Apple में करीब 15 साल बाद बड़ा बदलाव हुआ है. Tim Cook अब कंपनी के CEO नहीं हैं. 1 सितंबर यानी आज से John Ternus ने Apple के नए CEO के तौर पर उनकी जगह ले ली है. आपको बता दें कि Tim Cook ने अगस्त 2011 में Steve Jobs के बाद Apple CEO की जिम्मेदारी संभाली थी.
पद छोड़ने से एक दिन पहले Tim Cook ने X पर लिखा, “मेरा टाइटल कल चेंज हो जाएगा. लेकिन ऐपल कम्युनिटी के लिए जो मेरा प्यार है वो कभी चेंज नहीं होगा.”
Sending lots of love to the Apple community on my last day as CEO. My title changes tomorrow, but the love I have for the Apple community never will. Thank you for being a constant source of inspiration. My gratitude is endless, and I'm excited for the next chapter!
— Tim Cook (@tim_cook) August 31, 2026
John Ternus इससे पहले Apple में हार्डवेयर इंजीनियरिंग के प्रमुख थे. कंपनी के कई नए प्रोडक्ट को तैयार करने में उनकी अहम भूमिका रही है. इनमें iPhone Air भी शामिल है.
Tim Cook Apple में ही बने रहेंगे
Tim Cook भले ही CEO का पद छोड़ चुके हैं, लेकिन वह Apple से अलग नहीं हुए हैं. अब वह एग्जीक्यूटिव चेयरमेन की भूमिका निभाएंगे. Apple के मुताबिक, इस नई भूमिका में Cook कंपनी के कुछ अहम कामों में मदद करते रहेंगे. इसमें दुनिया भर के नीति-निर्माताओं के साथ बातचीत करना भी शामिल है.
ये बदलाव करीब 15 साल में Apple के टॉप-लीडरशिप लेवल पर सबसे बड़ा बदलाव है. ये ऐसे समय हुआ है जब कंपनी की फाइनेंशियल स्थिति मजबूत है और हाल की कई तिमाहियों में Apple ने रिकॉर्ड कमाई दर्ज की है. Tim Cook के कार्यकाल में Apple ने Apple Watch, AirPods, HomePod और Vision Pro जैसे नए प्रोडक्ट बाजार में उतारे. कंपनी ने Apple Music और Apple TV जैसी सर्विस का भी विस्तार किया. आपको बता दें कि कुक के नेतृत्व में Apple की मार्केट वैल्यू 2011 में करीब $350 billion से बढ़कर आज $4.5 trillion से ज्यादा हो गई है.
कौन हैं John Ternus?
John Ternus ने 2001 में Apple के साथ काम शुरू किया था. CEO बनने से पहले वह कंपनी में हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. Ternus ने Apple के कई बड़े प्रोडक्ट के डेवलपमेंट में अहम भूमिका निभाई है. इनमें Mac, iPad और AirPods शामिल हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Ternus ने ऐसे प्रोडक्ट के डेवपलमेंट की देखरेख की, जिनसे Apple की करीब 80 प्रतिशत कमाई होती है. उन्हें Mac की बिक्री मजबूत करने, कंपनी की Pro सीरीज बढ़ाने और Mac में Apple के अपने चिप्स लाने की प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का श्रेय दिया जाता है. Mac में Apple के M-सीरीज चिप्स पर जाने के फैसले में भी Ternus की अहम भूमिका रही है.
iPhone Air के लॉन्च से बढ़ी John Ternus की पहचान
हाल के महीनों में John Ternus Apple के बड़े कार्यक्रमों में ज्यादा दिखाई देने लगे थे. उन्होंने iPhone 17 series के लॉन्च के दौरान iPhone Air को पेश किया था. इसके अलावा इस साल की शुरुआत में एक खास कार्यक्रम में उन्होंने MacBook Neo भी पेश किया. हालांकि, इंटरनेट पर उनकी मौजूदगी अभी भी काफी कम है. अप्रैल में जब Apple ने नेतृत्व में बदलाव की घोषणा की थी, तब Ternus की ऑफिशियल LinkedIn प्रोफाइलपर प्रोफाइल फोटो भी नहीं थी.
9 सितंबर को CEO के तौर पर पहली बड़ी मौजूदगी
Apple CEO के तौर पर John Ternus की पहली बड़ी सार्वजनिक मौजूदगी 9 सितंबर को होने की उम्मीद है. इसी दिन Apple का अगला लॉन्च कार्यक्रम होना है. इस कार्यक्रम में Ternus के मंच पर आने की उम्मीद है. कंपनी इस दौरान iPhone 18 Pro series और अपना पहला iPhone Fold पेश कर सकती है.
Tim Cook की कमाई
ब्लूमबर्ग के अनुसार, ऐपल के सीईओ पद से हटने वाले टिम कुक ने साल 2025 में कुल लगभग 74.3 मिलियन डॉलर (करीब 704 करोड़ रुपये) की कमाई की थी. हालांकि, इस पैकेज में बेस सैलरी करीब 28 करोड़ रुपये थी. इसके अलावा इसमें स्टॉक अवॉर्ड्स, नॉन-इक्विटी इंसेंटिव और दूसरे अलाउंसेज शामिल थे. फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी कुल अनुमानित नेट वर्थ लगभग $3 बिलियन (करीब ₹28,400 करोड़) है.
ये भी पढ़ें- पत्नी का था चक्कर, Robot Vacuum Cleaner से मिले सबूत, पति को भी हो गई जेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं