OpenAI ने दावा किया है कि उसके एक AI मॉडल ने 80 साल पुरानी मशहूर गणित की समस्या को अपने दम पर हल कर लिया है. यह उपलब्धि AI की सोचने और जटिल समस्याओं को समझने की क्षमता में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. खास बात यह है कि इस समस्या को हल करने के लिए AI को इंसानों की स्टेप-बाय-स्टेप मदद नहीं दी गई, बल्कि उसने खुद तर्क लगाकर समाधान निकाला.
क्या थी यह 80 साल पुरानी गणित की समस्या?
यह समस्या 'Planar Unit Distance Problem' कहलाती है, जिसे प्रसिद्ध गणितज्ञ Paul Erdős ने साल 1946 में सामने रखा था. सुनने में यह नाम कठिन लगता है, लेकिन इसका मूल सवाल काफी आसान है. अगर किसी सपाट सतह पर कई बिंदु (points) रखे जाएं, तो उनमें से कितने जोड़े ऐसे हो सकते हैं जिनके बीच की दूरी बिल्कुल एक यूनिट हो.
कई दशकों तक गणितज्ञों का मानना था कि इस समस्या का सबसे अच्छा समाधान चौकोर ग्रिड (square grid) जैसी संरचना में मिलता है. शोधकर्ता इस सिद्धांत को और बेहतर बनाने में लगे रहे, लेकिन कोई भी इस पुराने अनुमान को पूरी तरह गलत साबित नहीं कर पाया.
क्या ऐसा दिखेगा नया iPhone? iPhone 18 Pro के डिजाइन और रंगों ने उड़ाए सबके होश
OpenAI की AI ने क्या नया किया?
OpenAI के अनुसार, उसके AI मॉडल ने इस पुराने सिद्धांत को चुनौती देते हुए एक नई गणितीय संरचना खोजी है. AI ने बिंदुओं को व्यवस्थित करने का ऐसा तरीका निकाला, जो पारंपरिक ग्रिड जैसी संरचना से ज्यादा बेहतर है.
सरल भाषा में कहें तो AI ने यह दिखाया कि इंसान जिन तरीकों को दशकों तक सबसे सही मानते रहे, उनसे भी ज्यादा स्मार्ट और कुशल तरीका मौजूद हो सकता है. यह केवल एक हल नहीं, बल्कि गणितीय सोच के नए रास्ते खोलने वाली खोज मानी जा रही है.
यह उपलब्धि इतनी खास क्यों मानी जा रही है?
इस उपलब्धि को खास बनाने वाली बात सिर्फ समाधान नहीं है, बल्कि यह है कि इसे कैसे हासिल किया गया. OpenAI का कहना है कि यह AI मॉडल सिर्फ गणित की समस्याएं हल करने के लिए नहीं बनाया गया था. यह एक जनरल-पर्पज रीजनिंग मॉडल है, जो लंबे और जटिल तर्कों की कड़ियों को समझ सकता है.
AI ने खुद इस समस्या पर काम किया, संभावनाओं को परखा और समाधान निकाला. बाद में बाहरी गणितज्ञों ने इसके प्रमाण (proof) की जांच की और परिणाम को सही पाया. यह पहली बार है जब किसी AI सिस्टम ने अपने दम पर गणित के किसी बड़े और सक्रिय शोध क्षेत्र की महत्वपूर्ण खुली समस्या हल की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं