विज्ञापन

पत्नी का था चक्कर, Robot Vacuum Cleaner से मिले सबूत, पति को भी हो गई जेल

Taiwan में Robot Vacuum की कैमरा रिकॉर्डिंग से पति ने पत्नी के अफेयर का सबूत जुटाया. इसके लिए उसे लाखों का मुआवजा मिला. लेकिन बाद में ये पूरा केस ही पलट गया.

पत्नी का था चक्कर, Robot Vacuum Cleaner से मिले सबूत, पति को भी हो गई जेल
AI Generated Image

ताइवान से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक पति ने पत्नी के अफेयर का पता लगाने के लिए जो तरीका अपनाया, उसने उसे पहले कोर्ट में जीत दिलाई. हालांकि, बाद में उसी तरीके के कारण उसे जेल जाना पड़ा. ताइवान में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के दूसरे पुरुष के साथ संबंध का पता लगाया. उसके बाद उस पर कार्रवाई की. 

उसके पास सबसे अहम सबूत एक ऐसी जगह से आया, जिसकी शायद उसने खुद भी कल्पना नहीं की होगी. उसको इसके सबूत घर में मौजूद Robot Vacuum Cleaner के कैमरे से मिले. कोर्ट ने इस रिकॉर्डिंग को सबूत के तौर पर स्वीकार किया और पत्नी तथा उसके साथी को पति को 500,000 Taiwanese Dollars यानी करीब 15 लाख रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया.

लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. बाद में पत्नी ने पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. पत्नी ने आरोप लगाया कि उसने उसकी जानकारी और सहमति के बिना घर के अंदर उसकी प्राइवेट रिकॉर्डिंग की है. इस मामले में कोर्ट ने पति को 5 महीने की जेल और 150,000 Taiwanese Dollars यानी करीब 4.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया.

टूथब्रश देखकर पति को हुआ शक

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस दंपती की शादी 2021 में हुई थी. दोनों आमतौर पर अपने माता-पिता के साथ रहते थे और एक दूसरी प्रॉपर्टी पर भी समय बिताते थे. 2023 में उस घर में रहने के दौरान पति को वहां एक ऐसा टूथब्रश मिला, जिसे वह पहचानता नहीं था. इसके बाद उसे पत्नी पर शक हुआ और उसने मामले की जांच शुरू कर दी.

उसने पार्किंग एरिया की  सिक्योरिटी फुटेज देखी. रिकॉर्डिंग में उसे एक ऐसा व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे उसने पहले अपनी पत्नी को घर छोड़ते हुए देखा था. इसके बाद पति को शक हुआ कि उस व्यक्ति का उसकी पत्नी के साथ संबंध हो सकता है. कुछ महीने बाद उसे इस मामले में आगे जांच करने का उसको मौका मिला. उस घर में मौजूद Robot Vacuum Cleaner एक ऐप से जुड़ा था. पति ने उसी ऐप के जरिए वैक्यूम के कैमरा फीड तक पहुंच हासिल कर ली.

Robot Vacuum के कैमरे में दिखा पूरा मामला

कैमरे में पति ने अपनी पत्नी को उसी व्यक्ति के साथ देखा, जिस पर उसे पहले से शक था. रिकॉर्डिंग में दोनों घर के अंदर आपत्तिजनक और निजी स्थिति में दिखाई दे रहे थे. पति ने इस फुटेज को सेव कर लिया और बाद में इसे पत्नी तथा उसके साथी के खिलाफ दायर कानूनी मामले में सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया. कोर्ट ने इस रिकॉर्डिंग को रिश्ते का सबूत माना और पति के पक्ष में फैसला दिया.

कोर्ट से मिला 500,000 TWD का मुआवजा

Taiwan में विवाहेतर संबंध को क्रिमिनल ऑफेंस नहीं माना जाता बै. हालांकि, अगर किसी विवाहेतर संबंध को वैवाहिक अधिकारों का उल्लंघन माना जाए, तो पति या पत्नी नुकसान की भरपाई के लिए कानूनी दावा कर सकते हैं. इस मामले में पति ने पत्नी और दूसरे व्यक्ति से 2 Million Taiwanese Dollars यानी करीब $63,000 के मुआवजे की मांग की थी. हालांकि, कोर्ट ने उसे 500,000 TWD यानी करीब $19,000 का मुआवजा देने का आदेश दिया. पति के लिए यह बड़ी कानूनी जीत थी, लेकिन इसके बाद मामला पूरी तरह पलट गया.

पत्नी ने कहा, मेरी सहमति के बिना की गई रिकॉर्डिंग

पत्नी ने Robot Vacuum से बनाई गई रिकॉर्डिंग को लेकर पति के खिलाफ अलग कानूनी कार्रवाई की. उसका कहना था कि उसने कभी भी घर के अंदर इस तरह की रिकॉर्डिंग किए जाने की अनुमति नहीं दी थी. उसने यह भी तर्क दिया कि Robot Vacuum की कैमरा रिकॉर्डिंग के बारे में उसे पूरी जानकारी नहीं थी और यह साफ नहीं था कि कैमरा उसकी रिकॉर्डिंग कर रहा है. पति ने बचाव में कहा कि रिकॉर्डिंग को पहले ही कोर्ट ने अफेयर के मामले में सबूत के तौर पर स्वीकार कर लिया था. इसलिए उसे गैरकानूनी नहीं माना जाना चाहिए.

लेकिन कोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया. कोर्ट ने माना कि रिकॉर्डिंग से विवाहेतर संबंध साबित करने में मदद मिली, लेकिन इससे रिकॉर्डिंग हासिल करने का तरीका कानूनी नहीं हो जाता है. अदालत के मुताबिक, वीडियो जिस तरीके से हासिल की गई, उससे महिला की प्राइवेसी का उल्लंघन हुआ. यानी किसी गलत काम का सबूत मिल जाना अपने आप में उस सबूत को हासिल करने के तरीके को कानूनी नहीं बना देता. इसी आधार पर पति को प्राइवेसी वॉयलेशन के मामले में 5 महीने की जेल की सजा सुनाई गई और जुर्माना लगाया गया.

ये भी पढ़ें- मच्छरों के लिए काल है ये मशीन, एक सेकंड में मार देता है 30, इतनी है कीमत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Robot Vacuum, Robot Vacuum Cleaner, Robot Vacuum And Mop
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com