waiting Room फीचर भी पेश किया है. अब जब कोई यूजर कॉल लिंक बनाएगा, तो वह Require Approval to Join विकल्प को चालू कर सकेगा. इसके बाद लिंक से जुड़ने वाले सभी प्रतिभागी पहले वर्चुअल Waiting Room में जाएंगे और कॉल मैनेज करने वाला व्यक्ति मंजूरी देने के बाद ही उन्हें कॉल में शामिल कर सकेगा.

AI Generated Image
Photo Credit: WhatsApp
QuickHD और Noise Suppression भी हुआ शामिल
कंपनी ने QuickHD फीचर भी पेश किया है, जिसकी मदद से वीडियो कॉल शुरू होते ही शुरुआती कुछ सेकंड में HD क्वालिटी मिलनी शुरू हो जाएगी. पहले वीडियो की क्वालिटी धीरे-धीरे बेहतर होती थी. इसके अलावा Noise Suppression फीचर बैकग्राउंड की आवाज को कम करके कॉल के दौरान यूजर की आवाज को ज्यादा स्पष्ट बनाने में मदद करेगा.
कब मिलेंगे नए फीचर्स?
WhatsApp के मुताबिक इन सभी नए कॉलिंग फीचर्स को चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया जा रहा है. आने वाले समय में ये सभी फीचर्स दुनिया भर के सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध करा दिए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: Facebook पर फ्री में मिलेगा वेरिफाइड बैज, नहीं देना होगा एक भी रुपया, केवल डालना होगा सेल्फी वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं